Page Loader
#NewsBytesExplainer: अमेरिका के सर्वोच्च नागरिक सम्मान से जुड़ी हर बात जानिए, जॉर्ज सोरोस को क्यों मिला? 
जो बाइडन ने 19 शख्सियतों को 'प्रेसिडेंशियल मेडल ऑफ फ्रीडम' से सम्मानित किया है

#NewsBytesExplainer: अमेरिका के सर्वोच्च नागरिक सम्मान से जुड़ी हर बात जानिए, जॉर्ज सोरोस को क्यों मिला? 

लेखन आबिद खान
Jan 05, 2025
04:47 pm

क्या है खबर?

अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन ने अपना कार्यकाल खत्म होने से पहले देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान 'प्रेसिडेंशियल मेडल ऑफ फ्रीडम' का ऐलान कर दिया है। इस बार ये हिलेरी क्लिंटन, लियोनल मेसी और जॉर्ज सोरोस समेत 19 लोगों को दिया गया है। यह सम्मान राजनीति, खेल, मनोरंजन, नागरिक अधिकार और विज्ञान के क्षेत्र में काम करने वाले लोगों को दिया गया है। आइए इस पुरस्कार से जुड़ी अहम बातें जानते हैं।

सम्मानित शख्सियत

सबसे पहले जानिए किसे मिला पुरस्कार?

अमेरिका की पूर्व विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन, परोपकारी और प्रमुख डेमोक्रेटिक दानकर्ता जॉर्ज सोरोस, अर्जेंटीना के फुटबॉलर लियोनल मेसी, मानवविज्ञानी जेन गुडॉल, अभिनेता डेनजल वाशिंगटन और माइकल फॉक्स, मानवविज्ञानी डॉक्टर जेन गुडाल, बास्केटबॉल खिलाड़ी मैजिक जॉनसन, शेफ और वर्ल्ड सेंट्रल किचन के संस्थापक जोस एंड्रेस, फैशन डिजाइनर राल्फ लॉरेन, वोग के प्रधान संपादक अन्ना विंटोर, विज्ञान शिक्षक बिल नाय, LQBTQ कार्यकर्ता टिम गिल, अरबपति परोपकारी डेविड रुबेनस्टीन और अमेरिकी फिल्म संस्थान के संस्थापक जॉर्ज स्टीवंस को सम्मान मिला है।

मरणोपरांत

4 लोगों को मरणोपरांत किया गया सम्मानित

जिन 19 लोगों को सम्मानित किया है, उनमें से 4 पदक मरणोपरांत दिए गए हैं। ये पदक मिशिगन के गवर्नर रहे जॉर्ज डब्ल्यू रोमनी, पूर्व अटॉर्नी जनरल और सीनेटर रॉबर्ट एफ कैनेडी, पूर्व रक्षा सचिव ऐश कार्टर और मिसिसिपी फ्रीडम डेमोक्रेटिक पार्टी की संस्थापक और 1965 के वोटिंग राइट्स एक्ट की नींव रखने वाली फैनी लू हैमर को दिए गए हैं। पिछले साल भी 19 लोगों को ये सम्मान दिया गया था।

सम्मान

क्या है 'प्रेसिडेंशियल मेडल ऑफ फ्रीडम' सम्मान?

ये अमेरिका का सर्वोच्च नागरिक सम्मान है, जो उन व्यक्तियों को दिया जाता है, जिन्होंने अमेरिका की सुरक्षा या राष्ट्रीय हितों, विश्व शांति, सांस्कृतिक या अन्य महत्वपूर्ण सार्वजनिक या निजी प्रयासों में सराहनीय योगदान दिया है। अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति हैरी एस ट्रूमैन ने 1945 में इसकी शुरुआत की थी। तब इसे मेडल ऑफ फ्रीडम कहा जाता था। 1963 में तत्कालीन राष्ट्रपति जॉन एफ कैनेडी ने इसके वर्तमान स्वरूप की शुरुआत की।

सम्मान पदक

सम्मान में क्या-क्या मिलता है?

सम्मान में नीली और सुनहरी रिबन के साथ एक पदक दिया जाता है। पदक में लाल पेंटागन के ऊपर एक बड़ा सफेद सितारा होता है, जिसके चारों ओर 5 बाज होते हैं। इसके बीचोंबीच सोने की 13 सितारों की आकृति होती है। इस पदक के साथ एक रिबन, आम कपड़ों पर पहनने के लिए एक छोटा पेंडेंट और एक लैपल बैज भी दिया जाता है। सम्मान के साथ में कोई राशि नहीं मिलती है।

चयन

सम्मान पाने वालों का चयन कैसे किया जाता है?

इसका कोई निश्चित पैमाना नहीं है। 1970 के एक आदेश के अनुसार, राष्ट्रपति के पास पदक प्रदान करने के लिए व्यापक स्वतंत्रता है। आदेश कहता है कि राष्ट्रपति द्वारा अनुशंसित किसी भी व्यक्ति या राष्ट्रपति द्वारा अपनी पहल पर चुने गए किसी भी व्यक्ति को ये सम्मान दिया जा सकता है। यही वजह है कि कई बार अपनी पार्टी के समर्थकों और नेताओं को राजनीतिक और व्यक्तिगत हित देखते हुए सम्मान दिया जाता है।

विवाद

जॉर्ज सोरोस को मिलने पर क्या है विवाद?

विवादित निवेशक जॉर्ज सोरोस को सम्मानित करने पर अरबपति अमेरिकी कारोबारी एलन मस्क ने आलोचना की है। मस्क ने इस फैसले को शर्मनाक कहा है। मस्क ने सोशल मीडिया पर सोरोस की तुलना स्टार वार्स के खलनायक डार्थ सिडियस से करते हुए लिखा, 'जॉर्ज सोरोस तो यहां काफी अच्छे लग रहे हैं। जरूर लाइटिंग अच्छी रही होगी।' रिपब्लिकन पार्टी के कई नेताओं ने भी सोरोस को सम्मानित करने पर आपत्ति जताई है।

भारत

भारत में भी चर्चित रहे हैं सोरोस

सोरोस पर कई देशों में सत्ता परिवर्तन और राजनीति को प्रभावित करने का एजेंडा चलाने का आरोप हैं। सोरोस की संस्था 'ओपन सोसाइटी फाउंडेशन' द्वारा दूसरी संस्थाओं को होने वाली फंडिंग पर केंद्र सरकार ने 2016 में रोक लगा दी थी। अगस्त, 2023 में सोरोस ने कहा था कि भारत लोकतांत्रिक देश है, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लोकतांत्रिक नहीं हैं। वे अनुच्छेद 370 और CAA पर भी टिप्पणी कर चुके हैं।