LOADING...
पहलगाम हमला: जेल में बंद 2 लश्कर आतंकियों से पूछताछ, पाकिस्तानी ने फिर किया सीजफायर उल्लंघन
पहलगाम हमले को लेकर NIA ने लश्कर के आतंकियों से पूछताछ की है

पहलगाम हमला: जेल में बंद 2 लश्कर आतंकियों से पूछताछ, पाकिस्तानी ने फिर किया सीजफायर उल्लंघन

लेखन आबिद खान
May 03, 2025
01:48 pm

क्या है खबर?

पहलगाम आतंकी हमले की जांच कर रही राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने जम्मू की जेल में बंद लश्कर-ए-तैयबा के 2 आतंकियों से पूछताछ की है। ये दोनों आतंकी 2023 में राजौरी हमले में भूमिका के चलते जेल में बंद हैं, जिसमें 2 बच्चों समेत 7 लोगों की मौत हो गई थी। वहीं, नियंत्रण रेखा (LoC) पर पाकिस्तान अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा है। पाकिस्तान की ओर से लगातार 9वें दिन सीजफायर का उल्लंघन किया गया है।

रिपोर्ट

लश्कर के 2 आतंकियों से NIA ने किए सवाल-जवाब

रिपोर्ट्स के मुताबिक, NIA ने जम्मू की कोट भलवाल जेल में बंद 2 आतंकवादियों- निसार अहमद उर्फ हाजी निसार और मुश्ताक हुसैन उर्फ चाचा से पूछताछ की है। दरअसल, पहलगाम हमले की जिम्मेदारी लश्कर से जुड़े आतंकवादी संगठन द रेजिस्टेंस फ्रंट ने ली है। इसी सिलसिले में ये पूछताछ की गई है। ये दोनों जनवरी, 2023 में राजौरी जिले के डांगरी गांव में हुए आतंकी हमले में शामिल थे, जिसमें IED धमाका भी हुआ था।

गोलीबारी

पाकिस्तानी गोलीबारी का भारतीय सेना ने दिया जवाब

पाकिस्तानी सेना ने शुक्रवार को लगातार 9वीं बार LoC पर भारतीय चौकियों पर बिना उकसावे के छोटे हथियारों से गोलीबारी की। रक्षा मंत्रालय ने एक बयान में कहा, "2 और 3 मई की रात को पाकिस्तानी सेना ने केंद्र शासित प्रदेश जम्मू और कश्मीर के कुपवाड़ा, उरी और अखनूर इलाकों के सामने नियंत्रण रेखा पर बिना उकसावे के छोटे हथियारों से गोलीबारी की। भारतीय सेना ने वास्तविक सीमा पर गोलीबारी का 'तुरंत और आनुपातिक रूप से' जवाब दिया।"

आयात

भारत ने पाकिस्तान से आयात बंद किया, जहाजों के प्रवेश पर भी रोक

पाकिस्तान के खिलाफ भारत ने आज 2 बड़े कदम उठाए हैं। भारत ने पाकिस्तान से सभी आयात पर तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध लगा दिया है। भारत सरकार की अनुमति के बिना अब पाकिस्तान से किसी भी सामान का आयात नहीं हो सकेगा। भारत ने पाकिस्तानी जहाजों के भारतीय बंदरगाहों में प्रवेश करने पर भी रोक लगा दी है। इसी तरह भारतीय जहाज भी अब पाकिस्तानी बंदरगाहों पर नहीं जा सकेंगे।

बयान

पाकिस्तानी रक्षा मंत्री बोले- पानी रोका तो हमला करेंगे

पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने कहा कि सिंधु नदी संधि के तहत देश के हिस्से के पानी को मोड़ने के लिए भारत द्वारा बनाए गए किसी भी ढांचे को नष्ट कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा, "यह पाकिस्तान के खिलाफ आक्रामकता होगी। अगर भारत ने इस तरह का कोई प्रयास भी किया तो पाकिस्तान उस संरचना को नष्ट कर देगा।" आसिफ इससे पहले भी विवादित बयान दे चुके हैं।

हमला

पहलगाम हमले में मारे गए थे 26 लोग

22 अप्रैल को पहलगाम की बैसरन घाटी में 4 आतंकवादियों ने गोलीबारी की। यह हमला उस समय हुआ जब पर्यटक खच्चर की सवारी का आनंद ले रहे थे। इस हमले में 26 पर्यटकों की मौत हो गई। इस हमले से पूरा देश स्तब्ध है तथा भारत और विदेशों में इसकी कड़ी निंदा की है। यह देश में पिछले 2 दशकों में हुए सबसे घातक नागरिक हमलों में से एक है। सुरक्षा बल आतंकियों की तलाश में जुटे हैं।