LOADING...
'अनलॉक-4' के तहत सितंबर में शुरू हो सकती हैं मेट्रो सेवाएं, बनाई जा रहीं गाइडलाइंस

'अनलॉक-4' के तहत सितंबर में शुरू हो सकती हैं मेट्रो सेवाएं, बनाई जा रहीं गाइडलाइंस

Aug 25, 2020
09:27 am

क्या है खबर?

देश की राजधानी दिल्ली की लाइफलाइन बनी चुकी मेट्रो अगले महीने से शुरू हो सकती है। 'हिंदुस्तान टाइम्स' की रिपोर्ट के अनुसार, सरकार अनलॉक-4 के तहत सितंबर में मेट्रो सेवाएं शुरू करने की मंजूरी दे सकती है और इस संबंध में गाइडलाइंस बनाई जा रही हैं। रिपोर्ट के अनुसार, स्कूल और कॉलेजों सितंबर में भी बंद रहेंगे, हालांकि भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IITs) और भारतीय प्रबंधन संस्थान (IIMs) को खोलने पर विचार किया जा रहा है।

सेवाएं बंद

पांच महीने से बंद हैं मेट्रो सेवाएं

बता दें कि दिल्ली में 22 मार्च को जनता कर्फ्यू के बाद से ही मेट्रो बंद है। इसके अलावा अन्य शहरों में भी लगभग इसी समय से मेट्रो सेवाएं बंद हैं। इस बीच पिछले पांच महीने में यातायात की अन्य सेवाओं को तो शुरू कर दिया गया, लेकिन मेट्रो बंद ही रहीं। अब इन्हें भी शुरू किया जा सकता है। 'हिंदुस्तान टाइम्स' के अनुसार, अनलॉक-4 की गाइडलाइंस में केंद्रीय गृह मंत्रालय मेट्रो सेवाओं शुरू करने की इजाजत दे सकता है।

नए नियम

मेट्रो सेवाओं शुरू होने पर हो सकते हैं ये बदलाव

मामले से संंबंधित अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली मेट्रो को संचालित करने वाले आवास और शहरी मामलों के मंत्रालय, स्थानीय सरकारों, मेट्रो रेल निगमों और सुरक्षा एजेंसियों के साथ विचार-विमर्श करके मेट्रो सेवाएं शुरू करने के लिए नियम बनाए जा रहे हैं। नए नियमों में मेट्रो कार्ड के जरिए कॉन्टेक्ट-लेस टिकट, स्टेशनों पर रुकने के औसत समय में वृद्धि, सोशल डिस्टेंसिंग के लिए हर स्टेशन पर निशान बनाना और ताजा हवा के लिए AC सिस्टम को बदलना आदि शामिल हैं।

Advertisement

जानकारी

राज्य सरकारों पर निर्भर करेगा अंतिम फैसला- अधिकारी

एक अधिकारी ने बताया कि मेट्रो ट्रेनों से संबंधित अन्य फैसले राज्य सरकारें अपने हिसाब से ले सकती हैं। उनके अनुसार, मेट्रो सेवाएं शुरू करनी है या नहीं, इसका अंतिम फैसला राज्य सरकारों पर निर्भर करेगा।

Advertisement

बयान

केजरीवाल ने किया था चरणों में मेट्रो सेवाएं शुरू करने का अनुरोध

बता दें कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने रविवार को ही केंद्र सरकार से चरणों में मेट्रो सेवाएं शुरू करने का अनुरोध किया था। उन्होंने कहा, "दिल्ली के लोग हमसे मेट्रो सेवाएं शुरू करने का अनुरोध कर रहे हैं। हमें कई मौकों पर ये मुद्दा केंद्र सरकार के सामने उठाया है। हमने केंद्र सरकार से अभी के लिए केवल दिल्ली में सेवाएं शुरू करने का अनुरोध किया है। दिल्ली एक विशेष मामला है क्योंकि यहां स्थिति काबू में है।"

स्थिति

दिल्ली में फिर से बढ़ रहे मामले, मेट्रो शुरू करने को लेकर आशंकित विशेषज्ञ

गौरतलब है कि दिल्ली में पिछले एक हफ्ते में कोरोना वायरस के मामलों में एक बार फिर से उछाल आया है और पिछले एक हफ्ते में शहर की पॉजिटिविटी रेट बढ़कर 7.40 प्रतिशत हो गई है। इस वृद्धि के कारण कई विशेषज्ञ अभी मेट्रो शुरू करने को लेकर उत्साहित नहीं हैं। उनका कहना है कि मेट्रो के बंद डिब्बों में एक साथ सफर कर रहे लोगों में संक्रमण को फैलने से रोकना एक बड़ी चुनौती होगी।

पाबंदियां

अनलॉक-4 में इन सेवाओं पर जारी रह सकता है प्रतिबंध

'हिंदुस्तान टाइम्स' की रिपोर्ट के अनुसार, स्कूल-कॉलेज, सिनेमा हॉल और ऑडिटोरियम आदि को अनलॉक-4 में भी बंद रखा जाएगा। इसके अलावा सामाजिक, राजनीतिक, धार्मिक, खेलकूद और मनोरंजन से संबंधित बड़ी सभाओं पर प्रतिबंध भी जारी रहेगा। अधिकारियों के अनुसार, इस बार की गाइडलाइंस में केवल प्रतिबंधित गतिविधियों का जिक्र किया जाएगा और बाकी चीजों पर राज्य अपने हिसाब से नियम बना सकेंगे। कंटेनमेंट जोन में सख्त लॉकडाउन जारी रहेगा। गाइडलाइंस इस हफ्ते के अंत तक आ सकती हैं।

Advertisement