Page Loader
यहाँ शादी करने पर मिलेगा 25 लाख रुपये का कर्ज, बच्चे पैदा करने पर कर्ज़ माफ़

यहाँ शादी करने पर मिलेगा 25 लाख रुपये का कर्ज, बच्चे पैदा करने पर कर्ज़ माफ़

Feb 12, 2019
06:25 pm

क्या है खबर?

यूरोपीय देश हंगरी इस समय घटती आबादी और बढ़ते प्रवासियों की संख्या से काफ़ी परेशान है। सरकार इसके लिए कई योजनाएँ लागू कर रही है। प्रधानमंत्री विक्टर ऑर्बन ने इसके तहत महिलाओं को कई सुविधाएँ देने की भी घोषणा की है। उन्होंने कहा कि देश की 40 साल से कम उम्र की महिला को शादी करने पर 25 लाख रुपये तक का कर्ज़ बिना ब्याज के दिया जाएगा। साथ ही तीसरा बच्चा पैदा होने पर कर्ज़ माफ़ हो जाएगा।

योजना

चार बच्चे पैदा करने पर माफ़ होगा जीवनभर इनकम टैक्स

आपको जानकर हैरानी होगी की विक्टर की योजना के अनुसार चार या चार से ज़्यादा बच्चे पैदा करने के बाद महिलाओं को जीवनभर इनकम टैक्स नहीं देना होगा। केवल यही नहीं तीन या उससे ज़्यादा बच्चों वाले परिवार को सरकार सात सीटों वाली गाड़ी ख़रीदने के लिए छह लाख रुपए की मदद भी देगी। प्रधानमंत्री विक्टर ने कहा कि प्रवासियों पर निर्भरता कम करने और हंगरी का भविष्य बचाए रखने के लिए अब यही एक तरीक़ा बचा था।

बयान

योजना से कम होती जनसंख्या पर लगेगी लगाम

प्रधानमंत्री विक्टर ने कहा कि इस फ़ैसले से हंगरी की कम होती जनसंख्या पर लगाम लग सकेगी और महिलाएँ ज़्यादा से ज़्यादा बच्चे पैदा करने के लिए भी प्रोत्साहित होंगी।

बयान

हमें संख्या नहीं हंगेरियन बच्चे चाहिए- विक्टर ऑर्बन

विक्टर ने एनुअल स्टेट ऑफ द नेशन को संबोधित करते हुए कहा कि मुस्लिम देशों के प्रवासियों को देश में प्रवेश की अनुमति देने से बेहतर है अपने देश के लोगों द्वारा ज़्यादा बच्चे पैदा करना। उन्होंने आगे कहा, "मैं यह नहीं चाहता कि ज़्यादा प्रवासियों की वजह से देश की जनसख्या बढ़े। हाँ, मैं यह ज़रूर सोचता हूँ कि हमें संख्या नहीं हंगेरियन बच्चे चाहिए। हमारे लिए माइग्रेशन सरेंडर जैसा है।"

जानकारी

लोगों द्वारा योजना को वापस लिए जाने की माँग

जब विक्टर देश को संबोधित कर रहे थे, उस समय राजधानी बुडापेस्ट में उनकी नीतियों के ख़िलाफ़ प्रदर्शन हो रहा था। प्रधानमंत्री कार्यालय के आगे लगभग दो हज़ार लोग इस योजना को वापस लिए जानें की माँग कर रहे थे।

प्रजनन दर

अफ़्रीका का नाइज़र प्रजनन दर के मामले में है पूरी दुनिया में सबसे आगे

वर्तमान में हंगरी की जनसंख्या 97.8 लाख है, जिसमें से हर साल 32 हज़ार लोग कम हो रहे हैं। हंगरी में महिलाओं के औसतन 1.45 बच्चे हैं, जो यूरोपीय संघ 1.58 के औसत से कम है। इस मामले में फ्रांस की महिलाओं के औसतन 1.96 बच्चे हैं। वहीं स्पेन सबसे नीचे है, जहाँ की महिलाओं के औसतन 1.33 बच्चे हैं। अफ़्रीका के नाइज़र में प्रति महिला 7.24 बच्चे हैं जो पूरी दुनिया में सबसे ज़्यादा है।

सरकारी मदद

रूस और सर्बिया की सरकार भी बच्चे पैदा होने पर करती है मदद

रूस सरकार भी देश के गरीब परिवारों को बच्चे के जन्म के बाद 18 महीने तक लगभग 11-12 हज़ार रुपये प्रतिमाह देती है। इसके अलावा एक अतिरिक्त बच्चे के जन्म पर गरीब परिवार को एकमुश्त लगभग 3 लाख 23 हज़ार रुपये दिए जाते हैं। वहीं हंगरी के पड़ोसी देश सर्बिया में एक बच्चे के जन्म पर लगभग 67,666 रुपये का एकमुश्त भुगतान किया जाता है, जबकि दूसरे बच्चे के जन्म पर दो साल तक प्रतिमाह 6,700 रुपये दिए जाते हैं।