Page Loader
राजस्थान बोर्ड परीक्षा: 12वीं के छात्र कम समय में इस तरह करें राजनीति विज्ञान की तैयारी
राजनीति विज्ञान के पेपर की तैयारी के लिए टिप्स (तस्वीरः फ्रीपिक)

राजस्थान बोर्ड परीक्षा: 12वीं के छात्र कम समय में इस तरह करें राजनीति विज्ञान की तैयारी

लेखन राशि
Mar 14, 2023
09:30 pm

क्या है खबर?

राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (RBSE) की 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं चल रही हैं। 6 अप्रैल को 12वीं की राजनीति विज्ञान की परीक्षा है। राजनीति विज्ञान कई छात्रों को कठिन लगता है। वे परीक्षा से पहले पाठ्यक्रम पूरा नहीं कर पाते, जिससे उनका प्रदर्शन कमजोर हो जाता है। बोर्ड परीक्षा में अच्छी प्रतिशत हासिल करने के लिए राजनीति विज्ञान में अच्छे अंक लाना जरूरी है। आइए आपको राजनीति विज्ञान की परीक्षा की तैयारी के कुछ खास टिप्स बताते हैं।

पाठ्यक्रम

राजनीति विज्ञान का पाठ्यक्रम

राजनीति विज्ञान की परीक्षा 80 अंक की होगी। पाठ्यक्रम को 2 प्रमुख भागों में बांटा गया है। इसमें समकालीन वैश्विक राजनीति से 40 अंक और आजादी के बाद भारत की राजनीति से 40 अंक के सवाल पूछे जाएंगे। दोनों खंडों के पाठ्यक्रम में भारतीय राजनीति का अर्थ, भारत का संविधान, भारत में शासन, भारतीय लोकतंत्र, भारत की विदेश नीति, संयुक्त नीति और संयुक्त राष्ट्र का संगठन, राजनीतिक विचारधाराएं और राजनीतिक अवधारणाएं आदि टॉपिक पढ़ने होंगे।

अवधारणा

परिभाषाओं और अवधारणाओं को याद करें

राजनीति विज्ञान विषय में अलग-अलग राजनीतिक अवधारणाएं, परिभाषाएं और विचार होते हैं। परीक्षा में अच्छे अंक लाने के लिए इन्हें याद करना जरूरी है। छात्र महत्वपूर्ण परिभाषाओं, अवधारणाओं और महत्वपूर्ण विचारों को लिख-लिख कर याद करें। महत्वपूर्ण अवधारणाओं का फ्लैश कार्ड बना लें। इसे अपनी स्टडी टेबल के पास चिपका लें, ताकि पढ़ते हुए बार-बार इस पर आपकी नजर पड़े और आप रिवीजन कर सकें। महत्वपूर्ण अवधारणाओं से संबंधित प्रश्नों के उत्तर लिखें। इससे चीजें याद रखने में मदद मिलेगी।

उत्तर

उत्तर याद करने के लिए अपनाए ये तरीका

अधिकतर छात्र उत्तर समझने की बजाय रटने लगते हैं। इससे उत्तर भूलने की संभावना ज्यादा होती है। छात्र प्रत्येक उत्तर का बेसिक कॉन्सेप्ट समझने के बाद उत्तर को प्वाइंट्स में बांट लें। उत्तर याद करने के लिए उन्हें वास्तविक घटना से जोड़ने का प्रयास करें। आप चित्रों की सहायता से भी उत्तर याद कर सकते हैं। इसके अलावा यूट्यूब पर शैक्षिक वीडियो की मदद ले सकते हैं। यहां रोचक तरीके से चीजों को समझाया जाता है।

मार्किंग

ज्यादा अंकों में पूछे जाने वाले टॉपिक पहले पढ़ें

राजनीति विज्ञान के पाठ्यक्रम में कुछ टॉपिक कठिन होते हैं तो कुछ सरल। परीक्षा में कम ही समय बाकी है, इसलिए छात्र कुछ नया न पढें। पाठ्यक्रम को अंकों के हिसाब से बांट लें। ज्यादा अंक वाले टॉपिक्स को पहले पढ़ कर खत्म करें। अगर कोई टॉपिक समझ नहीं आ रहा है तो उसे समझने में ज्यादा समय न गंवाएं। पहले पूरा पाठ्यक्रम पढ़ कर खत्म लें, इसके बाद इन टॉपिक्स को समझें।

परीक्षा

परीक्षा में ध्यान रखें ये बातें

राजनीति विज्ञान की परीक्षा में कई प्रश्न घुमा कर पूछे जाते हैं। इन्हें देख कर घबराएं नहीं। परीक्षा में सबसे पहले सरल प्रश्नों को हल कर लें, इसके बाद कठिन प्रश्नों की ओर बढ़ें। कम अंक में पूछे गए सवालों में शब्द सीमा और समय का ध्यान रखें। परीक्षा में अच्छे अंक हासिल करने के लिए उत्तरों को प्वाइंट्स में लिखें। उत्तरों के बीच में मानचित्र या चित्र बनाएंगे तो ज्यादा अंक मिल सकेंगे।