Page Loader
रूस को पछाड़कर भारत का दूसरा सबसे बड़ा तेल आपूर्तिकर्ता देश बना सऊदी अरब
रूस को पछाड़कर भारत का दूसरा सबसे बड़ा तेल आपूर्तिकर्ता देश बना सऊदी अरब

रूस को पछाड़कर भारत का दूसरा सबसे बड़ा तेल आपूर्तिकर्ता देश बना सऊदी अरब

Sep 15, 2022
02:39 pm

क्या है खबर?

रूस को पछाड़कर सऊदी अरब भारत का दूसरा सबसे बड़ा तेल आपूर्तिकर्ता देश बन गया है। तीन महीने पहले रूस ने सऊदी को पछाड़ दिया था, लेकिन अब वह मामूली अंतर से खिसककर तीसरे स्थान पर पहुंच गया है। पहले स्थान की बात करें तो भारत ने अगस्त में ईरान से सर्वाधिक तेल खरीदा है। बता दें, भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा तेल आयातक और उपभोक्ता है और वह अपनी जरूरत का ज्यादातर तेल विदेशों से लेता है।

तेल आयात

OPEC देशों से आयात 16 सालों का सबसे कम कम

सरकारी आंकड़े दिखाते हैं कि भारत ने अगस्त में सऊदी अरब से 8,63,950 बैरल प्रति दिन (bpd) तेल खरीदा है। यह मात्रा जुलाई की तुलना में 4.8 प्रतिशत ज्यादा है। वहीं इस दौरान रूस से रोजाना 8,55,950 bpd तेल आयात हुआ है, जो जुलाई की तुलना में 2.4 प्रतिशत कम है। सऊदी से आ रहे ज्यादा तेल के बावजूद भारत का OPEC देशों से तेल निर्यात कम होकर 59.8 प्रतिशत हो गया है, जो 16 सालों में सबसे कम है।

जानकारी

चीन के बाद रूस से सबसे ज्यादा तेल खरीदता है भारत

चीन के बाद भारत रूस से सबसे ज्यादा तेल खरीद रहा है। दरअसल, यूक्रेन पर आक्रमण करने के बाद कई पश्चिमी देशों ने रूस पर प्रतिबंध लगा दिए थे। ऐसे में अपनी अर्थव्यवस्था का पहिया चलाने के लिए रूस ने कम दाम पर तेल और दूसरे कच्चे माल की पेशकश की थी। इसके बाद से भारत ने रूस से तेल का आयात बढ़ा दिया था और जून में रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचने के बाद इसमें कमी देखी जा रही है।

बयान

"रूस कम कर रहा है अपनी छूट"

तेल के बाजार पर नजर रखने वाली एक कंपनी के अधिकारी ने बताया कि भारत समझौते के तहत सऊदी अरब से तेल की आपूर्ति बंद नहीं कर सकता और रूस भी एशिया में मांग में तेजी को देखते हुए अपनी छूट कम कर रहा है।

तेल आयात

कम हुई भारत की कच्चे तेल की खरीद

अगस्त में भारत का कच्चे तेल का आयात कम होकर पांच महीनों के निचले स्तर पर पहुंच गया है और यह 4.45 मिलियन bpd रहा, जो जुलाई की तुलना में 4.1 प्रतिशत कम रहा। कुछ रिफाइनरी में मरम्मत के कारण यह गिरावट आई है। अजरबैजान, रूस और कजाकिस्तान आदि से तेल की खरीद के कारण अफ्रीका और दूसरे देशों से आयात कम हो गया है। अफ्रीकी देशों से भारत का आयात लगभग आधा कम होकर 4.2 प्रतिशत रह गया है।

तेल आयात

अगस्त में किन देशों से खरीदा भारत ने तेल?

भारत ने पिछले महीने सबसे ज्यादा ईरान से तेल आयात किया। सऊदी अरब दूसरे, रूस तीसरे, संयुक्त अरब अमीरात चौथे और कजाकिस्तान पांचवें स्थान पर रहा। कजाकिस्तान ने कुवैत को पछाड़कर यह स्थान हासिल किया है। अमेरिका इस सूची में छठे स्थान पर रहा। रूस से कुल तेल की बात करें तो भारत ने अप्रैल-अगस्त तक 7.57 लाख bpd तेल (कुल आयात का 16 प्रतिशत) आयात किया है, जिसकी मात्रा एक साल केवल 20,000 bpd थी।