भारत में चार और लोग मिले कोरोना के नए स्ट्रेन से संक्रमित, कुल संख्या 29 हुई
क्या है खबर?
भारत में कोरोना के नए स्ट्रेन का खतरा बढ़ता जा रहा है। सरकार की ओर एहतियाती कदम उठाए जाने के बाद भी देश में नए स्ट्रेन से संक्रमितों के मिलने का सिलसिला नहीं थम रहा।
शुक्रवार को भी देश में नए स्ट्रेन से संक्रमण के चार नए मामले सामने आए हैं। इसी के साथ नए स्ट्रेन के कुल मामलों की संख्या 29 हो गई है।
इन सभी मरीजों को अलग जगह पर आइसोलेट कर कड़ी नजर रखी जा रही है।
प्रकरण
UK में मिला था कोरोना वायरस का नया स्ट्रेन
गत दिनों UK में कोरोना के नए स्ट्रेन की पुष्टि हुई थी। इसके कारण लोगों में काफी तेजी से संक्रमण फैल रहा है। इस स्ट्रेन ने पूरी दुनिया को चिंतित कर दिया है।
UK के चिकित्सा अधिकारियों का कहना है कि वायरस का नया स्ट्रेन पहले की तुलना में 70 प्रतिशत से अधिक संक्रामक है।
विशेषज्ञों का तर्क है कि नए स्ट्रेन की पूरी जानकारी हासिल करने के लिए अभी इस पर और अधिक अध्ययन किए जाने की आवश्यकता है।
पुष्टि
NIMHANS बेंगलुरु में सबसे अधिक लोगों के पुष्टि
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार देश में मंगलवार और बुधवार को 20 लोगों को कोरोना के नए स्ट्रेन से संक्रमित पाया गया था। इसके बाद गुरुवार को पांच और शुक्रवार को चार लोगों में नया स्ट्रेन पाया गया है।
मंत्रालय के अनुसार संक्रमित पाए गए 29 लोगों में से सबसे ज्यादा 10 के NIMHANS बेंगलुरू, आठ के NCDC दिल्ली, पांच के NIV पुणे, दो के IGIB दिल्ली, तीन के CCMB हैदराबाद और एक के NIBMG कल्याणी में पुष्टि हुई है।
रोक
7 जनवरी तक बढ़ा दी गई है UK से आने वाली उड़ानों पर रोक
गौरतलब है कि नए स्ट्रेन को अपने यहां फैलने से रोकने के लिए कल ही भारत ने UK से आने-जाने वाली उड़ानों पर लगी रोक को 7 जनवरी तक बढ़ा दिया था।
केंद्र सरकार ने पहले 21 दिसंबर को UK से आने वाली उड़ानों पर 23 दिसंबर से 31 दिसंबर तक के लिए रोक लगाई थी और अब इसे बढ़ा दिया गया है। इसके बाद हालातों को देखते हुए उड़ानों को बहाल किया जा सकता है।
सावधानी
UK से लौटे यात्रियों पर रखी जा रही है नजर
इसके अलावा भारत सरकार ने हालिया समय में UK से आने वाले यात्रियों के लिए नई मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) जारी की है।
इसके तहत पिछले चार हफ्तों में UK से भारत आने वाले लोगों पर नजर भी रखी जा रही है और और कोई भी लक्षण दिखने पर उनका तुरंत RT-PCR टेस्ट किया जाएगा।
NDTV की रिपोर्ट के अनुसार, 25 नवंबर और 23 दिसंबर के बीच लगभग 33,000 लोग UK से भारत आए और इन सभी पर नजर है।
जानकारी
UK से लौटे यात्रियों का कराया जा रहा है जीनोम अनुक्रमण
बता दें भारत सरकार ने UK से भारत लौटे सभी संक्रमित और संभावित लक्षण वाले सभी यात्रियों का जीनोम अनुक्रमण कराने का निर्णय किया है। इससे इन लोगों के वायरस के नए स्ट्रेन के संपर्क में आने का आसानी से पता चल पा रहा है।
प्रसार
इन देशों में भी आ चुके हैं नए स्ट्रेन के मामले
भारत से पहले कई अन्य देशों में भी नए स्ट्रेन से संक्रमण के मामले सामने आ चुके हैं और इनमें ज्यादातर यूरोपीय देश हैं। फ्रांस, डेनमार्क, स्पेन, स्वीडन, नीदरलैंड्स, जर्मनी और इटली में नए स्ट्रेन के मामले पकड़ में आए हैं।
वहीं यूरोप से बाहर जापान, ऑस्ट्रेलिया, लेबनान, कनाडा, अमेरिका और दक्षिण अफ्रीक में नए स्ट्रेन के मामले सामने आए हैं। जीनोम सीक्वेंसिंग करने पर अन्य देशों में भी इसके मामले सामने आने की आशंका जताई जा रही है।