बम धमाके की धमकी मिलने के बाद कुछ समय के लिए बंद किया गया ताजमहल

बम धमाके की धमकी मिलने के बाद आगरा स्थित ताजमहल को आज सुबह कुछ समय के लिए बंद कर दिया गया। एक फोन कॉल पर ताजमहल के अंदर बम रखे होने की सूचना मिलने के बाद पुलिस और केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के जवानों ने पर्यटकों को बाहर निकालकर दोनों दरवाजों को बंद कर दिया था। पूरे परिसर को चेक करने और कोई बम न मिलने के बाद ताजमहल को फिर से खोल दिया गया है।
आगरा के पुलिस अधीक्षक (प्रोटोकॉल) शिव राम यादव ने समाचार एजेंसी ANI को बताया, "हमें सेंट्रल रूम से जानकारी मिली कि एक व्यक्ति ने फोन कर उनसे कहा है कि सेना की भर्ती में विसंगतियां थीं और उसे भर्ती नहीं किया। ताजमहल में एक बम रखा गया है और वह जल्द ही फट जाएगा।" उन्होंने बताया कि धमकी मिलने के बाद CISF को अलर्ट कर दिया गया। उन्होंने धमकी भरा फोन फिरोजाबाद से आने की बात कही।
ताजमहल की छानबीन पूरे होने के बाद मीडिया से बात करते हुए आगरा के महानिरीक्षक (IG) ए सतीश गणेश ने कहा, "बम निरोधक दस्ते और बाकी टीमों ने ताजमहल के परिसर में व्यापक खोज की। अभी तक ऐसी कोई चीज बरामद नहीं हुई है। जिस व्यक्ति ने फोन कर बम की सूचना दी थी, उसे जल्द ही ट्रेस किया जाएगा। मैं आपको आश्वस्त करना चाहता हूं कि इसके फर्जी कॉल होने की 99 प्रतिशत संभावना है।"
परिसर के अंदर कोई बम नहीं मिलने के बाद सुबह 11:30 बजे के आसपास ताजमहल को फिर से पर्यटकों के लिए खोल दिया गया। पुलिस के अनुसार, कॉल करने वाले शख्स की पहचान की जा रही है। कॉल हेल्पलाइन नंबर 112 पर आया था।
बता दें कि ताजमहल भारत और दुनिया की सबसे अहम ऐतिहासिक धरोहरों में से एक है और इसे दुनिया के सात अजूबों में गिना जाता है। मुगल बादशाह शाहजहां ने 17वीं शताब्दी में इसे अपनी पत्नी मुमताज की यादों में बनवाया था और इसी कारण इसे 'प्यार की सबसे बड़ी मूरत' माना जाता है। शाहजहां और मुमताज के मकबरे भी ताजमहल में स्थित हैं। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) इसका संरक्षण करता है और इसकी सुरक्षा CISF के हाथों में है।
संगमरमर से बने ताजमहल को देखने के लिए हर साल 70 लाख से अधिक पर्यटक आते हैं जिनमें बड़ी संख्या में विदेशी पर्यटक शामिल होते हैं। आगरा में ही स्थित लाल किले और ताजमहल से उत्तर प्रदेश सरकार की बहुत आमदनी होती है।