LOADING...
IPL: 2018 से अब तक केवल आठ अर्धशतक लगा सके हैं रोहित, जानें आंकड़े
रोहित शर्मा

IPL: 2018 से अब तक केवल आठ अर्धशतक लगा सके हैं रोहित, जानें आंकड़े

लेखन Neeraj Pandey
Apr 26, 2022
02:33 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2022 में मुंबई इंडियंस (MI) लगातार आठ मैच गंवा चुकी है और उनके प्ले-ऑफ में जाने की उम्मीदें खत्म हो चुकी हैं। टीम ने निराशाजनक प्रदर्शन किया है और इसके पीछे सीनियर खिलाड़ियों की विफलता अहम रही है। टीम के कप्तान रोहित शर्मा की बात करें तो वह कई सीजनों से औसत प्रदर्शन करते आ रहे हैं। आइए जानते हैं 2018 से अब तक लीग में कैसा रहा है रोहित का प्रदर्शन।

प्रदर्शन

2018 से 62 पारियों में रोहित ने बनाए हैं केवल 1,557 रन

2018 सीजन से लेकर अब तक रोहित ने 62 मैचों में 26.38 की औसत के साथ 1,557 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से केवल आठ अर्धशतक निकले हैं। इस अवधि में रोहित ने धीमी बल्लेबाजी की है। रोहित का इस अवधि में स्ट्राइक-रेट 128.67 का रहा है और इस दौरान वह पांच बार शून्य के स्कोर पर भी आउट हो चुके हैं। रोहित ने इन रनों में से 871 रन तो पावरप्ले में बनाए हैं।

औसत

पिछले चार सीजनों में लगातार गिरी है रोहित की औसत

इस सीजन को हटा दें तो पिछले चार सीजनों में रोहित ने लगातार 30 से कम की औसत से रन बनाए हैं। 2018 से पहले की बात करें तो रोहित ने 10 में से केवल तीन सीजन में ही 30 से कम की औसत से रन बनाए थे। अपने अब तक के IPL करियर में रोहित केवल एक बार सीजन में 500 या उससे अधिक रन बना पाए हैं।

ओपनिंग

2018 से ओपनर के तौर पर बेहद खराब रहा है रोहित का प्रदर्शन

रोहित ने मुंबई के लिए 67 पारियां अब तक ओपनर के तौर पर खेली हैं जिसमें से 50 उन्होंने 2018 सीजन से अब तक खेली हैं। इन 50 पारियों में रोहित ने 26.46 की औसत के साथ 1,297 रन बनाए हैं और केवल छह अर्धशतक लगा सके हैं। इस दौरान उनका स्ट्राइक-रेट लगभग 127 का रहा है। 2018 से अब तक ओपनर के तौर पर सबसे अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में रोहित नौवें नंबर पर हैं।

अंतरराष्ट्रीय आंकड़े

न्यूजबाइट्स प्लस (कार्ड)

IPL के आंकड़ों को देखकर यह नहीं कहा जा सकता कि रोहित लय में नहीं हैं क्योंकि 2018 से अब तक वह टी-20 अंतरराष्ट्रीय में तीसरे सर्वाधिक रन बनाने वाले ओपनिंग बल्लेबाज हैं। इस अवधि में सबसे अधिक रन बनाने वाले टॉप-5 ओपनर्स में रोहित की स्ट्राइक-रेट भी सबसे अधिक रही है। रोहित ने इस दौरान 49 पारियों में 13 अर्धशतक और दो शतक लगाए हैं। टॉप-5 में वह सर्वाधिक 84 छक्के लगाने वाले बल्लेबाज भी हैं।