Page Loader
देश में 70 लाख के करीब पहुंची कोरोना संक्रमितों की संख्या, अब तक 1.07 लाख मौतें

देश में 70 लाख के करीब पहुंची कोरोना संक्रमितों की संख्या, अब तक 1.07 लाख मौतें

Oct 10, 2020
09:54 am

क्या है खबर?

भारत में बीते दिन कोरोना वायरस से संक्रमण के 73,272 नए मामले सामने आए और 926 मरीजों ने इसकी वजह से दम तोड़ा। देश में लगातार पांचवें दिन मरने वालों की संख्या 1,000 से कम रही है। इसी के साथ देश में कुल मामलों की संख्या 69,79,423 हो गई है, वहीं 1,07,416 लोगों को इस खतरनाक वायरस के संक्रमण के कारण अपनी जान गंवानी पड़ी है। सक्रिय मामलों की संख्या नौ लाख से नीचे 8,83,185 पर आ गई है।

रिकवरी रेट और टेस्टिंग

बीते दिन ठीक हुए 82,000 से ज्यादा मरीज

ठीक होने वाले मरीजों की बात करें तो बीते दिन देशभर में कोरोना वायरस के 82,753 मरीज ठीक हुए। इसी के साथ ठीक होने वाले मरीजों की कुल संख्या 59,88,822 हो गई है और देश की रिकवरी रेट 85.52 प्रतिशत हो गई है। इसके अलावा पिछले 24 घंटे में देशभर में 11,64,018 टेस्ट किए गए गए। महामारी की शुरूआत से अब तक देश में लगभग 8.58 करोड़ टेस्ट हो चुके हैं।

कोरोना वायरस

केरल में बिगड़ते जा रहे हालात

एक समय संक्रमण पर काबू पा चुके केरल में हालात बिगड़ते जा रहे हैं। बुधवार को यहां पर 10,000 से ज्यादा नए मामले सामने आए थे। बीते कुछ दिनों से यहां संक्रमण की रफ्तार तेज हुई है। इसके बावजूद संक्रमण यहां पीक पर नहीं पहुंचा है। राज्य की स्वास्थ्य मंत्री केके शैलजा ने कि रोजाना मिलने वाले संक्रमितों की संख्या 20,000 तक जा सकती है। सरकार इसे 15,000 से नीचे रखने की कोशिश कर रही है।

नया दावा

चीन का दावा- पिछले साल दुनिया के कई हिस्सों में फैला था कोरोना वायरस

महामारी के बढ़ते प्रकोप के बीच चीन ने शुक्रवार को नया दावा किया है। चीन ने कहा कि पिछले साल कोरोना वायरस संक्रमण दुनिया के कई देशों में फैला था, लेकिन उसने इस संबंध में जानकारी दी और कार्रवाई की। चीन ने उस दृष्टिकोण का भी खंडन किया है कि महामारी में बदलने से पहले यह खतरनाक वायरस उसके वुहान शहर में उत्पन्न हुआ था। गौरतलब है कि अमेरिका इस वायरस के लिए चीन को जिम्मेदार मान रहा है।

वैश्विक स्थिति

दुनियाभर में 3.68 करोड़ हुए संक्रमित

जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के मुताबिक, दुनियाभर में अब तक लगभग 3.68 करोड़ लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हो चुके हैं और 10.67 लाख लोगों की मौत हुई है। सबसे अधिक प्रभावित अमेरिका में 76.62 लाख लोग संक्रमित हुए हैं और लगभग 2.13 लाख लोगों की मौत हुई है। अमेरिका एकमात्र ऐसा देश है जहां भारत से अधिक लोग संक्रमित हुए हैं। तीसरे नंबर पर काबिज ब्राजील में 50.55 लाख संक्रमितों में से लगभग 1.49 लाख मरीजों की मौत हुई है।