जनसंख्या नियंत्रण पर बोले रामदेव, दो से ज्यादा बच्चों के मां-बाप का वोटिंग अधिकार छीन लो
योग गुरु बाबा रामदेव के पास देश की बढ़ती जनसंख्या को रोकने का एक 'रामबाण नुस्खा' है। उनका सुझाव है कि दो से ज्यादा बच्चे पैदा करने वाले लोगों के वोटिंग अधिकार छीन लेने चाहिए। साथ ही उन्होंने ऐसे लोगों की चुनाव लड़ने और सरकारी नौकरी पर रोक की भी बात कही। रामदेव ने बढ़ती हुई जनसंख्या पर चिंता जाहिर करते हुए कहा कि सरकार को इसके नियंत्रण के लिए ऐसे ही कुछ कदम उठाने की जरूरत है।
'खुद नियंत्रण में आ जाएगी जनसंख्या'
अलीगढ़ में एक कार्यक्रम में बाबा रामदेव ने कहा, "जिनके भी दो से ज्यादा बच्चे हो, उनका वोटिंग अधिकार छीन लेना चाहिए और उन्हें चुनाव लड़ने की इजाजत नहीं होनी चाहिए।" रामदेव ने इन लोगों के सरकारी स्कूल और अस्पताल के इस्तेमाल पर रोक लगाने का सुझाव भी दिया। ऐसे लोगों को सरकारी नौकरी न दिए जाने की बात कहते हुए रामदेव ने कहा कि इससे देश की जनसंख्या अपने आप नियंत्रण में आ जाएगी।
जनसंख्या नियंत्रण पर रामदेव के बोल
पहले भी दे चुके हैं ऐसा ही बयान
रामदेव ने हिंदू और मुस्लिम दोनों समुदायों के लोगों पर ये शर्ते लागू करने की बात कही। खुद कुंवारे बाबा रामदेव ने पिछले साल भी ऐसी ही एक विवादित बात कही थी। उन्होंने कहा था कि उन जैसे लोगों को जो शादी नहीं करते, विशेष सम्मान से सम्मानित किया जाना चाहिए। रामदेव जनसंख्या में तेजी से वृद्धि को देश और समाज के लिए एक बड़ा खतरा मानते हैं और उनका मानना है कि इस पर तुरंत नियंत्रण की जरूरत है।
भाजपा नेता भी करते रहे हैं जनसंख्या नियंत्रण की मांग
रामदेव के जनसंख्या पर विचार केंद्र में शासित भारतीय जनता पार्टी के कुछ नेताओं से मेल खाते हैं। भाजपा के विवादित सांसद साक्षी महाराज और केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, दोनों जनसंख्या नियंत्रण कानून की मांग कर चुके हैं। मुस्लिमों की 'बढ़ती आबादी' से चितिंत इन नेताओं का मानना है कि जनसंख्या नियंत्रण पर सख्त कानून बनना चाहिए। बता दें कि भारत की जनसंख्या विश्व में दूसरे स्थान पर है। इस मामले में भारत से आगे केवल चीन है।