Page Loader
जिम्बाब्वे बनाम भारत: शाहबाज अहमद भारतीय टीम में शामिल, चोटिल सुंदर की जगह मिला मौका
RCB से खेलते हैं शाहबाज (तस्वीर: ट्विटर/@shahbazrcb_a77)

जिम्बाब्वे बनाम भारत: शाहबाज अहमद भारतीय टीम में शामिल, चोटिल सुंदर की जगह मिला मौका

Aug 16, 2022
02:45 pm

क्या है खबर?

जिम्बाब्वे दौरे में होने वाली वनडे सीरीज के लिए भारतीय क्रिकेट टीम में शाहबाज अहमद को शामिल कर लिया गया है। उन्हें ऑलराउंडर वाशिंगटन सुंदर के स्थान पर टीम में मौका मिला है। बता दें सुंदर हाल ही में इंग्लैंड में रॉयल लंदन कप के मैच में खेलते हुए चोटिल हो गए थे। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने आधिकारिक तौर पर यह ऐलान किया है। इस खबर पर एक नजर डालते हैं।

बयान

BCCI का आधिकारिक बयान

BCCI ने अपने बयान में कहा, "चयन समिति ने जिम्बाब्वे के खिलाफ तीन मैचों की एकदिवसीय श्रृंखला के लिए वाशिंगटन सुंदर के स्थान पर शाहबाज अहमद को नामित किया। वाशिंगटन सुंदर का कंधा इंग्लैंड में काउंटी मैच खेलने के दौरान चोटिल हो गया था। वह जिम्बाब्वे दौरे से बाहर हो गए हैं। भारत 18 अगस्त 2022 को हरारे स्पोर्ट्स क्लब में जिम्बाब्वे के खिलाफ अपना पहला वनडे खेलेगा।"

करियर

शाहबाज का घरेलू क्रिकेट करियर

शाहबाज ने 2018 में बंगाल की ओर से अपना लिस्ट-A और फर्स्ट क्लास डेब्यू किया। शाहबाज ने अब तक 18 फर्स्ट क्लास मैचों में बल्ले से 1,041 रन और गेंदबाजी में 57 विकेट झटके हैं। वहीं 26 लिस्ट-A मैचों में उन्होंने बल्ले से 662 रन और गेंदबाजी में 24 विकेट ले लिए हैं। इसके अलावा 56 टी-20 मैचों में उन्होंने 512 रन और गेंद से 26.94 की औसत से 39 विकेट लिए हैं।

जानकारी

RCB से IPL 2022 में खेले थे शाहबाज

IPL 2022 में शाहबाज ने 16 मैचों में 27.38 की औसत और 120.99 की स्ट्राइक रेट से 219 रन बनाए थे। बता दें IPL 2022 की नीलामी से पहले उन्हें RCB ने 2.40 करोड़ रुपये में खरीदा था।

चोटिल

10 अगस्त को चोटिल हुए थे सुंदर

बीते 10 अगस्त को सुंदर ओल्ड ट्रैफर्ड में लंकाशायर और वोरस्टरशायर के बीच रॉयल लंदन वनडे मैच के दौरान मैदान पर फील्डिंग करते हुए अपना कंधा चोटिल करा बैठे थे। उनके क्लब लंकाशायर ने बयान जारी करके बताया था कि सुंदर बाएं कंधे का इलाज कराने के लिए मैदान से बाहर चले गए थे। हालांकि, उनकी जांच से स्पष्ट हुआ है कि वह जिम्बाब्वे दौरे के लिए फिट नहीं हो सकेंगे।

चोटिल

लगातार चोटिल हो रहे हैं सुंदर

सुंदर ने इस साल की शुरुआत में वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज के साथ भारतीय टीम में वापसी की थी। उसी सीरीज में वह चोटिल होकर हो गए थे। इसके बाद उन्होंने IPL 2022 में वापसी की लेकिन सीजन के बीच में ही वह चोटिल हो गए थे। फिर लम्बे समय से NCA में रिहैब के बाद टीम में लौटे। उन्हें जिम्बाब्वे दौरे के लिए चुना गया था लेकिन वह फील्डिंग के दौरान चोटिल हो गए हैं।

जानकारी

जिम्बाब्वे दौरे के लिए अब ऐसी है भारतीय टीम

भारतीय टीम: केएल राहुल (कप्तान), शिखर धवन, रुतुराज गायकवाड़, शुभमन गिल, दीपक हूडा, राहुल त्रिपाठी, ईशान किशन, संजू सैमसन, शाहबाज अहमद, शार्दुल ठाकुर, कुलदीप यादव, अक्षर पटेल, आवेश खान, प्रसिद्ध कृष्णा, मोहम्मद सिराज और दीपक चाहर।