Page Loader
हुंडई ने 3 दशक में बेची कुल 1.27 करोड़ गाड़ियां, भारत में कितनी बिकीं? 
हुंडई ने 3 दशक में भारतीय बाजार में 90 लाख से ज्यादा गाड़ियां बेची हैं (तस्वीर: एक्स/@HyundaiIndia)

हुंडई ने 3 दशक में बेची कुल 1.27 करोड़ गाड़ियां, भारत में कितनी बिकीं? 

May 06, 2025
11:58 am

क्या है खबर?

हुंडई मोटर कंपनी ने आज (6 मई) भारत में परिचालन के 29 साल पूरे कर लिए हैं। 6 मई, 1996 को प्रवेश करने वाली दक्षिण कोरियाई कंपनी ने अब तक कुल 1.27 करोड़ से ज्यादा गाड़ियां बेची हैं। इनमें से 90 लाख से ज्यादा गाड़ियां भारतीय बाजार में और 37 लाख 150 से ज्यादा देशों में निर्यात की गई हैं। कार निर्माता ने बताया कि उसने यहां 6 अरब डॉलर (510 अरब रुपये) से अधिक का निवेश किया।

उत्पादन 

तालेगांव प्लांट में जल्द शुरू होगा उत्पादन 

हुंडई ने सितंबर, 1998 में तमिलनाडु के श्रीपेरंबदूर में कोरिया के बाहर पहला प्लांट स्थापित कर उत्पादन शुरू किया। तब से उसके उत्पाद लाइनअप में सैंट्रो से लेकर क्रेटा और आयनिक-5 तक ने भारतीय ऑटोमोबाइल परिदृश्य को नया रूप दिया। वह इस साल की चौथी तिमाही में महाराष्ट्र के तालेगांव में अपने नए प्लांट में परिचालन शुरू करने की तैयारी कर रहा है। कंपनी ने हाल ही में चेन्नई प्लांट के आधुनिकीकरण के लिए 1,500 करोड़ रुपये आवंटित किए हैं।

निर्यात 

हुंडई ने निर्यात में बनाए कीर्तिमान 

भारत अब हुंडई की वैश्विक बिक्री मात्रा (2024) में 18.5 फीसदी का योगदान देता है, जो कंपनी के संचालन के रणनीतिक महत्व को दर्शाता है। हुंडई अपनी शुरुआत से ही देश की शीर्ष कार निर्यातक बनी हुई है। 2008 में 5 लाख बिक्री का आंकड़ा छुआ, जो 2010 में 10 लाख तक पहुंच गया। 2014 में 20 लाख, 2020 में 30 लाख और 2025 में 37 लाख हो गई है। कंपनी ने अक्टूबर, 2024 में अपना IPO भी लॉन्च किया।