Page Loader
हिमाचल प्रदेश में बारिश और भूस्खलन से तबाही; 62 की मौत, 400 करोड़ की संपत्ति नष्ट
हिमाचल प्रदेश में बारिश की वजह से जनजीवन अस्त-व्यस्त (फाइल तस्वीर)

हिमाचल प्रदेश में बारिश और भूस्खलन से तबाही; 62 की मौत, 400 करोड़ की संपत्ति नष्ट

लेखन गजेंद्र
Jul 04, 2025
09:58 am

क्या है खबर?

हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही बारिश ने तबाही मचा दी है। अब तक बाढ़ और भूस्खलन की चपेट में आकर 62 लोगों की जान जा चुकी है और 56 लोग लापता हैं। हिमाचल प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने आकलन किया है कि बारिश से 400 करोड़ से ज्यादा की संपत्ति का नुकसान हुआ है। मृतकों की संख्या भी बढ़ सकती है। पहाड़ी राज्य में 7 जुलाई तक भारी बारिश को लेकर चेतावनी जारी है।

बारिश

250 से ज्यादा सड़कें बंद

प्रदेश सरकार की ओर से बताया गया कि 20 जून से हिमाचल के अलग-अलग क्षेत्रों में लगातार बारिश हो रही है, जिससे जनजीवन के लिए संकट पैदा हुआ है। अभी तक बारिश, बाढ़ और भूस्खलन से राज्य भर में 250 से ज्यादा सड़कें बंद हो गई हैं, 500 से ज्यादा ट्रांसफॉर्मर काम नहीं कर रहे और 700 पेयजल योजनाएं प्रभावित हुई हैं। सबसे अधिक नुकसान मंडी क्षेत्र को हुआ है, जहां का थुनाग उपमंडल गंभीर रूप से प्रभावित है।

नुकसान

अकेले मंडी में 40 लोग लापता

राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण और राजस्व विभाग के विशेष सचिव डीसी राणा ने बताया कि शासन ने अभी तक 400 करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान दर्ज किया है, लेकिन वास्तविक नुकसान इससे कहीं अधिक होने की संभावना है। उन्होंने बताया कि इस समय सरकार का प्राथमिक ध्यान खोज, बचाव और बहाली पर है, अकेले मंडी में 40 से अधिक लोग लापता हैं। यहां का एक गांव तबाह हो गया है। राहत शिविरों में भारतीय वायुसेना मदद कर रही है।

ट्विटर पोस्ट

मंडी के उपमंडल में तबाही का दृश्य

चेतावनी

हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भारी बारिश की चेतावनी

भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अगले कुछ दिनों तक हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भारी बारिश की चेतावनी दी है। हिमाचल में शिमला, सोलन, सिरमौर, ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा, चंबा और मंडी में 5 जुलाई से 9 जुलाई तक येलो-ऑरेंज अलर्ट जारी है। उत्तराखंड में चार धाम मार्ग पर बारिश के कारण भूस्खलन की खबरें आई थी, जिससे यात्रा बाधित हुई और कुछ समय के लिए स्थगित कर दिया गया। पिथौरागढ़ और बागेश्वर में बारिश की संभावना है।