Page Loader
अंतरिक्ष से घर पर गिरा मलबा, पीड़ित परिवार ने नासा के खिलाफ किया मुकदमा
नासा के खिलाफ एक परिवार किया मुकदमा (तस्वीर: पिक्साबे)

अंतरिक्ष से घर पर गिरा मलबा, पीड़ित परिवार ने नासा के खिलाफ किया मुकदमा

Jun 24, 2024
12:26 pm

क्या है खबर?

अमेरिका के फ्लोरिडा में इसी साल 8 मार्च को एक व्यक्ति के घर पर अंतरिक्ष से मलबा गिरने से उसके घर को भारी नुकसान पहुंचा था। अब घर के मालिक एलेजांद्रो ओटेरो और उनके परिवार ने अंतरिक्ष एजेंसी नासा के खिलाफ मुकदमा दायर किया है। अंतरिक्ष के मलबे के एक टुकड़े के गिरने से हुए नुकसान के लिए पीड़ित परिवार ने 80,000 डॉलर (लगभग 67 लाख रुपये) के मुआवजे की मांग की है।

दुर्घटना

दुर्घटना में कोई घायल नहीं हुआ

यह घटना तब हुई जब ओटेरो छुट्टी पर थे और उनके बेटे ने उन्हें अंतरिक्ष मलबा गिरने के बारे में बताया। लगभग 700 ग्राम वजनी और 4×1.6 इंच माप वाली बेलनाकार धातु की वस्तु ओटेरो परिवार के घर को चीरती हुई अंदर घुस गई, जिससे काफी नुकसान हुआ। ओटेरो ने बताया कि इस घटना से उनके परिवार के किसी भी सदस्य को कोई नुकसान नहीं हुआ था, लेकिन वह इससे काफी डर गए थे।

बयान

नासा ने मामले को लेकर क्या कहा? 

नासा ने कहा कि यह वस्तु एक धातु का सपोर्ट था, जिसका उपयोग कार्गो पैलेट पर पुरानी बैटरियों को माउंट करने के लिए किया जाता था, जिसे 2021 में अंतरिक्ष स्टेशन से हटा दिया गया था। इस वस्तु के पृथ्वी के वायुमंडल में प्रवेश करने पर पूरी तरह से जलने की उम्मीद थी, लेकिन एक टुकड़ा बच गया और ओटेरो परिवार की संपत्ति पर गिर गया। नासा को जवाब देने के लिए 6 महीने का समय दिया गया है।