Page Loader
ओलंपिक के इतिहास में सर्वाधिक पदक जीतने वाला देश है अमेरिका, जानिए कैसा रहा है प्रदर्शन
ओलंपिक के इतिहास में सर्वाधिक पदक जीतने वाला देश है अमेरिका (तस्वीर: एक्स/@TeamUSA)

ओलंपिक के इतिहास में सर्वाधिक पदक जीतने वाला देश है अमेरिका, जानिए कैसा रहा है प्रदर्शन

Jul 16, 2024
04:38 pm

क्या है खबर?

पेरिस ओलंपिक 26 जुलाई से 11 अगस्त तक खेले जाएंगे। खेलों के महाकुंभ में अब तक सर्वाधिक पदक संयुक्त राज्य अमेरिका (USA) ने जीते हैं। पिछले टोक्यो ओलंपिक में भी उसने 100 से अधिक पदक जीते थे और तालिका में शीर्ष स्थान हासिल किया था। अब पेरिस ओलंपिक में 590 से अधिक अमेरिकी खिलाड़ी पदक के लिए चुनौती पेश करेंगे। इस बीच ओलंपिक इतिहास में अमेरिका के प्रदर्शन के बारे में जानते हैं।

 अमेरिका

अमेरिका ने जीते हैं 2,629 पदक

जब ओलंपिक पदक जीतने की बात आती है तो अमेरिका दबदबा देखने को मिलता है। पिछले टोक्यो ओलंपिक में भी अमेरिका ने 39 स्वर्ण सहित सर्वाधिक 113 पदक जीते थे। उनके बाद चीन ने 38 स्वर्ण जीते थे। विकिपेडिया के मुताबिक, ओलंपिक में अमेरिका ने कुल 2,629 पदक जीते हैं, जिसमें 1,061 स्वर्ण पदक, 830 रजत और 738 कांस्य शामिल हैं। विशेष रूप से 1904 के ओलंपिक में अमेरिका ने रिकॉर्ड 239 पदक जीते थे।

स्पर्धा

एथलेटिक्स और तैराकी में जीत चुके हैं 500 से ज्यादा पदक

एथलेटिक्स ग्रीष्मकालीन ओलंपिक में अमेरिका का सबसे शानदार खेल रहा है। इसमें कुल 827 पदक (344 स्वर्ण, 269 रजत और 214 कांस्य) जीते हैं। तैराकी में भी देश का प्रदर्शन शानदार रहा है क्योंकि इस स्पर्धा में अमेरिका को 578 पदक (257 स्वर्ण, 178 रजत और 143 कांस्य) मिले हैं। उल्लेखनीय रूप से किसी अन्य देश के पास किसी भी विशेष स्पर्धा में 400 पदक भी नहीं हैं।

100 पदक

इन खेलों में जीत चुके हैं 100 से अधिक पदक 

तैराकी और एथलेटिक्स में वर्चस्व स्थापित करने के अलावा अमेरिका ने 5 अन्य खेलों में 100 से अधिक पदक जीते हैं। डाइविंग (141) और कुश्ती (138) ने देश को बहुत सम्मान दिलाया है, जबकि निशानेबाजी (116), मुक्केबाजी (117) और कलात्मक जिम्नास्टिक (117) में भी देश का अच्छा प्रदर्शन रहा है। बता दें कि किसी अन्य देश ने 5 या उससे अधिक स्पर्धाओं (ग्रीष्मकालीन ओलंपिक) में 100 से अधिक पदक नहीं जीते हैं।

फेल्प्स 

माइकल फेल्प्स हैं सबसे सफल अमेरिकी खिलाड़ी 

पूर्व अमेरिकी तैराक माइकल फेल्प्स ओलंपिक खेल के इतिहास में सबसे प्रभावशाली खिलाड़ी रहे हैं। महान तैराक ने इस वैश्विक स्पर्धा में 23 स्वर्ण पदक जीते हैं। कुल मिलाकर फेल्प्स ने 28 ओलंपिक पदक अपने नाम किए हैं। उन्होंने साल 2000 में (सिडनी ओलंपिक) महज 15 साल की उम्र में ओलंपिक में पदार्पण किया था। जेनी थॉम्पसन, रयान लोचे, दारा टोरेस और नताली कफलिन ओलंपिक में अन्य सफल अमेरिकी तैराक रहे हैं। इन पांचों ने 12-12 पदक जीते हैं।

पदक तालिका 

सर्वाधिक 18 बार पदक तालिका में शीर्ष पर रहा है अमेरिका 

कुल 18 ओलंपिक संस्करणों में अमेरिका ने पदक तालिका में शीर्ष स्थान प्राप्त किया है। अमेरिका के अलावा सोवियत संघ (6) एकमात्र देश है जिसने यह उपलब्धि एक से अधिक बार हासिल की है। अमेरिका का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 1904 में सेंट लुइस, मिसौरी में आयोजित ओलंपिक खेलों के तीसरे संस्करण में आया था। उस संस्करण में अमेरिका के खाते में कुल 239 पदक आए थे, जिनमें से 78 स्वर्ण पदक शामिल थे।