Page Loader
दिल्ली: आरके पुरम में 2 बहनों की गोली मारकर हत्या, भाई को मारने आए थे हमलावर 
दिल्ली के आरके पुरम में आज सुबह 2 महिलाओं की गोली मारकर हत्या कर दी गई

दिल्ली: आरके पुरम में 2 बहनों की गोली मारकर हत्या, भाई को मारने आए थे हमलावर 

लेखन आबिद खान
Jun 18, 2023
11:39 am

क्या है खबर?

दिल्ली के आरके पुरम में रविवार सुबह अज्ञात हमलावरों ने 2 बहनों की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना आरके पुरम की झुग्गी बस्ती अंबेडकर बस्ती में हुई। बताया जा रहा है कि हमलावर मृतक महिलाओं के भाई को मारने आए थे, लेकिन दोनों बहनों को गोली मार दी। वारदात के बाद दोनों महिलाओं को अस्पताल ले जाया गया, जहां दोनों की मौत हो गई। पुलिस ने 3 लोगों को हिरासत में लिया है।

घटनाक्रम

कैसे हुआ पूरा घटनाक्रम?

महिलाओं के भाई ललित ने बताया कि रात में उसकी मौसी के घर पर कुछ लोग पहुंचे और दरवाजा तोड़कर घर में घुसने की कोशिश की। ललित के मुताबिक, "कुछ देर बाद सभी लोग मेरे घर पर पहुंचे और घर में घुसने की कोशिश की। मोहल्ले के लोग इकट्ठा हुए तो सब वापस लौट गए। रात 3.30 बजे फिर हमलावर आए और हमला कर दिया। इस दौरान बीच-बचाव करने आई बहनों को गोली लग गई।"

विवाद

पैसे के लेन-देन को लेकर था विवाद

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, हमलावरों का मृतक बहनों के भाई के साथ पैसों के लेकर विवाद चल रहा था। इसी के चलते हमलावर आज सुबह भाई को मारने आए थे, लेकिन बहनों को गोली मार दी। मृतक महिलाओं की पहचान पिंकी (उम्र 30 साल) और ज्योति (उम्र 29 साल) के तौर पर हुई है। इस पूरी वारदात का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें हमलावर फायरिंग करते नजर आ रहे हैं और घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल है।

जांच

पुलिस जांच में जुटी

दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के पुलिस उपायुक्त मनोज सी ने बताया, "सुबह 4:40 पर पुलिस को इस मामले की सूचना मिली थी। कॉल करने वाली युवती ने पुलिस को बताया था कि कुछ अज्ञात लोगों ने गोली चलाई है, जिसमें उनकी बहनों को गोली लगी है। मौके पर दिल्ली पुलिस और PCR की टीम पहुंची। शुरुआती जांच में पुलिस को पता चला कि यह वारदात पैसे के लेन-देन को लेकर हुई है। आगे की पूछताछ और छानबीन पुलिस टीमें कर रही है।"

केजरीवाल

केजरीवाल ने केंद्र पर साधा निशाना

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने घटना पर दुख जताते हुए कहा कि महिलाओं के परिवारों के साथ उनकी संवेदनाएं हैं और भगवान उनकी आत्मा को शांति दे। उन्होंने कहा, "जिन्हें कानून व्यवस्था संभालनी है, वो कानून व्यवस्था ठीक करने के बजाय पूरी सरकार पर कब्जा करने का षड्यंत्र कर रहे हैं। आज अगर दिल्ली की कानून व्यवस्था राज्यपाल की बजाय सरकार के अधीन होती तो दिल्ली सबसे सुरक्षित होती।"