नरेंद्र मोदी के शपथ ग्रहण समारोह में कैसी होगी सुरक्षा और कौन-कौन होगा शामिल?
क्या है खबर?
नरेंद्र मोदी रविवार को लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ लेंगे। इसके साथ उनके मंत्रिमंडल के सदस्यों को भी शपथ दिलाई जाएगी।
इसको लेकर राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में कड़ी सुरक्षा के बीच कार्यक्रम की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं।
दिल्ली और उसके आस-पास के इलाकों में सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त किए गए हैं। इसमें धारा-144 लागू करने और नो फ्लाइंग जोन घोषित करने जैसे कदम भी उठाए गए हैं।
आइए इस पूरी खबर को विस्तार से जानते हैं।
सुरक्षा
सुरक्षा व्यवस्था में तैनात होंगे 2,500 से अधिक पुलिसकर्मी और जवान
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू शाम 7:30 बजे राष्ट्रपति भवन में नरेंद्र मोदी और उनके मंत्रिपरिषद के सदस्यों को शपथ दिलाएंगी।
इस कार्यक्रम के लिए अर्धसैनिक बलों की 5 कंपनियों और दिल्ली सशस्त्र पुलिस (DAP) जवानों सहित लगभग 2,500 पुलिसकर्मियों को तैयान किया जाएगा।
इसी तरह पुलिस ने पैराग्लाइडर, माइक्रो लाइट विमान और डॉट एयर बैलून के संचालन पर भी रोक लगा दी है।
इसी तरह राष्ट्रपति भवन और आस-पास NSG कमांडो, ड्रोन और स्नाइपर्स भी तैनात किए गए हैं।
जानकारी
साप्ताहिक चेंज ऑफ गार्ड समारोह रद्द किया
राष्ट्रपति भवन में होने वाले शपथ ग्रहण समारोह और दोनों सदनों को संबोधित करने की तैयारियों को लेकर 8, 15 और 22 जून को होने वाले साप्ताहिक चेंज ऑफ गार्ड समारोह को भी रद्द कर दिया है। वहां समारोह के अलावा अन्य गतिविधि नहीं होगी।
मेहमान
समारोह में शामिल होंगे ये विदेशी मेहमान
शपथ ग्रहण समारोह के लिए भारत के 7 पड़ोसी देशों के राष्ट्राध्यक्षों को आमंत्रति किया गया है।
इनमें बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना, मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू, श्रीलंका के राष्ट्रपति रानिल विक्रमसिंघे, सशेल्स के उपराष्ट्रपति अहमद अफीफ, मॉरीशस प्रधानमंत्री प्रविंद कुमार जगन्नाथ, नेपाल प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहल और भूटान के प्रधानमंत्री शेरिंग तोबगे शामिल हैं।
इन सभी को भारत की 'पड़ोसी फर्स्ट' नीति के तहत आमंत्रित किया गया है। इन सभी के आवागमन का मार्ग निर्धारित हो चुका है।
तैयारी
कड़ी सुरक्षा के बीच होटल और राष्ट्रपति भवन
7 दशों के राष्ट्राध्यक्षों के कार्यक्रम में शामिल होने को लेकर पुलिस ने उनकी सुरक्षा के लिए उनके ठहरने के लिए बुक की गई लीला, ताज, ITC मौर्य, क्लेरिजेस और ओबेरॉय जैसी होटलों को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया है।
राष्ट्रपति भवन परिसर के अंदर और बाहर तीन स्तरीय सुरक्षा बंदोबस्त कए गए हैं। बाहरी घेरे में दिल्ली पुलिस के जवान तैनात होंगे, उसके बाद अर्धसैनिक बल के जवान और आंतरिक रिंग पर राष्ट्रपति भवन की आंतरिक सुरक्षा होगी।
जानकारी
इन्हें भी किया गया है आमंत्रित
समारोह में 7 देशों के राष्ट्राध्यक्षों के अलावा 9,000 अन्य अतिथियों को भी आमंत्रित किया गया है। इनमें एशिया की पहली लोको पायलट सुरेखा यादव और वंदे भारत एक्सप्रेस जैसी विभिन्न ट्रेनों का संचालन करने वाली वरिष्ठ सहायक लोको पायलट ऐश्वर्या एस मेनन शामिल हैं।
यातायात
समारोह को लेकर कैसी रहेगी दिल्ली की यातायात व्यवस्था?
समारोह को लेकर यातायात व्यवस्था में भी बदलाव किया गया है।
मध्य दिल्ली की ओर जाने वाले कई मार्ग रविवार को बंद रह सकते हैं या फिर उनके कुछ बदलाव किया जा सकता है।
शनिवार से ही राष्ट्रीय राजधानी की सीमा पर सघन जांच शुरू कर दी जाएगी। सभी होटलों के दो कमरों में नियंत्रण कक्ष स्थापित किए जाएंगे।
समारोह के दौरान मॉल, बाजारों, स्मारकों और पूजा स्थलों पर भारी सुरक्षा बल तैनात किया जाएगा।
योजना
शपथ ग्रहण समारोह के बाद काशी विश्वनाथ मंदिर जाएंगे मोदी
शपथ लेने के बाद प्रधानमंत्री मोदी के 10 या 11 जून को काशी जाने की योजना है। वह वहां पर बाबा विश्वनाथ का दर्शन कर विशेष पूजा-अर्चना करेंगे।
इसके अलावा उनके गंगा आरती में भी शामिल होने की संभावना है।
इसी तरह वह शपथ ग्रहण समारोह से पहले महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि देने के लिए शनिवार को राजघाट जाएंगे।
शपथ ग्रहण समारोह के बाद भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा के आवास पर रात्रिभोज का कार्यक्रम भी होगा।