फिल्म 'सनकी' में विकलांग पुलिस ऑफिसर की भूमिका में नजर आ सकते हैं वरुण धवन
क्या है खबर?
इस साल वरुण धवन कई फिल्मों के प्रोजेक्ट को लेकर चर्चा में हैं। वह अपनी आगामी फिल्म 'सनकी' को लेकर लाइम लाइट में बने हुए हैं।
हाल में खबर आई थी कि परिणीति चोपड़ा अभिनेता वरुण के साथ इस एक्शन थ्रिलर फिल्म में नजर आ सकती हैं।
अब इस फिल्म से जुड़ी एक ताजा जानकारी सामने आ रही है। रिपोर्ट्स के अनुसार, अभिनेता वरुण इस फिल्म में एक विकलांग पुलिस ऑफिसर की भूमिका में नजर आ सकते हैं।
रिपोर्ट
वरुण के लिए यह किरदार चुनौतीपूर्ण होगा- सूत्र
रिपोर्ट के मुताबिक, वरुण फिल्म में मुख्य भूमिका में नजर आने वाले हैं। वह एक विकलांग पुलिस अधिकारी के किरदार में दिखेंगे।
सूत्र ने बॉलीवुड हंगामा को बताया, "फिल्म में वरुण एक ऐसे बहादुर पुलिस अधिकारी की भूमिका में दिखाई देंगे, जिसने एक केस को सुलझाने के दौरान अपनी एक टांग खो दी थी। निश्चित रूप से वरुण के लिए यह किरदार चुनौतीपूर्ण होने वाला है। उन्होंने अपने करियर में विकलांग शख्स का किरदार कभी नहीं निभाया है।"
जानकारी
तमिल थ्रिलर 'धुरुवंगल पदिनारु' की हिंदी रीमेक होगी यह फिल्म
सूत्र के मुताबिक, मेकर्स इस फिल्म की शूटिंग इस साल शुरू करने की योजना बना रहे हैं। वरुण 'जुग जुग जियो' और 'भेड़िया' की शूटिंग पूरी करने के बाद 'सनकी' की शूटिंग शुरू करेंगे।
वह श्री राम राघवन की 'इक्कीस' से पहले 'सनकी' के प्रोजेक्ट को शूट कर सकते हैं। यह फिल्म साजिद नाडियाडवाला के प्रोडक्शन के बैनर तले बनेगी।
फिल्म 'सनकी' तमिल थ्रिलर 'धुरुवंगल पदिनारु' की हिंदी रीमेक होगी। साजिद ने इस फिल्म के राइट्स खरीद लिए हैं।
सूचना
एक फ्रेश जोड़ी के रूप में दिखेंगे वरुण और परिणीति
साजिद प्रोजेक्ट को पैन इंडिया प्लेटफॉर्म के हिसाब से बना रहे हैं। 'ढिशूम' और 'जुड़वा 2' के बाद वरुण की साजिद के साथ यह तीसरी फिल्म होगी।
वरुण और परिणीति को 'ढिशूम' में एक छोटी भूमिका में देखा गया था। इस फिल्म के एक गाने में वरुण और परिणीति साथ नजर आए थे।
वरुण और परिणीति को कभी भी एक साथ फिल्मों में मुख्य भूमिका में नहीं देखा गया है। एक फ्रेश जोड़ी के रूप ये दोनों कलाकार दिखेंगे।
वर्कफ्रंट
इन फिल्मों को लेकर भी चर्चा में हैं परिणीति और वरुण
परिणीति की 'संदीप और पिंकी फरार' बीते 19 मार्च को रिलीज हुई है। इसमें परिणीति के साथ अर्जुन कपूर नजर आए हैं।
वह फिल्म 'एनिमल' में भी नजर आने वाली हैं। इसमें उनके साथ अनिल कपूर और रणबीर कपूर नजर आएंगे। उन्हें बहुप्रतीक्षित फिल्म 'भुज द प्राइड ऑफ इंडिया' में भी देखा जा सकता है।
वरुण फिल्म 'रणभूमि' को लेकर चर्चा में हैं। इसमें उनके साथ जाह्नवी कपूर भी दिखेंगी। उन्हें राज मेहता की 'जुग जुग जियो' में देखा जाएगा।