Page Loader
चक्रवाती तूफान 'बिपरजॉय' अगले 24 घंटे में और तीव्र होगा, 3 राज्यों में अलर्ट 
मौसम विभाग ने कहा कि 'बिपरजॉय' अगले 24 घंटे में और तीव्र हो सकता है

चक्रवाती तूफान 'बिपरजॉय' अगले 24 घंटे में और तीव्र होगा, 3 राज्यों में अलर्ट 

लेखन आबिद खान
Jun 10, 2023
10:22 am

क्या है खबर?

भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने कहा कि बेहद गंभीर चक्रवाती तूफान 'बिपरजॉय' अगले 24 घंटों में और तीव्र हो सकता है। यह तूफान उत्तर-उत्तरपूर्व की ओर बढ़ेगा। IMD ने एक ट्वीट में कहा, '9 जून को रात 11.30 बजे पूर्व-मध्य अरब सागर पर बहुत गंभीर चक्रवाती तूफान बिपरजॉय अगले 24 घंटों के दौरान और तेज होने और इसके उत्तर-उत्तर पूर्व की ओर बढ़ने की संभावना है।' तूफान के कारण गुजरात के तीथल बीच पर ऊंची-ऊंची लहरे उठने लगी हैं।

बीच

वलसाड का तीथल बीच बंद

गुजरात के वलसाड स्थित तीथल बीच को ऊंची लहरे उठने के बाद पर्यटकों के लिए 14 जून तक बंद कर दिया गया है। वलसाड तहसीलदार टीसी पटेल ने कहा, "हमने मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने के लिए कहा और वे सभी वापस आ गए हैं। लोगों को जरूरत पड़ने पर समुद्र के किनारे गांव में स्थानांतरित कर दिया जाएगा। इसके लिए शिविर बनाए गए हैं। हमने 14 जून तक पर्यटकों के लिए तीथल बीच को बंद कर दिया है।"

हव

कितनी तेज हवाएं चल सकती हैं?

IMD ने बताया कि चक्रवात की वजह से 10 जून मध्य और पश्चिम मध्य अरब सागर के इलाकों में सुबह से 130-140 किलोमीटर प्रति घंटे से लेकर 155 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाचल रही है, जो 165 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। 11 जून को पूर्व मध्य और पश्चिम मध्य अरब सागर में 145-155 किमी प्रति घंटे से 170 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है।

अलर्ट

तटीय राज्यों में अलर्ट

IMD ने कहा कि बिपरजॉय के कारण केरल, कर्नाटक, महाराष्ट्र और गोवा के तटीय इलाकों में ऊंची लहरे उठ सकती हैं। IMD ने मछुआरों को समुद्र तट से दूर रहने की सलाह दी है। पूर्व मध्य और उससे सटे पूर्व मध्य अरब सागर में 13 जून तक और 12-14 जून के दौरान उत्तर और आसपास के मध्य अरब सागर में मछुआरों के जाने पर रोक लगा दी गई है।

केरल

केरल में येलो अलर्ट

IMD ने केरल के 8 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। तिरुवनंतपुरम, कोल्लम, पठानमथिट्टा, अलाप्पुझा, कोट्टायम, इडुक्की, कोझिकोड और कन्नूर में येलो अलर्ट जारी किया गया है। केरल में अगले 3 दिनों तक भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। IMD ने कहा कि मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल है और अगले 24 घंटे में ये केरल के बचे हुए हिस्सों पर छा जाएगा। मानसून 15 जून के बाद ही रफ्तार पकड़ेगा।