Page Loader
डोनाल्ड ट्रंप पर हमला: कौन हैं किंबर्ली चीटल और क्यों हो रही उनके इस्तीफे की मांग?
अमेरिकी सीक्रेट सर्विस की प्रमुख किंबर्ली चीटल के इस्तीफे की हो रही मांग (तस्वीर: एक्स/@LivePDDave1)

डोनाल्ड ट्रंप पर हमला: कौन हैं किंबर्ली चीटल और क्यों हो रही उनके इस्तीफे की मांग?

Jul 14, 2024
05:04 pm

क्या है खबर?

अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर जानलेवा हमला हुआ है। एक रैली में ट्रंप पर गोलियां चलाई गईं, जिसमें से एक उनके कान को छूकर निकल गई। हमले में ट्रंप को गंभीर चोट नहीं आई और हमलावर भी मारा गया है, लेकिन उनकी सुरक्षा पर सवाल उठ रहे हैं। सबसे ज्यादा चर्चा अमेरिका की सीक्रेट सर्विस एजेंट्स की नाकामी की हो रही है। लोग सीक्रेट सर्विस की प्रमुख किम्बर्ली ए चीटल से इस्तीफा मांग रहे हैं।

विरोध

क्यों हो रहा है चीटल का विरोध?

कई रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि रैली में मौजूद कुछ लोगों ने घटनास्थल पर मौजूद सीक्रेट सर्विस के एजेंट को संदिग्ध गतिविधि के बारे में बताया भी था, लेकिन उन्होंने इस बात पर ध्यान नहीं दिया। इसके बाद लोग कड़ा विरोध कर रहे हैं और सीक्रेट सर्विस की प्रमुख चीटल से इस्तीफा मांग रहे हैं। इधर, चीटल को ट्रंप की रैली में हुई गोलीबारी की घटना को लेकर 22 जुलाई को बयान देने के लिए बुलाया गया है।

परिचय

कौन है सीक्रेट सर्विस की प्रमुख चीटल?

चीटल सितंबर 2022 से सीक्रेट सर्विस की प्रमुख हैं और जेम्स एम मरे (मई 2019-सितंबर 2022) की जगह लेने वाली 27वीं निदेशक हैं। इससे पहले उन्होंने पेप्सिको के साथ ग्लोबल सिक्योरिटी में वरिष्ठ निदेशक के रूप में काम किया था। वह 1995 में सेवा में शामिल हुई थीं। सीक्रेट सर्विस में उनकी पिछली भूमिका प्रोटेक्टिव ऑपरेशन ऑफिस की सहायक निदेशक के रूप में थी। वह अटलांटा में संगठन के क्षेत्रीय कार्यालय की प्रभारी विशेष एजेंट भी रही थीं।

जानकारी

चीटल को राष्ट्रपति जो बाइडन ने बनाया था सीक्रेट सर्विस का प्रमुख

साल 2021 में राष्ट्रपति जो बाइडन चीटल को उनके असाधारण प्रदर्शन के लिए प्रेसिडेंशियल रैंक अवार्ड से सम्मानित किया था। इसके बाद अगले साल बाइडन ने उन्हें सीक्रेट सर्विस के प्रमुख के रूप में नियुक्ति देकर उन्हें बड़ी जिम्मेदारी सौंपी थी।