Page Loader
दिल्ली में बाढ़: यमुना का जलस्तर फिर बढ़ा, कई अहम इलाके डूबे; स्कूल-कॉलेज बंद
दिल्ली के कई इलाके बाढ़ की वजह से जलमग्न हो गए हैं

दिल्ली में बाढ़: यमुना का जलस्तर फिर बढ़ा, कई अहम इलाके डूबे; स्कूल-कॉलेज बंद

लेखन आबिद खान
Jul 13, 2023
07:50 pm

क्या है खबर?

दिल्ली में बाढ़ से स्थिति खराब है और अभी इससे राहत मिलती नहीं दिख रही। यमुना नदी का जलस्तर फिर से बढ़कर 208.66 मीटर पहुंच गया है। इस बीच राहत और बचाव कार्य भी जारी है। राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) की 12 टीमें तैनात हैं और लोगों को बाढ़ प्रभावित इलाकों से निकालकर सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने का काम जारी है। सरकार ने 16 जुलाई तक सभी स्कूल-कॉलेज को बंद कर रखने का निर्देश दिया है।

परेशानी

बाढ़ से दिल्ली में आम जनजीवन प्रभावित

दिल्ली के कई इलाकों में भारी ट्रैफिक जाम की खबरें हैं। यमुना का पानी लाल किले और मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के बंगले के नजदीक तक पहुंच गया है। पानी भरने की वजह से यमुना बैंक मेट्रो स्टेशन को बंद कर दिया गया है। आवश्यक सेवाओं वाले सरकारी कर्मचारियों को छोड़कर सभी को घर से काम करने को कहा गया है। मुख्यमंत्री ने निजी कार्यालयों से कर्मचारियों को घर से काम करने की सुविधा देने की अपील की है।

ट्विटर पोस्ट

दिल्ली में सड़कें पानी से लबालब हो गई हैं

जानकारी

दिल्ली विश्वविद्यालय ने स्थगित की परीक्षाएं

बाढ़ को देखते हुए दिल्ली विश्वविद्यालय (DU) ने 14 से 16 जुलाई तक होने वाली प्रायोगिक परीक्षाएं स्थगित कर दी हैं। 18 और 19 जुलाई को होने वाले दूसरे सेमेस्टर की परीक्षा भी स्थगित कर दी गई है।

जलस्तर

आज रात से कम होगा यमुना का जलस्तर- अधिकारी

बढ़ते खतरे के बीच एक राहत की खबर भी है। केंद्रीय जल आयोग के निदेशक शरद चंद्र ने कहा कि यमुना का जलस्तर अब स्थिर हो गया है और आज रात से कम होना शुरू हो जाएगा। समाचार एजेंसी PTI से बात करते हुए शरद ने कहा, "जलस्तर अब स्थिर हो गया है और अगले 4 घंटों में यह कम होना शुरू होगा। शुक्रवार सुबह 3 बजे तक इसके घटकर 208.45 मीटर होने की उम्मीद है।"

ट्विटर पोस्ट

दिल्ली मेट्रो की रफ्तार भी कम कर दी गई है

नोएडा

नोएडा में भी स्कूल बंद

यमुना के जलस्तर को देखते हुए नोएडा में भी 14 जुलाई को स्कूल बंद रहेंगे। गौतम बौद्ध नगर प्रशासन ने अपने आदेश में कहा कि यमुना के जलस्तर और बारिश की संभावना के कारण शुक्रवार को नोएडा और ग्रेटर नोएडा में 12वीं कक्षा तक के सभी स्कूल बंद रहेंगे। आज गौतमबुद्ध नगर के जिला मजिस्ट्रेट मनीष कुमार वर्मा ने नाव में सवार होकर बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा भी किया।

ट्रेन

300 से ज्यादा ट्रेनें रद्द

7 से 15 जुलाई के बीच 300 से ज्यादा मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों को रद्द किया गया है। 406 यात्री ट्रेनें भी रद्द की गई हैं। कुल 600 मेल या एक्सप्रेस ट्रेनें और 500 से ज्यादा यात्री ट्रेनें बारिश की वजह से प्रभावित हुई हैं। उत्तर रेलवे के अधिकारियों के मुताबिक, करीब 100 ट्रेनों को बीच रास्ते में ही रोका गया है और 191 का रास्ता बदला गया है। 67 ट्रेनों को दूसरे स्टेशन से शुरू किया गया है।

बारिश

मौसम विभाग ने जताई बारिश की संभावना

भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक, शुक्रवार और शनिवार को दिल्ली के कई इलाकों में सामान्य बारिश की गतिविधियां दर्ज की जा सकती हैं। आज शाम में 2-3 घंटे तक 40 से लेकर 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है। हालांकि, राहत की खबर ये है कि पहाड़ों पर अब बारिश कम होने लगी है, जिससे यमुना का जलस्तर भी धीरे-धीरे कम हो सकता है।