Page Loader
अयोध्या का राम मंदिर बना पर्यटकों का नया ठिकाना, आगरा के ताजमहल को पीछे छोड़ा
आगरा के ताजमहल को पीछे छोड़ अयोध्या का राम मंदिर पर्यटन में आगे (तस्वीर: एक्स/@ShriRamTeerth)

अयोध्या का राम मंदिर बना पर्यटकों का नया ठिकाना, आगरा के ताजमहल को पीछे छोड़ा

लेखन गजेंद्र
Dec 20, 2024
02:59 pm

क्या है खबर?

दुनिया के 7 अजूबों में शामिल आगरा के ताजमहल की चमक अयोध्या के राम मंदिर के आगे फीकी दिख रही है। तभी तो इस साल यहां आने वाले घरेलू पर्यटकों की संख्या घटी है। उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग ने बताया कि जनवरी से सितंबर 2024 के बीच प्रदेश में कुल 47.61 करोड़ पर्यटक आए हैं। इसमें सबसे अधिक राम मंदिर पहुंचे और उसके बाद आगरा में पर्यटकों का जमावड़ा लगा। इससे अयोध्या सबसे अधिक देखा जाने वाला स्थल बन गया।

पर्यटक

कहां कितने आए पर्यटक?

पर्यटन विभाग के मुताबिक, जनवरी से सितंबर तक अयोध्या में 13.55 करोड़ घरेलू पर्यटक और 3,153 अंतरराष्ट्रीय पर्यटक आए हैं। राम मंदिर बनने के कारण यह संख्या इतनी बढ़ी है। वहीं आगरा में 12.51 करोड़ पर्यटक आए, जिनमें 11.59 करोड़ घरेलू और 9.24 लाख अंतरराष्ट्रीय पर्यटक शामिल हैं। हालांकि, विदेशी पर्यटकों के लिए अब भी ताजमहल पहली पसंद है। पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि इस बार 9 महीने में पर्यटकों की संख्या 47 करोड़ के पार चली गई।

पर्यटन

उत्तर प्रदेश में और कहां आ रहे पर्यटक

पर्यटन मंत्री ने बताया कि आयोध्या ही नहीं बल्कि वाराणसी में भी इस साल 6.2 करोड़ घरेलू पर्यटक और 1.84 लाख विदेशी पर्यटक आए हैं। इसके अलावा प्रयागराज में 4.80 करोड़, जिनमें 4,790 विदेशी पर्यटक, मथुरा में 6.8 करोड़ पर्यटक, जिनमें 87,229 अंतरराष्ट्रीय पर्यटक, मिर्जापुर में 1.18 करोड़ पर्यटक आए हैं। बौद्ध सर्किट केंद्र कुशीनगर में भी 16.2 लाख पर्यटक, जिनमें 1.53 लाख अंतरराष्ट्रीय पर्यटक शामिल हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश में आध्यात्मिक पर्यटन काफी तेजी से बढ़ रहा है।

जानकारी

अयोध्या में पर्यटकों की संख्या बढ़ने के क्या है कारण?

अयोध्या में राम मंदिर विवाद पूरी दुनिया में चर्चित है। ऐसे में यहां मंदिर बनने के बाद लोगों की आस्था बढ़ी है। दूसरी तरफ, ताजमहल में टिकट के दाम बढ़ने से भी घरेलू पर्यटक वहां दूसरी-तीसरी बार जाने से बच रहे हैं।