Page Loader
बजट 2024: सरकार ने दोगुना किया साइबर सुरक्षा के लिए आवंटन
केंद्र सरकार ने साइबर सुरक्षा बजट को दोगुना कर दिया है

बजट 2024: सरकार ने दोगुना किया साइबर सुरक्षा के लिए आवंटन

Feb 01, 2024
02:37 pm

क्या है खबर?

देश में बड़े-बड़े संस्थानों पर हो रहे साइबर हमलों को लेकर केंद्र सरकार काफी गंभीर है। यही कारण है कि आज (1 फरवरी) केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने 2024 के अंतरिम बजट में साइबर सुरक्षा परियोजनाओं के लिए बजट को लगभग दोगुना कर दिया है। भारत सरकार ने साइबर सुरक्षा परियोजनाओं के लिए 2023-24 में आवंटित 400 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 2024-25 के लिए 750 करोड़ रुपये कर दिया है।

बजट

2 वर्ष में रिकॉर्ड स्तर पर बढ़ा साइबर सुरक्षा बजट

वित्तीय वर्ष 2022-23 में साइबर सुरक्षा परियोजनाओं के लिए केंद्र सरकार ने केवल 30 करोड़ रुपये का ही बजट आवंटित किया था। हालांकि, बीते 2 वर्षों में साइबर सुरक्षा के बजट में रिकॉर्ड स्तर की बढ़ोतरी देखने को मिली है। इस साल के अंतरिम बजट में आवंटन अनुमान को संशोधित कर 750 करोड़ रुपये कर दिया गया है। बता दें कि इनमें से अधिकांश परियोजनाएं इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) के तरफ से शुरू की गई हैं।

मामले

देश में बढ़े साइबर अपराध के मामले

साइबर सुरक्षा के लिए भारत की नोडल एजेंसी, इंडियन कंप्यूटर इमरजेंसी रिस्पांस टीम (CERT-In) की तरफ से नवंबर, 2023 में जारी की गई वार्षिक रिपोर्ट में कहा गया है कि एजेंसी ने 2022 में 13.91 लाख से अधिक साइबर सुरक्षा घटनाओं को संभाला। बीते 2 साल में सरकारी संस्थानों पर कई साइबर सुरक्षा हमले हुए हैं, जिनमें सबसे उल्लेखनीय रैंसमवेयर हमला है, जिसने 2023 में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) को प्रभावित किया था।