
त्रिकोणीय सीरीज 2025: जेमिमा रोड्रिगेज ने जड़ा वनडे करियर का दूसरा शतक, जानिए उनके आंकड़े
क्या है खबर?
इस समय खेली जा रही त्रिकोणीय सीरीज 2025 के 5वें मैच में भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार बल्लेबाज जेमिमा रोड्रिगेज ने दक्षिण अफ्रीका महिला क्रिकेट टीम के खिलाफ शानदार शतकीय पारी (123) खेली है।
यह उनके वनडे करियर का दूसरा शतक रहा।
उन्होंने अपने 46वें वनडे मुकाबले में शतक लगाया है। उनकी इस पारी के कारण भारतीय टीम शुरुआती झटकों से उबरी।
ऐसे में आइए उनके आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।
पारी
ऐसी रही जेमिमा की पारी
भारतीय टीम के 3 बल्लेबाज सिर्फ 50 रन पर पवेलियन लौट गए थे। जेमिमा नंबर-5 पर बल्लेबाजी करने आईं और पहली गेंद से ही उन्होंने आक्रामक बल्लेबाजी की।
उन्होंने 101 गेंदों का सामना किया और 123 रन बनाकर आउट हुईं। उनके बल्ले से 15 चौके और 1 छक्का निकला। उनकी स्ट्राइक रेट 121.78 की रही।
दीप्ति शर्मा के साथ उन्होंने 115 गेंदों में 122 रन की साझेदारी निभाई। इससे पहले स्मृति मंधाना (51) के साथ उन्होंने 88 रन जोड़े थे।
करियर
कैसा रहा है जेमिमा का वनडे करियर?
जेमिमा ने पहला वनडे मुकाबला ऑस्ट्रेलिया महिला क्रिकेट टीम के खिलाफ साल 2018 में खेला था। उन्होंने अब तक 46 मुकाबले खेले हैं। इसकी 44 पारियों में 32.35 की औसत से 1,294 रन बनाने में सफल रही हैं।
उनके बल्ले से 6 अर्धशतक के अलावा 2 शतक भी निकले हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 123 रन रहा है।
टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में इस खिलाड़ी ने 107 मैच में 30.23 की औसत से 2,267 रन बनाए हैं।
बल्लेबाजी
दीप्ति ने खेली 93 रन की शानदार पारी
दीप्ति ने मैच में 84 गेंदों का सामना किया और 93 रन बनाकर आउट हुईं। उनके बल्ले से 10 चौके और 2 छक्के निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 110.71 की रही।
वह सिर्फ 7 रन से अपना शतक नहीं पूरा कर पाईं। यह उनके वनडे करियर का 13वां अर्धशतक रहा। वह 1 शतक भी लगा चुकी हैं।
उन्होंने अब तक 105 मुकाबले खेले हैं और इसकी 90 पारियों में 35.08 की औसत से 2,280 रन बनाने में सफल रही हैं।
पारी
भारतीय टीम ने 5वां सबसे बड़ा स्कोर बनाया, मंधाना ने जड़ा 31वां अर्धशतक
भारतीय टीम ने 337/9 का स्कोर बनाया। यह वनडे क्रिकेट के इतिहास में उनका 5वां सबसे बड़ा स्कोर है।
टीम ने आयरलैंड महिला क्रिकेट टीम के खिलाफ जनवरी 2025 में 435/5 का स्कोर बनाया था। ये अभी वनडे क्रिकेट में भारतीय टीम का सबसे बड़ा स्कोर है।
मंधाना ने मैच में 63 गेंदों का सामना करते हुए 51 रन बनाए। उनके बल्ले से 6 चौके निकले। यह उनके वनडे करियर का 31वां अर्धशतक रहा।