
वित्त वर्ष 2025 में हुई 43 लाख गड़ियों की बिक्री, अब तक की सर्वाधिक
क्या है खबर?
वित्त वर्ष 2024-25 में गाड़ियों की थोक बिक्री 43 लाख के सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गई।
सोसाइटी ऑफ इंडियन ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरर्स (SIAM) के आंकड़ों के अनुसार, यह पिछले वित्त वर्ष 2023-24 की तुलना में 2 प्रतिशत अधिक है।
इसमें सबसे ज्यादा हिस्सेदारी यूटिलिटी वाहनों (UV) की रही है, जिसकी हिस्सेदारी 60 से बढ़कर 65 प्रतिशत हो गई।
इतना ही नहीं इस दौरान सबसे अधिक निर्यात देखा गया है, जो 14.6 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 7.7 लाख हो गया।
दोपहिया वाहन
दोपहिया वाहनों की बिक्री में भी हुआ इजाफा
दोपहिया वाहनों की बिक्री वित्त वर्ष 2024-25 में 9.1 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 196 लाख रही है, जबकि निर्यात 21.4 प्रतिशत की जोरदार वृद्धि के साथ 42 लाख तक पहुंच गया।
इलेक्ट्रिक वाहनों (EVs) ने भी बढ़त हासिल की है, जिसकी की कुल दोपहिया वाहनों की बिक्री में हिस्सेदारी 6 प्रतिशत को पार कर गई।
निर्यात में वृद्धि लैटिन अमेरिकी और अफ्रीकी बाजारों के अलावा नए विकसित देशों में भारतीय मॉडल्स की बिक्री के कारण है।
कुल बिक्री
ऐसी रही है कुल बिक्री
भारतीय ऑटोमोबाइल उद्योग की घरेलू बिक्री में 7.3 प्रतिशत की वृद्धि हुई और निर्यात में 19.2 प्रतिशत की मजबूत वृद्धि देखी गई।
SIAM के अनुसार, ग्रामीण मांग में सुधार और बढ़ते उपभोक्ता विश्वास ने इस वृद्धि में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
आधुनिक डिजाइन और उन्नत सुविधाओं वाले नए मॉडल लॉन्च और आकर्षक छूट ने अधिक खरीदारों को आकर्षित किया। SIAM को उम्मीद है कि वित्त वर्ष 2025-26 में ऑटो सेक्टर अपनी वृद्धि जारी रखेगा।