
#NewsBytesExplainer: क्या होता है PUC सर्टिफिकेट और यह वाहनों के लिए क्यों जरूरी है?
क्या है खबर?
देश में वाहनों की संख्या लगातार बढ़ रही है और इससे प्रदूषण भी अधिक मात्रा में होने लगा है। इसे नियंत्रित करने के लिए सरकार ने वाहनों के लिए प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण पत्र (PUC) अनिवार्य किया है।
अभी भी कई लोगों को PUC सर्टिफिकेट के बारे में नहीं पता है। ऐसे लोगों के लिए आज हम कार गाइड में PUC की जानकारी लेकर आए हैं।
आइये जानते हैं PUC सर्टिफिकेट क्या है और इसे कैसे बनवाया जा सकता है।
PUC
PUC सर्टिफिकेट क्या है?
PUC सर्टिफिकेट एक आधिकारिक दस्तावेज है, जो प्रमाणित करता है कि वाहन सार्वजनिक जगहों पर चलने के लिए पूरी तरह से फिट है।
यह पेट्रोल, डीजल और गैस से चलने वाले वाहनों से निकलने वाले धुएं की जांच कर जारी किया जाता है। इस सर्टिफिकेट को तब जारी किया जाता है, जब कोई वाहन सरकार की ओर से तय किए मानकों से ज्यादा प्रदूषण न करे।
सभी वाहनों के लिए PUC सर्टिफिकेट अनिवार्य होता है।
जरूरी
वाहनों के लिए क्यों जरूरी है PUC?
सड़क पर वाहन चलाते समय आपके पास वैध PUC होना अनिवार्य है। कोई भी ट्रैफिक पुलिस अधिकारी आपसे PUC सर्टिफिकेट मांग सकता है।
अगर आपके पास वैध PUC नहीं है तो मालिक मोटर वाहन अधिनियम की धारा 190(2) के तहत आप पर कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।
बता दें कि यह सर्टिफिकेट न होने की स्थिति में वाहन मालिक या चालक को 10,000 रुपये तक का जुर्माना लगाया जा सकता है।
बनवाना
कैसे बनवाएं PUC सर्टिफिकेट?
1: PUC सर्टिफिकेट बनवाने के लिए सबसे पहले आपको अपने वाहन को परीक्षण केंद्र वाले ईंधन स्टेशन या RTO ऑफिस पर ले जाना होगा।
2: यहां आपके वाहन के इजेक्शन पाइप से उत्सर्जन स्तर की जांच करके परीक्षण शुरू किया जाएगा। बता दें कि PUC के लिए आपको हर बार परीक्षण केंद्र जाना पड़ेगा। इसे ऑनलाइन नहीं बनवाया जा सकता है।
3: उत्सर्जन स्तर की जांच के लिए आपको गाड़ी स्टार्ट कर इसे एक्सेलरेट करना पड़ेगा।
रीडिंग
PUC सर्टिफिकेट के लिए कितने पैसे देने पड़ते हैं?
4: एक बार परीक्षण सटीक रूप से हो जाने के बाद कंप्यूटर स्क्रीन पर PUC की रीडिंग मिल जाएगी।
5: इसके बाद ऑपरेटर वाहन के रजिस्ट्रेशन नंबर प्लेट की तस्वीर ले लेता है और फिर PUC सर्टिफिकेट जनरेट हो जाता है।
6: इसके बाद आपको सर्टिफिकेट के लिए भुगतान करना होगा है और फिर आप प्रदूषण प्रमाणपत्र प्राप्त कर सकते हैं।
PUC के लिए आपको 60 रुपये से लेकर 100 रुपये तक देने पड़ सकते हैं।
सर्टिफिकेट
PUC सर्टिफिकेट खो जाए तो करें ये काम
अगर कभी गलती से आपसे PUC सर्टिफिकेट खो जाए तो परेशान ना हों आप इसे परिवहन पोर्टल से डाउनलोड भी कर सकते हैं।
इसके लिए सबसे पहले वाहन परिवहन पोर्टल पर जाएं और मेन्यू बार से PUC सर्टिफिकेट के विकल्प पर क्लिक करें।
यहां वाहन का रजिस्ट्रेशन नंबर, चेसिस नंबरऔर कोड दर्ज करें और PUC डिटेल्स पर क्लिक करें।
इसके बाद आपको अपने वाहन का PUC सर्टिफिकेट दिख जाएगा, जिसे डाउनलोड बटन पर क्लिक करके सेव कर सकते हैं।
मान्य
कितने समय के लिए मान्य होता है PUC सर्टिफिकेट?
जानकारी के लिए आपको बता दें कि PUC सर्टिफिकेट सीमित अवधि के लिए वैध होता है और इसे बार-बार बनवाना पड़ता है।
एक नई कार या बाइक के लिए PUC सर्टिफिकेट की वैधता 1 वर्ष की होती है। उसके बाद आपको हर 6 महीने में PUC सर्टिफिकेट बनवाना पड़ता है।
इसके लिए आपको उत्सर्जन परीक्षण केंद्र वाले पेट्रोल पंप पर जाना होगा और फिर से अपनी गाड़ी की जांच करवानी पड़ेगी।
फायदे
PUC सर्टिफिकेट के क्या हैं फायदे?
PUC सर्टिफिकेट के कई फायदे हैं-
प्रदूषण नियंत्रण में करता है मदद: PUC सर्टिफिकेट से पता चलता है कि वाहन कितना प्रदूषण कर रहा है। इससे कार्बन उत्सर्जन को नियंत्रण में रखने में मदद मिलती है, जो देश के कार्बन फुटप्रिंट को कम करने में मदद कर सकता है।
वाहन फिटनेस: PUC सर्टिफिकेट आपको यह समझने में मदद करता है कि आपका वाहन पर्यावरण के अनुकूल है या नहीं और यह कितना फिट है।