Page Loader
भारत की दूसरी सबसे बड़ी टेलीकॉम कंपनी बनी रिलायंस जियो, जानें यूजर्स की संख्या

भारत की दूसरी सबसे बड़ी टेलीकॉम कंपनी बनी रिलायंस जियो, जानें यूजर्स की संख्या

Jul 20, 2019
12:54 pm

क्या है खबर?

टेलीकॉम रेगुलेटरी अथॉरिटी ऑफ इंडिया (TRAI) हर महीने टेलीकॉम सेक्टर को लेकर रिपोर्ट जारी करती है। TRAI की मई महीने की रिपोर्ट के मुताबिक, मुकेश अंबानी की रिलायंस जियो भारत की दूसरी सबसे बड़ी टेलीकॉम कंपनी बन गई है। जियो ने एयरटेल को पछाड़कर यह स्थान हासिल किया है। पिछले कुछ समय से वोडाफोन-आईडिया इस लिस्ट में शीर्ष स्थान पर बरकरार है। हालांकि, कंपनी के सब्सक्राइबर की संख्या तेजी से घट रही है। आइये, यह पूरी खबर जानते हैं।

जानकारी

जियो ने जोड़े 81.8 लाख नए सब्सक्राइबर

इस रिपोर्ट के मुताबिक, मई में रिलायंस जियो ने कुल 81.8 लाख नए सब्सक्राइबर जोड़े। इसकी तुलना में वोडाफोन-आईडिया ने 56.97 लाख और एयरटेल ने 15.08 लाख सब्सक्राइबर खोए। जियो की तुलना में इन दोनों कंपनियों को बड़ा नुकसान हुआ है।

सबसे बड़ी कंपनी

वोडाफोन-आईडिया के पास सबसे बड़ा यूजर बेस

TRAI की रिपोर्ट के अनुसार, मई महीने तक वोडाफोन-आईडिया के पास देश में सबसे बड़ा यूजर बेस है। कंपनी 38.75 करोड़ यूजर्स के साथ इस लिस्ट में पहले नंबर पर है। इसके बाद दूसरे नंबर पर मौजूद जियो के यूजर्स की संख्या 32.29 करोड़ है। कभी देश की सबसे बड़ी टेलीकॉम कंपनी होने वाली एयरटेल अब फिसलकर तीसरे नंबर पर पहुंच गई है और इसके यूजर्स की संख्या 32.03 करोड़ है। BSNL के यूजर्स की संख्या 11.58 करोड़ है।

जानकारी

एयरटेल को नहीं मिला नई रणनीति का फायदा

पिछले कुछ महीनों में एयरटेल, BSNL और वोडाफोन ने कई शानदार ऑफर पेश किए। वोडाफोन को इसका फायदा हुआ, लेकिन एयरटेल को इसका फायदा नहीं मिल पाया। एयरटेल के घटते यूजर्स की वजह से कंपनी का मार्केट शेयर कम होकर 27.58 प्रतिशत हो गया है।

मुनाफा

जियो का शुद्ध मुनाफा 891 करोड़ पहुंचा

बीते महीने समाप्त हुई वित्तीय तिमाही में जियो ने 891 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा दर्ज किया था। बीते वर्ष यह संख्या 612 करोड़ रुपये थी। जियो यूजर्स की प्रति महीने डाटा खपत बढ़कर 11.4 GB पहुंच गई है। यह पिछले वर्ष की तुलना में 7.6 फीसदी अधिक है। बता दें कि 2016 में शुरू होने के बाद से जियो ने टेलीकॉम सेक्टर में क्रांति ला दी है। यूजर्स को बेहद सस्ती कीमत में डाटा मिल रहा है।

रिलायंस जियो

जियो ने बढ़ाई दूसरी कंपनियों की मुश्किलें

सितबंर, 2016 में अपनी शुरुआत से ही रिलायंस जियो ने बाजार में आक्रामक रूख अपनाया है। पहले तीन महीने तक यूजर्स को फ्री सर्विस और उसके बाद कम कीमत पर कॉलिंग और इंटरनेट की सुविधा ने दूसरी कंपनियों के लिए मुश्किलें खड़ी कर दी। जियो को टक्कर देने के लिए एयरटेल और वोडाफोन-आईडिया जैसी कंपनियों को अपनी रणनीति में पूरा बदलाव करना पड़ा था। विशेषज्ञों का मानना है कि जियो कुछ समय में सबसे बड़ी कंपनी बन सकती है।

सर्वे

भारत की दूसरी सबसे लोकप्रिय कंपनी है जियो

बीते महीने हुए एक सर्वे के मुताबिक, रिलायंस जियो भारत की दूसरी सबसे लोकप्रिय कंपनी है। Ipsos के सर्वे के मुताबिक, सर्च इंजन गूगल भारत की सबसे लोकप्रिय कंपनी बनी हुई है। सर्वे के मुताबिक, सबसे लोकप्रिय कंपनी गूगल के बाद जियो, पेटीएम, फेसबुक और पिछले साल दूसरे नंबर पर रहने वाली अमेजन का स्थान है। छठे नंबर पर सैमसंग, सातवें स्थान पर माइक्रोसॉफ्ट, आठवें पायदान पर एयरटेल, फ्लिपकार्ट नौंवे नंबर और 10वें स्थान पर ऐपल है।