Loading...
फिलीपींस में इस बच्ची के पैदा होते ही दुनिया की आबादी हुई 8 अरब
दुनिया की आठ अरबवींं बच्ची (तस्वीर: फेसबुक/@POPCOM)

फिलीपींस में इस बच्ची के पैदा होते ही दुनिया की आबादी हुई 8 अरब

लेखन गौसिया
Nov 16, 2022
10:00 am

क्या है खबर?

संयुक्त राष्ट्र (UN) की 'वर्ल्ड पॉपुलेशन प्रोस्पेक्ट्स 2022' रिपोर्ट के मुताबिक, बीते दिन दुनिया की आबादी आठ अरब पहुंच गई थी। यह रिपोर्ट फिलीपींस में मंगलवार की देर रात को एक बच्ची के जन्म होने के बाद सामने आई। ऐसा अनुमान लगाया जा रहा है कि यह बच्ची दुनिया के आठ अरबवें व्यक्ति होने का प्रतीक है और इसका नाम विनिस माबनसाग रखा गया है। आइए आपको इसके बारे में विस्तार से बताते हैं।

बच्ची का जन्म

मां ने बच्ची को बताया आशीर्वाद

मनीला में स्थित डॉक्टर जोस फेबेला मेमोरियल अस्पताल में मंगलवार रात 1:29 बजे विनिस का जन्म नॉर्मल डिलीवरी से हुआ और इसे दुनिया का आठ अरबवां बच्चा बताया गया।

इस बात से विनिस की मां मारिया मार्गरेट विलोरेंट बेहद खुश हैं। उनका मानना है कि यह बच्ची उनके लिए आशीर्वाद है।

वहीं अस्पताल के मुख्य चिकित्सा आधिकारी डॉ रोमियो बिटुइन ने बताया कि दुनिया के आठ अरबवें बच्चे को देखने के लिए उन्होंने दो घंटे का इतंजार किया।

बयान

बच्ची के जन्म पर POPCOM और UN ने क्या कहा?

जनसंख्या और विकास आयोग (POPCOM) ने फेसबुक पर इस बात की जानकारी देते तस्वीरें भी शेयर की हैं।

POPCOM के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी लिनेथ थेरेसी मोनसाल्वे ने 800वें करोड़ बच्चे के पैदा होने पर कहा कि उन्हें उम्मीद है कि विनिस भविष्य में विकास का रोल मॉडल बनेंगी।

वहीं इस बात पर UN ने कहा कि दुनिया की आबादी आठ अरब पहुंचने का मतलब है आठ अरब उम्मीदें, आठ अरब सपने और आठ अरब संभावनाएं यानी अब जिम्मेदारी बढ़ गई।

ADVERTISEMENT

फेसबुक पोस्ट

यहां देखिए दुनिया की आठ अरबवीं नागरिक की तस्वीरें

ADVERTISEMENT

आंकड़े

नौ अरब की आबादी तक पहुंचने में लगेंगे 15 साल

UN की रिपोर्ट के मुताबिक, स्वास्थ्य सेवाओं के बेहतर होने की वजह से वैश्विक स्तर पर मृत्यु दर में लगातार गिरावट आ रही है।

इस हिसाब से यह अनुमान लगाया गया है कि वैश्विक आबादी 2030 तक 8.5 अरब हो सकती है, वहीं 2050 तक यह 9.7 अरब तक पहुंच जाएगी।

2080 के दशक में 10.4 अरब पर वैश्विक आबादी पीक करेगी और 2100 तक इसी स्तर पर बनी रहेगी।

भारत की आबादी

न्यूजबाइट्स प्लस

रिपोर्ट में भारत के अगले साल चीन को पीछे छोड़कर सबसे अधिक आबादी वाला देश बनने का अनुमान लगाया गया है।

अभी 1.42 अरब जनसंख्या के साथ चीन सबसे अधिक आबादी वाला देश है, वहीं 1.41 अरब आबादी के साथ भारत उससे ज्यादा पीछे नहीं है।

रिपोर्ट में 2050 में भारत की आबादी 1.66 अरब पहुंचने का अनुमान है, वहीं तब चीन की आबादी 1.317 अरब होगी।

ADVERTISEMENT