Page Loader
फेसऐप की मदद से 18 साल पहले किडनैप हुए बच्चे को पुलिस ने खोजा, जानें कैसे

फेसऐप की मदद से 18 साल पहले किडनैप हुए बच्चे को पुलिस ने खोजा, जानें कैसे

Jul 23, 2019
10:43 am

क्या है खबर?

आजकल विवादों में घिरा रूसी फेसऐप लोगों के बीच काफ़ी लोकप्रिय है। हर कोई अपनी वर्तमान की फोटो को बुढ़ापे की फोटो में बदलकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर रहा है। हालाँकि, इस ऐप की प्राइवेसी को लेकर काफ़ी चिंता जताई जा रही है। इसके बाद भी यह ऐप एक परिवार की ख़ुशियों का सबब बना है। दरअसल, फेसऐप की मदद से चीन में एक परिवार को 18 साल पहले किडनैप हुआ उनका बच्चा वापस मिल गया है। आइय जानें।

जानकारी

तीन साल की उम्र में गायब हुआ था बच्चा

जानकारी के अनुसार, चीन के बीजिंग में रहने वाले एक परिवार का बच्चा 18 साल पहले तीन साल की उम्र में गायब हो गया था। बच्चे का नाम यू वीफ़ेंग है। अब उसकी उम्र 21 साल है और वह कॉलेज की पढ़ाई कर रहा है।

ऐप

ऐप से पुलिस ने पुरानी फोटो को वर्तमान की फोटो में बदला

फेसऐप जिस तरह से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, उसके बाद पुलिस को विचार आया कि बच्चे की पुरानी फोटो से वर्तमान की फोटो हासिल की जा सकती है। इसके बाद पुलिस ने बच्चे की पुरानी फोटो को फेसऐप की मदद से वर्तमान की फोटो में बदला और देखा कि अब बच्चा कैसा दिखता होगा। कोई गलती न हो इसके लिए पुलिस ने AI लैब के अनुमान का मौजूदा फेशियल रिकग्निशन तकनीक के साथ मिलन भी किया।

जाँच

DNA जाँच से स्पष्ट हुआ मामला

इसके बाद पुलिस अपने काम में लग गई और बच्चे को खोज निकाला। पुलिस ने जिस फेसऐप का इस्तेमाल किया, उसे रूसी कंपनी वायरलेस लैब ने विकसित किया है। ऐप की मदद से लगभग 100 लोगों को छाँटा गया, जिसके बाद असली बच्चे का पता चला। मामले की जाँच में जुटे एक अधिकारी ने बताया कि जब उन्हें बच्चे मिला तो उसने किडनैप होने से इनकार कर दिया, लेकिन DNA जाँच से स्पष्ट हो गया कि ये वही बच्चा है।

लापता

कंस्ट्रक्शन साइट से लापता हुआ था बच्चा

अधिकारियों ने बताया कि वो बच्चे के लापता होने के बाद से ही उसकी तलाश में जुटे हुए थे। हालाँकि, पुलिस को अब जाकर सफलता मिली है। बता दें कि बच्चा 06 मई, 2001 को एक कंस्ट्रक्शन साइट से खेलते समय अचानक लापता हो गया था। आज जब बच्चे के माता-पिता को पता चला कि उनके बच्चे की परवरिश कोई और परिवार कर रहा था, तो उन्होंने उस परिवार का धन्यवाद भी किया।