Page Loader
दिल्ली में G-20 शिखर सम्मेलन के दौरान कैसी रहेगी ट्रैफिक व्यवस्था?
दिल्ली में G-20 शिखर सम्मेलन को लेकर ट्रैफिक व्यवस्था में किए गए अहम बदलाव

दिल्ली में G-20 शिखर सम्मेलन के दौरान कैसी रहेगी ट्रैफिक व्यवस्था?

Sep 02, 2023
01:42 pm

क्या है खबर?

दिल्ली पुलिस ने G-20 शिखर सम्मेलन के मद्देनजर ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर एडवाइजरी जारी की है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने कहा है कि 7 सितंबर से लेकर 11 सितंबर तक नई दिल्ली और उसके आसपास के क्षेत्र में यातायात नियमों में काफी बदलाव किए गए हैं, जिसके लिए लोगों को विभिन्न माध्यमों से सूचित किया जा रहा है। गौरतलब है कि G-20 शिखर सम्मेलन का आयोजन प्रगति मैदान के भारत मंडपम में 9 सितंबर और 10 सितंबर को होगा।

परिवहन 

सिटी बसों के रूट में किया गया बदलाव

दिल्ली पुलिस ने कहा कि दिल्ली में रेलवे, बस और टैक्सी सेवा ​​हमेशा की तरह चालू रहेंगी। हालांकि, अंतरराज्यीय और सिटी बसों के रूट में बदलाव किया गया है। अंतरराज्यीय बसों को दिल्ली में प्रवेश करने की अनुमति दी जाएगी, लेकिन इन्हें रिंग रोड के पास रोक दिया जाएगा। सिटी बसें रिंग रोड और रिंग रोड से आगे दिल्ली की सीमाओं पर चलेंगी। हालांकि, नई दिल्ली क्षेत्र में सिटी बस सेवा उपलब्ध नहीं होगी।

सलाह 

दिल्ली मेट्रो यथावत रूप से चलेगी 

दिल्ली पुलिस ने लोगों को असुविधा से बचने के लिए दिल्ली मेट्रो की सेवाओं का अधिकतम उपयोग करने की सलाह दी है। पुलिस ने कहा कि लोगों को विभिन्न यातायात प्रतिबंधों के चलते परेशानी हो सकती है, लेकिन मेट्रो सेवा यथावत रूप से चलेंगी। हालांकि, सुप्रीम कोर्ट मेट्रो स्टेशन पर 9 सितंबर को सुबह 5 बजे से 10 सितंबर को रात 11 बजे तक यात्रियों को चढ़ने और उतरने की अनुमति नहीं होगी।

यातायात 

किन सड़कों पर हो सकती है जाम की स्थिति?

प्रतिबंधों के कारण दिल्ली की कई सड़कों पर जाम होने की संभावना हो सकती है। उनमें सरदार पटेल मार्ग, पंचशील मार्ग, 11 मूर्ति, तीन मूर्ति गोलचक्कर, बाराखंभा रोड, जनपथ, कर्तव्य पथ, विवेकानंद मार्ग, लोधी रोड फ्लाईओवर के पास, जोसेफ टीटो मार्ग, प्रेस एन्क्लेव रोड, लाल बहादुर शास्त्री मार्ग, सी-हेक्सागोन, मथुरा रोड और सलीमगढ़ बाईपास शामिल हैं। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों को अपनी यात्रा को इसी हिसाब से योजना बनाने के लिए कहा है।

यातायात 

विभिन्न तकनीकों से किया जाएगा यातायात प्रबंधन 

दिल्ली पुलिस ने आगे कहा है कि G-20 शिखर सम्मेलन के दौरान पूरी राष्ट्रीय राजधानी के यातायात का प्रभावी ढंग से प्रबंधन करने के लिए दौरान उन्नत यातायात नियंत्रण उपायों और तकनीकों को तैनात किया जाएगा। इनमें सुचारू प्रवाह सुनिश्चित करने और भीड़भाड़ को कम करने के लिए स्मार्ट ट्रैफिक सिग्नल, मोबाइल ऐप के माध्यम से वास्तविक समय में ट्रैफिक अपडेट और ट्रैफिक निगरानी प्रणाली शामिल किए जा सकते हैं।

रिहर्सल 

दिल्ली पुलिस कर रही है रिहर्सल

दिल्ली पुलिस शनिवार और रविवार को G-20 शिखर सम्मेलन के चलते रिहर्सल कर रही है। शनिवार को तीन पालियों- सुबह 8.30 बजे से दोपहर 12 बजे तक, शाम 4.30 बजे से शाम 6 बजे तक और शाम 7 बजे से रात 11 बजे तक रिहर्सल होगी। रविवार का रिहर्सल कार्यक्रम भी तीन पालियों में होगा, जिसमें सुबह 8 से 9 बजे के बीच, 9.30 से 10.30 बजे और दोपहर 12.30 से शाम 4 बजे के बीच का समय शामिल है।

सम्मेलन 

न्यूजबाइट्स प्लस (जानकारी)

G-20 एक प्रमुख अंतरराष्ट्रीय संगठन है, जिसके 20 सदस्य हैं। इसकी शुरुआत 1999 के एशियाई वित्तीय संकट के बाद हुई थी और इसे वित्त मंत्रियों और केंद्रीय बैंकों के गवर्नरों के बीच वैश्विक आर्थिक और वित्तीय मुद्दों की चर्चा के लिए एक मंच के तौर पर शुरू किया गया था। इसके सदस्य देशों में अर्जेंटीना, ऑस्ट्रेलिया, ब्राजील, कनाडा, चीन, फ्रांस, जर्मनी, भारत, इंडोनेशिया, इटली, जापान, मेक्सिको, रूस, सऊदी अरब, दक्षिण अफ्रीका, दक्षिण कोरिया, तुर्की, यूनाइटेड किंगडम और अमेरिका शामिल है।