टी-20 अंतरराष्ट्रीय में किए गए प्रदर्शन के आधार पर विराट कोहली और रोहित शर्मा की तुलना
क्या है खबर?
रोहित शर्मा और विराट कोहली टी-20 अंतरराष्ट्रीय खेलने वाले दो सबसे बेहतरीन खिलाड़ियों में से एक हैं। रोहित अपनी तकनीकी के साथ सबसे अलग दिखाई देते हैं। उन्हें सबसे बेहतरीन स्ट्राइकर्स में से एक माना जाता है।
कोहली ने अपनी निरंतरता के साथ अपनी अलग ही लीग बना ली है जिसके करीब कोई आता नहीं दिखता है।
टी-20 अंतरराष्ट्रीय में किए गए प्रदर्शन के आधार पर दोनों खिलाड़ियों की तुलना।
उपलब्धि
3,500 टी-20 अंतरराष्ट्रीय रन बनाने वाले पहले बल्लेबाज हैं रोहित
बीते बुधवार को रोहित ने हांगकांग के खिलाफ 13 गेंदों में दो चौकों और एक छक्के की मदद से 21 रनों की पारी खेली। उन्होंने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर में अपने 3,500 रन पूरे कर लिए हैं और ऐसा करने वाले विश्व के पहले बल्लेबाज बन गए हैं।
उनके अब 134 मैचों में 3,520 रन हो गए हैं। टी-20 अंतरराष्ट्रीय में उनके अलावा 3,000 रन सिर्फ मार्टिन गुप्टिल (3,497), विराट कोहली (3,402) और पॉल स्टर्लिंग (3,011) ने बनाए हैं।
शतक
सबसे अधिक शतक लगाने वाले बल्लेबाज हैं रोहित
रोहित ने अब तक चार शतक लगाए हैं जो टी-20 अंतरराष्ट्रीय में किसी बल्लेबाज द्वारा लगाए गए सबसे अधिक शतक हैं। उन्होंने 2015 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 106, 2017 में श्रीलंका के खिलाफ 43 गेंदों में 118, 2018 में इंग्लैंड के खिलाफ नाबाद 100 और वेस्टइंडीज के खिलाफ नाबाद 111 रनों की पारियां खेली हैं।
टी-20 अंतरराष्ट्रीय में रोहित के बाद कॉलिन मुनरो और ग्लेन मैक्सवेल ने सबसे अधिक तीन-तीन शतक लगाए हैं।
स्कोर का पीछा
स्कोर का पीछा करते हुए सबसे अच्छा रहा है कोहली का प्रदर्शन
टी-20 अंतरराष्ट्रीय में लक्ष्य का पीछा करते हुए विराट कोहली की बल्लेबाजी अदभुत रही है। उन्होंने 76 की औसत से स्कोर का पीछा करते हुए 1,824 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने 18 अर्धशतक भी लगाए हैं। सफलतापूर्वक स्कोर का पीछा करने में उनके आंकड़े और भी अच्छे हैं।
कोहली ने 97.46 की औसत के साथ 1,462 रन बनाए हैं और इस दौरान उन्होंने 14 अर्धशतक लगाए हैं।
टी-20 विश्व कप
टी-20 विश्व कप में दो बार प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट बनने वाले इकलौते खिलाड़ी हैं विराट
कोहली टी-20 विश्व कप में दो बार प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट बनने वाले इकलौते खिलाड़ी हैं। उन्होंने 2014 और 2016 में लगातार दो बार यह अवार्ड अपने नाम किया है। 2014 में उन्होंने 319 रन बनाए थे और टूर्नामेंट में सबसे अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे थे।
2016 में कोहली ने 136.50 की औसत के साथ 273 रन बनाए थे। उन्होंने स्कोर का पीछा करते हुए सबसे अधिक छह अर्धशतक लगाए हैं।
कप्तानी
कप्तान के तौर पर कैसा रहा है प्रदर्शन?
विराट ने कप्तान के तौर पर 50 मैचों में 1,570 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका औसत 47.57 और स्ट्राइक-रेट 140.55 का रहा है। कोहली ने कप्तान के तौर पर 13 अर्धशतक लगाए हैं।
रोहित ने कप्तान के तौर पर 37 मैचों में 1,194 रन बनाए हैं। उन्होंने अपने रन 35.11 की औसत और 151.90 की स्ट्राइक-रेट से बनाए हैं। रोहित ने दो शतक और आठ अर्धशतक लगाए हैं।