Page Loader
रोहित शर्मा सहित इन पांच खिलाड़ियों को मिलेगा खेल रत्न पुरस्कार, मंत्रालय ने लगाई मुहर

रोहित शर्मा सहित इन पांच खिलाड़ियों को मिलेगा खेल रत्न पुरस्कार, मंत्रालय ने लगाई मुहर

Aug 21, 2020
07:15 pm

क्या है खबर?

खेल मंत्रालय की ओर से हर साल खिलाड़ियों और कोच के सम्मान में दिये जाने पुरस्कारों की गुरुवार को घोषणा कर दी गई है। स्टार क्रिकेटर रोहित शर्मा, पहलवान विनेश फोगाट, महिला हॉकी टीम की कप्तान रानी रामपाल, टेबल टेनिस स्टार मनिका बत्रा और पैरा ऐथलीट मरियप्पन थंगवेलु को इस साल का सर्वोच्च खेल पुरस्कार 'राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार' दिया जाएगा। खेल मंत्रालय ने चयन समिति द्वारा भेजी गई नामों की सिफारिश पर मुहर लगा दी है।

जानकारी

चयन समिति में शामिल थे ये खिलाड़ी

बता दें कि पुरस्कारों के लिए खिलाड़ियों का चयन करने वाली समिति में पूर्व क्रिकेटर वीरेंदर सहवाग और पूर्व हॉकी कप्तान सरदार सिंह भी शामिल थे। समिति की भारतीय खेल प्राधिकरण केंद्र में बैठक हुई थी। जिसमें खिलाड़ियों के नामों का चयन किया गया था।

उपलब्धि

खेल रत्न हासिल करने वाले चौथे क्रिकेटर होंगे रोहित

33 वर्षीय रोहित शर्मा खेल रत्न पुरस्कार प्राप्त करने वाले देश के चौथे क्रिकेटर होंगे। उनसे पहले सचिन तेंडुलकर, हाल ही में संन्यास लेने वाले महेंद्र सिंह धोनी और वर्तमान कप्तान विराट कोहली यह सम्मान हासिल कर चुके हैं। यह पुरस्कार प्राप्त करने वाले पहले क्रिकेट सचिन तेंदुलकर थे। उन्हें साल 1998 में इस पुरस्कार से नवाजा गया था। इसी तरह धोनी को 2007 और कोहली को 2018 में भारोत्तोलक मीराबाई चानू के साथ यह पुरस्कार मिला था।

कारण

खिलाड़ियों को इसलिए दिया जा रहा है खेल रत्न पुरस्कार

बता दें कि खेल रत्न पुरस्कार इंटरनेशनल स्‍तर पर खिलाड़ी के पिछले चार साल के प्रदर्शन के आधार पर दिया जाता है। रोहित को उनकी शानदार बल्लेबाजी और विनेश को 2018 के राष्ट्रमंडल और एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने के लिए यह पुरस्कार दिया जा रहा है। इसी तरह थंगवेलु को 2016 रियो ओलिंपिक में स्वर्ण पदक, मनिका को राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण और रानी रामपाल को एशिया कप 2017 जीतने के लिए पुरस्कार दिया जा रहा है।

अर्जुन पुरस्कार लिस्ट

इशांत शर्मा समेत इन 27 खिलाड़ियों को मिलेगा अर्जुन पुरस्कार

इशांत शर्मा (क्रिकेट), अतानु दास (तीरंदाजी), दीपक (कबड्डी), दीपक ठाकुर (हॉकी), दिविज (टेनिस), आकाशदीप (हॉकी), लोवलीना (मुक्केबाजी), मनु भाकर (निशानेबाजी), सौरभ (निशानेबाजी), मनीष (मुक्केबाजी), संदेश (फुटबॉल), दत्तू भोकानल (रोइंग), राहुल (कुश्ती), दुतीचंद (एथलेटिक्स), दीप्ति शर्मा (क्रिकेट), शिवा केशवन (शीतकालीन खेल), मधुरिका (टेबल-टेनिस), मनीष (पैरा निशानेबाज), संदीप (पैरा एथलीट), सुयश (पैरा तैराक), चिराग और सात्विकसाईराज रंकी रेड्डी (बैडमिंटन), विशेष भृगुवंशी (बास्केटबॉल), अजय सावंत (टेंट पेगिंग), अदिति (गोल्फ), काले सारिका (खो-खो), दिव्या काकरान (कुश्ती) को अर्जुन पुस्कार दिया जाएगा।

द्रोणाचार्य पुरस्कार लिस्ट

इन कोचों को मिलेगा द्रोणाचार्य पुरस्कार

खिलाड़ियों के अलावा विभिन्न खेलों के कोचों के लिए दिए जाने वाले द्रोणाचार्य पुरस्कार की भी घोषणा की गई है। जिसके तहत धर्मेंद्र तिवारी (तीरंदाजी), पुरुषोत्तम राय (एथलेटिक्स), शिव सिंह (बॉक्सिंग), रोमेश पठानिया (हॉकी), किशन हुडडा (हॉकी), विजय बालचंद्र मुनिश्वर (वेटलिफ्टिंग), नरेश कुमार (टेनिस) और ओम प्रकाश दहिया (कुश्ती) को लाइट टाइम श्रेणी में यह पुरस्कार मिलेगा। इसी तरह चार अन्य खेल कोचों को नियमित श्रेणी में यह अवार्ड दिया जाएगा।

जानकारी

29 अगस्त को खेल दिवस पर दिए जाएंगे पुरस्कार

इस साल के राष्ट्रीय पुरस्कार समारोह का आयोजन वर्चुअल होने की संभावना है। इस समारोह का आयोजन हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद के जन्मदिन 29 अगस्त यानी खेल दिवस के दिन आयोजित किया जाएगा। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद यह पुस्कार देंगे।