
भारत ने पाकिस्तान से सभी तरह का आयात रोका, पाकिस्तानी जहाजों के प्रवेश पर भी रोक
क्या है खबर?
पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान से सभी तरह के आयात पर रोक लगा दी है। भारत ने पाकिस्तान से सभी तरह के प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष आयात को तत्काल प्रभाव से बंद कर दिया है।
इस संबंध में जारी अधिसूचना में कहा गया है, "अगले आदेश तक तत्काल प्रभाव से पाकिस्तान से आने वाले या निर्यात किए जाने वाले सभी सामानों के प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष आयात या पारगमन पर प्रतिबंध लगाया जाएगा।"
आदेश
आदेश में क्या कहा गया है?
विदेश व्यापार महानिदेशालय (DGFT) ने इस अधिसूचना में स्पष्ट किया कि यह निर्णय राष्ट्रीय सुरक्षा और सार्वजनिक नीति के हित में लिया गया है। इसे विदेश व्यापार नीति (FTP) में जोड़ा गया नया खंड 'पाकिस्तान से आयात पर प्रतिबंध' के अंतर्गत दर्शाया गया है।
यह प्रतिबंध विदेश व्यापार नीति- 2023 में नए प्रावधान के रूप में जोड़ा गया है।
आदेश में कहा गया है कि प्रतिबंध में कोई छूट केवल भारत सरकार की विशेष स्वीकृति के बाद ही दी जाएगी।
जहाज
भारतीय बंदरगाहों पर पाकिस्तानी जहाजों का प्रवेश बंद
भारत ने एक और बड़े कदम में पाकिस्तानी जहाजों के भारतीय बंदरगाहों में प्रवेश पर रोक लगा दी है।
पत्तन, पोत परिवहन एवं जलमार्ग मंत्रालय ने कहा कि पाकिस्तानी झंडे वाले जहाजों के भारतीय बंदरगाहों और भारतीय झंडे वाले जहाजों के पाकिस्तानी बंदरगाहों पर जाने पर रोक लगाई है।
आदेश में कहा गया है, "इसका उद्देश्य राष्ट्रीय हितों की पूर्ति के लिए सर्वोत्तम तरीके से भारतीय व्यापारिक नौवहन के विकास को बढ़ावा देना और उसका कुशल रखरखाव सुनिश्चित करना है।"
डाक
पाकिस्तान से डाक और पार्सल सेवा भी बंद की गई
भारत ने पाकिस्तान से आने वाली सभी प्रकार की डाक और पार्सल सेवाओं को भी तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
यह फैसला हवाई और जमीनी मार्गों से होने वाले सभी मेल और पार्सल की आवाजाही पर लागू होगा।
बता दें कि भारत और पाकिस्तान के बीच डाक सेवाएं पहले ही सीमित स्तर पर चल रही थीं। जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाए जाने के बाद पाकिस्तान ने अस्थायी रूप से डाक सेवाएं बंद कर दी थीं।
व्यापार
पाकिस्तान से क्या-क्या आयात करता है भारत?
भारत पाकिस्तान से मुख्य तौर पर फार्मा उत्पाद, फल और तिलहन जैसे सामान आयात करता हैं। हालांकि, ये बेहद कम तादाद में होता है।
2019 के पुलवामा हमले के बाद से इसमें काफी गिरावट आई थी, जब भारत ने पाकिस्तानी उत्पादों पर 200 प्रतिशत आयात शुल्क लगाया था।
उसके बाद से आयात लगभग बंद ही हो गया था। रिपोर्ट के अनुसार, 2024-25 में भारत के कुल आयात में पाकिस्तान का हिस्सा 0.0001 प्रतिशत से भी कम था।
आंकड़े
भारत और पाकिस्तान के बीच कितना व्यापार होता है?
हालिया सालों में बिगड़ते संबंधों के कारण भारत-पाकिस्तान के बीच व्यापार में भारी कमी आई है।
वाणिज्य मंत्रालय के अनुसार, अप्रैल 2024 और जनवरी 2025 के बीच भारत ने पाकिस्तान से सिर्फ 3.55 करोड़ रुपये का सामान आयात किया है। ये पिछले साल इसी अवधि में आयात किए गए 24.18 करोड़ से काफी कम है।
इसी अवधि में पाकिस्तान को भारत का निर्यात भी 9,000 करोड़ रुपये से घटकर 3,700 करोड़ रुपये हो गया है।
अन्य कदम
भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ ये कदम भी उठाए
पहलगाम हमले के बाद भारत ने सिंधु जल संधि को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने, नई दिल्ली स्थित पाकिस्तानी उच्चायोग के रक्षा सलाहकारों को देश छोड़ने और इस्लामाबाद स्थित भारतीय उच्चायोग में अपने कर्मचारियों की संख्या घटाने का निर्णय लिया है।
इसके अलावा पाकिस्तानी नागरिकों को जारी सभी वीजा रद्द करने और वाघा सीमा को बंद कर दिया गया है।
भारत ने कई पाकिस्तानी शख्सियतों के सोशल मीडिया अकाउंट पर भी प्रतिबंध लगाया है।