Page Loader
वैक्सीनेशन अभियान: देश में अब 24 घंटे वैक्सीन लगवा सकेंगे लोग

वैक्सीनेशन अभियान: देश में अब 24 घंटे वैक्सीन लगवा सकेंगे लोग

Mar 03, 2021
05:36 pm

क्या है खबर?

कोरोना महामारी के जारी जंग अहम पड़ाव में चल रही है। वैक्सीनेशन अभियान का दूसरा चरण 1 मार्च से शुरू हो गया है। इसमें शुरुआत में 60 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों और गंभीर बीमारियों से ग्रसित 45 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों को वैक्सीन लगाई जा रही है। इसी बीच सरकार ने वैक्सीनेशन में लोगों की भागीदारी बढ़ाने के लिए समय की पाबंदी खत्म कर दी है। अब लोग निजी अस्पतालों में 24x7 वैक्सीन लगवा सकते हैं।

शुरुआत

देश में 16 जनवरी से हुई वैक्सीनेशन अभियान की शुरुआत

बता दें कि देश में 16 जनवरी से सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (SII) 'कोविशील्ड' और भारत बायोटेक की 'कोवैक्सिन' के साथ वैक्सीनेशन अभियान की शुरुआत की थी। इसमें स्वास्थ्यकर्मी और फ्रंटलाइन कार्यकर्ताओं को वैक्सीन लगाई जा रही थी। इसके बाद सरकार ने 1 मार्च से दूसरा चरण शुरू कर दिया है। वैक्सीनेशन अभियान के तहत अब तक 1,56,20,749 लोगों को खुराक लगाई जा चुकी हैं। मंगलवार को 7,68,730 लोगों को वैक्सीन लगाई गई।

ट्वीट

निजी अस्पतालों में कभी भी लगवाई जा सकेगी वैक्सीन- स्वास्थ्य मंत्री

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ हर्षवर्धन ने समय की पाबंदी हटाए जाने को लेकर ट्वीट कर जानकारी दी है। उन्होंने ट्वीट किया, 'सरकार ने वैक्सीनेशन की को गति बढ़ाने के लिए समय की बाध्यता को समाप्त कर दिया है। देश के नागरिक अब निजी अस्पतालों में अपनी सुविधानुसार 24x7 (सप्ताह के सातों दिन कभी भी) वैक्सीन लगवा सकते हैं।' उन्होंने आगे लिखा, 'प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लोगों के स्वास्थ्य के साथ-साथ उनके समय की कीमत भी बखूबी समझते हैं।'

जानकारी

सरकारी अस्पतालों में लगाई जा सकती है 24x7 वैक्सीन

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि सरकारी अस्पतालों में भी 24x7 वैक्सीन लगाने की छूट दी जा सकती है। इसका निर्णय लेने की छूट राज्य सरकारों को दी गई है। देश की सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को पांच करोड़ खुराकें भेजी जा चुकी हैं।

समय

समय की पाबंदी के चलते लोगों को करना पड़ रहा था इंतजार

अब तक देश के वैक्सीनेशन सेंटरों पर वैक्सीन लगाने का समय सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे के लिए निर्धारित कर रखा था। शाम 5 बजे बाद लोगों को वैक्सीन लगवाने के लिए सुबह तक का इंतजार करना पड़ रहा था। इससे उन्हें खासी परेशानी हो रही थी। इसको देखते हुए सरकार ने दूसरे चरण में निजी अस्पतालों को भी शामिल करते हुए लोगों को राहत पहुंचाने का प्रयास किया है। इससे लोग कभी भी वैक्सीन लगवा सकते हैं।

अनुमति

सभी निजी अस्पतालों को मिली वैक्सीन लगाने की अनुमति

केंद्र सरकार ने सभी निजी अस्पतालों में वैक्‍सीन उपलब्‍ध कराने की अनुमति दे दी है। पहले यह नियम था कि आयुष्‍मान भारत, CGHS या राज्‍य सरकार की योजनाओं में शामिल निजी अस्‍पतालों में ही वैक्सीन लगाई जा सकेगी, लेकिन अब कहा गया है कि जिन निजी अस्पतालों में तय मानदंडों का पालन किया जा रहा है। ऐसे में उन्हें वैक्सीन उपलब्ध करा दी जाए। इससे अब लोगों को वैक्सीन लगवाने में ज्यादा आसानी होगी।

वैक्सीन

दूसरे चरण में राष्ट्रपति ने लगवाई पहली खुराक

बता दें कि देश में वैक्सीनेशन का दूसरा चरण शुरू होने के बाद राजनेताओं में वैक्सीन लगवाने की होड़ मच गई है। सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, ओडिशा मुख्यमंत्री नवीन पटनायक, विदेश मंत्री एस जयशंकर, केंद्रीय मंत्री डॉ जीतेंद्र सिंह और राजस्थान के राज्यपाल कलराज मिश्र ने वैक्सीन लगवाई थी। इसी तरह बुधवार को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने भी पहली खुराक लगवा ली है।