हिमाचल समेत कई राज्यों में आफत बनकर बरसी बारिश, 31 लोगों की मौत
क्या है खबर?
हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, झारखंड, ओडिशा और जम्मू-कश्मीर में तेज बारिश के कारण शनिवार को 31 लोगों की मौत हुई।
इन राज्यों में भारी बारिश के चलते कई जगहों पर जलभराव हो गया और कई जगह भूस्खलन के कारण हादसे हुए। बारिश के कारण बनी बाढ़ की स्थिति से सड़कों और घरों को भी नुकसान पहुंचा है और लोगों को अपने ठिकाने छोड़ने पर मजबूर होना पड़ा है।
आइये अलग-अलग राज्यों की स्थिति पर संक्षेप में नजर डालते हैं।
बारिश से तबाही
हिमाचल में 22 लोगों की मौत
शुक्रवार से हो रही तेज बारिश और उसके कारण बनी बाढ़ जैसी स्थिति से हिमाचल में एक ही परिवार के आठ लोगों समेत 22 की मौत हो गई है। मंडी जिले में बारिश की वजह से भारी नुकसान हुआ है और यहां भूस्खलन के कारण कुछ लोग लापता हो गए।
पानी के तेज बहाव के कारण पंजाब-हिमाचल सीमा के पास चक्की नदी पर बना रेलवे पुल बह गया। कांगड़ा, चंबा, बिलासपुर, सिरमौर और कई अन्य जगहों पर अलर्ट जारी है।
उत्तराखंड
उत्तराखंड में बादल फटने से चार की मौत
उत्तराखंड के कई जिलों में बारिश के बाद देहरादून के पास मालदेवता सरखेत, टिहरी और यमकेश्वर इलाके में बादल फटने से भारी तबाही मची है। बारिश और भूस्खलन की घटनाओं में कुल चार लोगों की मौत हो गई। इसके अलावा 10 से अधिक लोग लापता हो गए।
टिहरी जिले के ग्वाद गांव में भूस्खलन से दो घरों के क्षतिग्रस्त होने से सात लोग मलबे में दब गए। इनमें से अब तक दो लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं।
बारिश से नुकसान
ओडिशा में भी चार लोगों की मौत
पहले ही बाढ़ का सामना कर रहे ओडिशा में ताजा बारिश ने लोगों की आफत बढ़ा दी है। अधिकारियों ने बताया कि बारिश से हुए हादसों के चलते राज्य में चार लोगों की मौत हो गई है। मयूरभंज, केंद्रपाड़ा और बालासोर जिलों में फंसे लोगों की मदद के लिए राहत और बचाव अभियान चलाये जा रहे हैं।
शनिवार को महानदी के तेज बहाव में फंसी एक नाव को कड़ी मशक्कत के बाद बचाया गया, जिसमें 70 लोग सवार थे।
जानकारी
झारखंड में दीवार गिरने से महिला की मौत
झारखंड में भी बारिश के कारण भारी नुकसान हुआ है और यहां कई जिलों के निचले इलाकों में जलभराव हो गया है। बारिश और तेज हवाओं के कारण बड़ी संख्या में पेड़ और बिजली के खंभे उखड़ गए हैं। पश्चिमी सिंहभूम में बारिश के कारण घर की कच्ची दीवार ढहने से एक महिला की मौत हो गई।
बंगाल की खाड़ी में बने दबाव की वजह से ओडिशा और झारखंड में तेज बारिश दर्ज की जा रही है।
जम्मू-कश्मीर
बहाल हुई वैष्णो देवी यात्रा
जम्मू-कश्मीर के कटरा में खराब मौसम के कारण रोकी गई वैष्णो देवी यात्रा को रविवार सुबह बहाल कर दिया गया है। पिछले 24 घंटों के दौरान बारिश और खराब मौसम के कारण दो बार यात्रा रोकी गई है। हालांकि, बैटरी सर्विस अभी बहाल नहीं की गई है।
वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड की तरफ से कहा गया है कि पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल को तैनात कर दिया गया है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।