खुराकों की कमी के चलते मुंबई के 71 वैक्सीनेशन केंद्र बंद, लोगों ने किया प्रदर्शन
क्या है खबर?
कोरोना वैक्सीन की खुराकों की कमी के चलते मुंबई में 70 से अधिक वैक्सीनेशन केंद्र बंद हो चुके हैं। इन केंद्रों में बांद्रा-कुर्ला कॉम्पलेक्स (BKC) में बना बड़ा वैक्सीनेशन केंद्र शामिल है।
कई जगहों पर वैक्सीन लगवाने पहुंचे लोगों ने केंद्र बंद होने को लेकर प्रदर्शन भी किया।
गौरतलब है कि पिछले दो-तीन दिनों में कई राज्यों ने अपने स्टॉक में वैक्सीन की कमी बताते हुए केंद्र से जल्द वैक्सीन भेजने की मांग की है।
वैक्सीनेशन अभियान
मुंबई के 120 में से 71 वैक्सीनेशन केंद्र बंद- BMC
BKC में बने वैक्सीनेशन केंद्र के डीन राजेश डेरे ने कहा, "पहले दिन से हमें बफर स्टॉक से एक दिन पहले वैक्सीन मिल जाती थी। कल तक हमारे पास केंद्र पर पर्याप्त संख्या में खुराकें उपलब्ध थीं। हमें उम्मीद थी कि आज वैक्सीन मिल जाएंगी, लेकिन अभी तक वैक्सीन नहीं आई। हमारे पास सिर्फ 160 खुराकें बची हैं।"
बृह्नमुंबई महानगरपालिका (BMC) का कहना है कि मुंबई में 120 वैक्सीनेशन केंद्र हैं, जिनमें से 71 में वैक्सीन खत्म हो गई है।
ट्विटर पोस्ट
वैक्सीनेशन बंद होने के बाद प्रदर्शन करते लोग
Mumbai: People gather outside BKC Jumbo vaccination Centre as the centre runs out of #COVID19 vaccine doses. pic.twitter.com/1OvGKdZ2yO
— ANI (@ANI) April 9, 2021
महाराष्ट्र
कई दूसरी जगहोें पर भी वैक्सीनेशन केंद्र बंद
NDTV की अनुसार, मुंबई की मेयर किशोरी पेडनेकर ने कहा कि कई वैक्सीनेशन केंद्र ऐसे हैं, जहां वैक्सीन नहीं है और वैक्सीनेशन बंद हो चुका है।
उन्होंने कहा, "मुझे जानकारी मिली थी कि आज मुंबई में 76,000 से एक लाख खुराकें पहुंच जाएंगी, लेकिन अभी तक इसकी कोई सूचना नहीं मिली है।"
इससे पहले महाराष्ट्र के सतारा, सांगली और पनवेल में भी वैक्सीन की कमी का हवाला देते हुए कई वैक्सीनेशन केंद्र बंद हो चुके हैं।
वैक्सीन की आपूर्ति
महाराष्ट्र ने केंद्र पर लगाया 'भेदभाव' का आरोप
बीते दिन महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने आरोप लगाया था कि उनके राज्य को भाजपा शासित गुजरात की तुलना में जनसंख्या के अनुपात में कम खुराकें मिल रही हैं।
उन्होंने कहा था कि महाराष्ट्र की जनसंख्या गुजरात से दोगुनी है और यहां सक्रिय मामले गुजरात से बहुत अधिक हैं, लेकिन महाराष्ट्र को वैक्सीन में प्राथमिकता नहीं मिल रही है। गुजरात को भी एक करोड़ खुराकें मिली हैं और महाराष्ट्र को भी एक करोड़ खुराकें मिली हैं।
वैक्सीन की आपूर्ति
केंद्र ने किया वैक्सीन की कमी से इनकार
टोपे ने कहा कि उनके द्वारा इस 'भेदभाव' की जानकारी दिए जाने के बाद केंद्र ने राज्य को भेजे जाने वाली खुराकों की संख्या सात लाख से बढ़ाकर 17 लाख कर दी है। हालांकि, उन्होंने इसे कम बताते हुए कहा कि महाराष्ट्र को हर हफ्ते 40 लाख खुराकें चाहिए।
दूसरी तरफ केंद्र सरकार की तरफ से कहा गया कि किसी भी राज्य में वैक्सीन की कमी नहीं हैं और कुछ राज्य अपनी कमियां छिपाने के लिए ध्यान भटका रहे हैं।