Page Loader
रणबीर कपूर हुए कोरोना वायरस संक्रमण से स्वस्थ, रणधीर कपूर ने दी जानकारी

रणबीर कपूर हुए कोरोना वायरस संक्रमण से स्वस्थ, रणधीर कपूर ने दी जानकारी

Mar 26, 2021
05:21 pm

क्या है खबर?

देश में कोरोना वायरस के मामलों में बढ़ोतरी देखने को मली है। इसके साथ ही हाल में कई बॉलीवुड कलाकारों को कोरोना वायरस से संक्रमित पाया गया है। हाल के दिनों में अभिनेता रणबीर कपूर भी कोरोना संक्रमित पाए गए थे। अब जानकारी सामने आ रही है कि वह कोरोना वायरस के संक्रमण से स्वस्थ हो चुके हैं। रणबीर के चाचा और अभिनेता रणधीर कपूर ने मीडिया को जानकारी दी है कि रणबीर कोरोना वायरस से स्वस्थ हो गए हैं।

बयान

रणबीर स्वस्थ है, मैंने उनसे मुलाकात की है- रणधीर

समाचार एजेंसी PTI से बात करते हुए रणधीर ने बताया कि उनका भतीजा रणबीर बिल्कुल स्वस्थ हैं। उन्होंने कहा, "रणबीर बिल्कुल स्वस्थ है। मैंने उनसे मुलाकात की है।" हालांकि, उन्होंने इस बात का खुलासा नहीं किया है कि 38 वर्षीय अभिनेता का कोरोना टेस्ट कब निगेटिव आया है। रणबीर को कल उनकी बहन रिद्धिमा कपूर साहनी के साथ प्रार्थना सभा में देखा गया था। यह प्रार्थना ऋषि कपूर के देहांत के 11 महीने होने के मौके पर किया गया था।

जानकारी

बीते साल रणबीर की मां नीतू भी हुई थीं कोरोना संक्रमित

रणबीर के कोरोना वायरस से संक्रमित होने के बाद उन्हें होम क्वारंटाइन किया गया था। उनकी मां नीतू कपूर ने बताया था कि वह अपना इलाज करवा रहे हैं और उनकी रिकवरी हो रही है। बीते साल दिसंबर में रणबीर की मां और अभिनेत्री नीतू भी कोरोना वायरस से संक्रमित हुई थीं। फिल्म 'जुग जुग जियो' की शूटिंग के दौरान वह वायरस से संक्रमित हुई थीं। बता दें कि नीतू फिल्म की शूटिंग के लिए चंडीगढ़ गई थीं।

वर्कफ्रंट

इस प्रोजेक्ट को लेकर चर्चा में हैं रणबीर

रणबीर की आगामी फिल्मों की बात करें तो वह अयान मुखर्जी के निर्देशन में बनी फिल्म 'ब्रह्मास्त्र' को लेकर चर्चा में हैं। इसके बाद वह करण मल्होत्रा की 'शमशेरा' में दिखेंगे। इस फिल्म में उनके साथ संजय दत्त और वाणी कपूर भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। इसके अलावा वह संदीप रेड्डी वांगा की फिल्म 'एनिमल' में नजर आने वाले हैं। इसमें उनके साथ अनिल कपूर, बॉबी देओल और परिणीति चोपड़ा जैसे कलाकार दिखेंगे।

कोरोना वायरस

जानिए देश में कोरोना वायरस के ताजा हालात

भारत में पिछले 24 घंटे में कोरोना संक्रमण के 59,118 नए मामले सामने आए और 257 मरीजों की मौत हुई है। पांच महीनों बाद देश में एक दिन में इतने मरीज मिले हैं। सक्रिय मामलों की संख्या बढ़ते हुए 4,21,066 पर पहुंच गई है। नए मामलों की बात करें तो महाराष्ट्र में बीते दिन 35,952 लोगों को संक्रमित पाया गया, वहीं 111 मरीजों की मौत हुई। महामारी की शुरुआत के बाद राज्य में एक दिन मिले ये सर्वाधिक मामले हैं।