रोहित शर्मा बनाम महेंद्र सिंह धोनी: किसकी कप्तानी में भारत ने जीते ज्यादा खिताब? जानिए आंकड़े
क्या है खबर?
बीते रविवार (9 मार्च) को भारतीय क्रिकेट टीम ने चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के खिताब पर कब्जा जमाया।
दुबई में हुए मुकाबले में न्यूजीलैंड के खिलाफ भारतीय टीम ने जीत के लिए मिले 252 रन के लक्ष्य को हासिल किया।
इसके साथ ही रोहित शर्मा ने कप्तान के तौर पर एक और खिताब अपने नाम किया। वह भारत के सफल कप्तानों में शुमार हुए।
इस बीच रोहित और महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में जीते गए खिताबों की तुलना करते हैं।
चैंपियंस ट्रॉफी
धोनी और रोहित की कप्तानी में भारत ने जीती हैं चैंपियंस ट्रॉफी
रोहित के नेतृत्व में भारतीय टीम ने अजेय रहते हुए चैंपियंस ट्रॉफी जीती। इस सीजन में उन्होंने 5 पारियों में 36.00 की औसत और 100.00 की स्ट्राइक रेट के साथ 180 रन बनाए।
उन्होंने फाइनल में लक्ष्य का पीछा करते हुए अर्धशतक (76) लगाया।
दूसरी तरफ धोनी के नेतृत्व में भारतीय टीम ने चैंपियंस ट्रॉफी 2013 का खिताब जीता था। धोनी ने उस संस्करण में 2 पारियों में 27 रन बनाए थे।
टी-20 विश्व कप
टी-20 विश्व कप भी जीत चुके हैं धोनी और रोहित
भारतीय टीम ने टी-20 विश्व कप 2007 को जीता था। फाइनल में भारत ने पाकिस्तान क्रिकेट टीम को हराया था।
धोनी उस संस्करण में भारतीय टीम के कप्तान थे और उन्होंने बल्लेबाजी में 6 पारियों में 30.80 की औसत से 154 रन बनाए थे।
रोहित की कप्तानी में भारत ने 2024 में हुए टी-20 विश्व कप को अजेय रहते हुए जीता। बीते संस्करण में रोहित ने 8 पारियों में 36.71 की औसत से 257 रन बनाए थे।
वनडे विश्व कप
धोनी की कप्तानी में वनडे विश्व कप भी जीत चुका है भारत
भारतीय टीम ने वनडे विश्व कप 2011 का खिताब जीता था। धोनी के नेतृत्व में भारत ने फाइनल में श्रीलंका को शिकस्त दी थी।
उस खिताबी मैच में धोनी ने नाबाद 91 रन बनाए थे। उस संस्करण में धोनी ने 8 पारियों में 48.20 की औसत से 241 रन बनाए थे।
वहीं, रोहित की अगुआई में भारतीय टीम वनडे विश्व कप 2023 में उपविजेता रही थी। उस संस्करण में रोहित ने 11 पारियों में 597 रन (औसत- 54.27) बनाए थे।
एशिया कप
एशिया कप भी जीत चुके हैं रोहित और धोनी
ICC टूर्नामेंट के अलावा एशिया कप में भी ये दोनों कप्तान सफल हुए हैं। धोनी और रोहित उन कप्तानों की सूची में शामिल हैं, जिन्होंने ICC की इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता को 1 से अधिक बार जीता है।
धोनी के नेतृत्व में भारत ने एशिया कप 2010 और 2016 जीता था। दिलचस्प रूप से 2016 में खेला गया संस्करण टी-20 प्रारूप में हुआ था।
दूसरी तरफ रोहित की कप्तानी में भारत ने एशिया कप 2018 और 2023 अपने नाम किया था।
IPL
IPL के सबसे सफल कप्तान हैं धोनी और रोहित
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के इतिहास में भी धोनी और रोहित सबसे सफल कप्तानों में शुमार हैं।
धोनी के नेतृत्व में चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) ने 5 बार (2010, 2011, 2018, 2021 और 2023) खिताब जीते हैं।
वहीं रोहित की कप्तानी में भी मुंबई इंडियंस (MI) ने 5 बार (2013, 2015, 2017, 2019 और 2020) ट्रॉफी अपने नाम की है।
हालांकि, IPL 2025 में ये दोनों खिलाड़ी कप्तानी नहीं करेंगे और बतौर खिलाड़ी लीग में हिस्सा लेंगे।