
भारत और पाकिस्तान दोनों देश के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने वाले खिलाड़ी
क्या है खबर?
बहुत कम लोग जानते हैं कि कुछ क्रिकेट खिलाड़ी ऐसे भी रहे हैं जिन्होंने भारतीय क्रिकेट टीम और पाकिस्तान क्रिकेट टीम दोनों देशों के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेला है।
यह तब संभव हुआ जब भारत विभाजन हुआ और कई खिलाड़ी उस दौर में अपनी पसंद या हालात के चलते पाकिस्तान चले गए।
ये खिलाड़ी दोनों देशों के क्रिकेट इतिहास का अहम हिस्सा रहे हैं। ऐसे में आइए इन खिलाड़ियों पर एक नजर डालते हैं।
#1
गुल मोहम्मद
इस सूची में पहले स्थान पर गुल मोहम्मद हैं। उन्होंने 1946 में इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ भारतीय टीम के लिए डेब्यू किया था।
उन्होंने भारत के लिए 8 टेस्ट की 15 पारियों में 11.06 की औसत से 166 रन बनाए थे। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 24 रन था।
इसके बाद उन्होंने पाकिस्तान के लिए 1 टेस्ट मैच साल 1956 में खेला था। उस मुकाबले में वह 39 रन बनाने में सफल रहे थे। उन्होंने 2 विकेट भी लिए थे।
#2
अब्दुल हफीज करदार
अब्दुल हफीज करदार सूची में दूसरे स्थान पर हैं। उन्होंने भी भारत के लिए साल 1946 में डेब्यू किया था। उन्होंने 3 टेस्ट की 5 पारियों में 16 की औसत से 80 रन बनाए। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 43 रन रहा।
पाकिस्तान के लिए करदार ने साल 1952 में डेब्यू किया। इसके बाद वह 23 मैचों की 37 पारियों में 24.91 की औसत से 847 रन बनाए।
पाकिस्तान के लिए उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 93 रन था।
#3
आमिर इलाही
तीसरे स्थान पर आमिर इलाही हैं। उन्होंने भारत के लिए ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के खिलाफ साल 1947 में डेब्यू किया था।
वह भारत के लिए सिर्फ 1 टेस्ट मैच खेल पाए और सिर्फ 17 रन बनाने में सफल रहे। इसके बाद उन्होंने पाकिस्तान के लिए डेब्यू किया था।
उन्होंने 5 टेस्ट की 7 पारियों में 10.83 की औसत से 65 रन बनाए। उन्होंने पाकिस्तान के लिए 5 टेस्ट की 4 पारियों में 7 विकेट भी लिए थे।
तनाव
भारत और पाकिस्तान के बीच है तनाव की स्थिति
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम के बैसरन में बड़ा आतंकवादी हमला हुआ था। इसमें 26 भारतीय लोगों की मौत हुई और कई लोग घायल हुए थे।
जवाब में भारतीय सेना ने 'ऑपरेशन सिंदूर' के तहत बदला लेते हुए 100 आतंकवादियों को मार गिराया। पाकिस्तान सेना ने इसके बाद ड्रोन से भारत के कई जगहों पर हमला किया।
युद्ध की स्थिति को देख भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 को 7 दिन के लिए स्थगित कर दिया है।