Page Loader
BBC मुख्यालय के बाहर भारी विरोध प्रदर्शन, हमास को 'आतंकी संगठन' कहने से किया था इनकार
BBC मुख्यालय के बाहर इजरायल समर्थकों का विरोध प्रदर्शन

BBC मुख्यालय के बाहर भारी विरोध प्रदर्शन, हमास को 'आतंकी संगठन' कहने से किया था इनकार

लेखन महिमा
Oct 17, 2023
06:28 pm

क्या है खबर?

ब्रिटिश ब्रॉडकास्टिंग कॉरपोरेशन (BBC) ने हमास को आतंकवादी संगठन कहने से इनकार किया तो 250 से अधिक प्रदर्शनकारियों ने लंदन स्थित उसके मुख्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। ये विरोध प्रदर्शन राष्ट्रीय यहूदी सभा (NJA) द्वारा आयोजित किया गया जिसमें BBC के खिलाफ नारे भी लगाए गए। ब्रिटेन में सबसे बड़े यहूदी संगठन ने इस संस्थान पर आरोप लगाए हैं कि वो हमास को आतंकवादी संगठन की बजाय बार-बार 'उग्रवादी' का टैग दे रहा है।

आरोप

यहूदी संगठन की मांग, BBC हमास को न कहे उग्रवादी 

NJA ने एक्स पर लिखा, 'हम स्पष्ट कर देना चाहते हैं कि हम यहां किसी को नुकसान पहुंचाने के लिए नहीं आए हैं और न परेशानी बढ़ाने आए हैं, हम खुद के बचाव के लिए आए हैं। हम यहां BBC से युद्ध की निष्पक्ष कवरेज कराने और अपनी रिपोर्ट में हमास को आतंकवादी बताने के लिए आए हैं।' यहूदियों के बोर्ड ऑफ डिप्टीज ने भी संचार नियामक ऑफकॉम (Ofcom) के पास शिकायत दर्ज कराई है।

जानकारी

ब्रिटेन सरकार ने भी BBC को कानून का पालन करने के लिए कहा

ब्रिटेन के रक्षा मंत्री ग्रांट शाप्स ने भी पिछले हफ्ते कहा था कि BBC को कानून का पालन करना चाहिए और हमास को एक आतंकवादी संगठन कहना चाहिए। इस संगठन को सरकार ने 2021 में प्रतिबंधित कर दिया था।

सिद्धांत

BBC ने अपनी सफाई में क्या कहा?

BBC का तर्क है कि वो अपने सिद्धांतों के कारण हमास को आतंकवादी संगठन नहीं लिखता है। BBC के वैश्विक मामलों के संपादक और अनुभवी पत्रकार जॉन सिम्पसन ने कहा कि BBC संपादकीय दिशानिर्देशों के अनुरूप सटीक जानकारी और निष्पक्षता के साथ रिपोर्ट करता है जो सार्वजनिक तौर पर उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि उन्होंने अपनी खबरों में बताया है कि हमास को ब्रिटेन और अन्य सरकारों द्वारा एक आतंकवादी संगठन के रूप में प्रतिबंधित किया गया है।

पत्र

यहूदी संगठन ने नियामक को लिखे पत्र में क्या तर्क दिए?

नियामक को लिखे एक पत्र में यहूदी संगठन के वकीलों का तर्क है कि BBC अपने स्वयं के संपादकीय दिशानिर्देशों का पालन करने में विफल रहा है। 7 अक्टूबर को इजरायल पर हमास के हमले के बाद भी इस संगठन का हमला जारी है, ऐसे में BBC को अपनी कवरेज में हमास को एक 'आतंकवादी' संगठन के रूप में संदर्भित करना चाहिए। बता दें, इससे पहले विरोध में BBC ऑफिस पर लाल रंग का पेंट थोप दिया गया था।

इजरायल-हमास

क्या है मामला?

फिलिस्तीन के आतंकी संगठन हमास ने 7 अक्टूबर को इजरायल पर अचानक हमला कर दिया था। हवाई हमले के साथ-साथ जमीनी हमले में हमास ने लोगों को मारना शुरू कर दिया और कई लोगों को बंधक बना लिया जो अभी भी उसकी कैद में हैं। इसके बाद इजरायल ने हमास को खत्म करने का संकल्प लेते हुए जंग का ऐलान कर दिया। आज इस जंग को 11 दिन हो गए हैं जिसमें 5,000 से अधिक लोगों की जान गई है।