Page Loader
क्रोमबुक यूजर्स के लिए खत्म हुआ जूम ऐप का सपोर्ट, ऐसे कर पाएंगे वीडियो कॉलिंग
जूम ऐप क्रोमबुक में काम करना बंद कर देगी।

क्रोमबुक यूजर्स के लिए खत्म हुआ जूम ऐप का सपोर्ट, ऐसे कर पाएंगे वीडियो कॉलिंग

Jun 18, 2022
11:32 am

क्या है खबर?

कोविड-19 महामारी के दौरान जूम और दूसरी वीडियो कॉलिंग सेवाओं का इस्तेमाल तेजी से बढ़ा और इनमें नए फीचर्स शामिल किए गए हैं। हालांकि, क्रोमबुक यूजर्स के लिए जूम ऐप का सपोर्ट अब खत्म किया जा रहा है, यानी कि वे जूम ऐप का इस्तेमाल वीडियो मीटिंग्स और क्लासेज के लिए नहीं कर पाएंगे। कंपनी यूजर्स को नोटिफिकेशंस भेजकर बता रही है कि जूम ऐप उनके क्रोमबुक में काम करना बंद कर देगी।

रिपोर्ट

क्रोमबुक यूजर्स को मिल रहे हैं अलर्ट्स

9to5Google की रिपोर्ट के मुताबिक, ढेरों क्रोमबुक यूजर्स को जूम ऐप ओपेन करने पर अलर्ट्स दिखाए जा रहे हैं। इनमें लिखा है कि 'अगस्त 2022 के बाद जूम ऐप का आधिकारिक सपोर्ट खत्म किया जा रहा है।' अगले कुछ सप्ताह में ये अलर्ट्स सभी क्रोमबुक यूजर्स को दिखाए जाएंगे और अगस्त महीने के बाद जूम ऐप क्रोमबुक में काम करना बंद कर देगी। हालांकि, इसके बाद भी यूजर्स को जूम कॉल्स का हिस्सा बनने का विकल्प मिलता रहेगा।

वजह

इसलिए खत्म हो रहा है जूम ऐप का सपोर्ट

अगस्त, 2020 में गूगल ने घोषणा की थी कि यह क्रोम ऐप्स को फेज आउट कर देगी, क्योंकि कंपनी का मानना है कि ओपेन वेब को बेहतर बनाने के लिए क्रोम ऐप्स की जरूरत नहीं है। यही वजह है कि गूगल यूजर्स को वेब वर्जन का इस्तेमाल करने की सलाह दे रही है। कंपनी जून, 2022 से शुरुआत करते हुए क्रोम ऐप्स को बंद कर रही है, जिसके चलते जूम ने भी ऐप सपोर्ट खत्म करने का फैसला किया है।

जानकारी

न्यूजबाइट्स प्लस

जूम में कई ऐक्सेसिबिलिटी फीचर्स मिलते हैं, जिनकी मदद से इसकी सेवाएं इस्तेमाल करना आसान हो जाता है। इनमें कीबोर्ड एक्सेसिबिलिटी, पिनिंग या स्पॉटलाइटिंग इंटरप्रेटर वीडियो, स्क्रीन रीडर सपोर्ट और वॉइसमेल ट्रांस्क्रिप्शन जैसे नाम शामिल हैं।

विकल्प

जूम कॉल्स कैसे कर पाएंगे क्रोमबुक यूजर्स?

जूम ऐप के लिए सपोर्ट खत्म होने का मतलब यह नहीं है कि क्रोमबुक यूजर्स वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग नहीं कर पाएंगे। यूजर्स को जूम के वेब वर्जन की मदद से कॉल्स का हिस्सा बनने का विकल्प मिलता रहेगा। क्रोमबुक यूजर्स मौजूदा ऐप की जगह अब 'क्रोमOS पर नई जूम फॉर क्रोम PWA' का इस्तेमाल कर सकते हैं। यानी कि उन्हें मिलने वाले वीडियो कॉलिंग अनुभव में कोई अंतर नहीं आएगा और वे वेब ऐप के साथ सेवा ऐक्सेस कर पाएंगे।

तरीका

ऐसे शुरू कर सकते हैं जूम PWA का इस्तेमाल

प्रोग्रेसिव वेब ऐप्स या PWAs की मदद से यूजर्स को सेवाओं के वेब वर्जन पर ऐप जैसा अनुभव मिलता है। आपको गूगल पर 'Zoom PWA' लिखकर सर्च करना होगा और इसका लिंक सर्च रिजल्ट्स में मिल जाएगा। लिंक पर क्लिक करने के बाद आपको 'जॉइन मीटिंग' बटन पर क्लिक करते हुए साइन-इन करना होगा। अब आप खुद की मीटिंग शेड्यूल कर सकते हैं या मौजूदा मीटिंग का हिस्सा बन सकते हैं।

अवतार

जूम में मिला एनिमेटेड अवतार फीचर

जूम के नए अवतार फीचर के साथ यूजर्स को वीडियो कॉल्स और वेबिनार्स के दौरान एनिमेटेड अवतार इस्तेमाल करने का विकल्प मिलेगा। नया अवतार फीचर ऐपल मीमोजी फीचर से मिलता-जुलता है। जूम का सॉफ्टवेयर इसके लिए स्क्रीन में दिखने वाले चेहरे को डिटेक्ट करता है और कैमरा की मदद से वर्चुअल अवतार चेहरे की जगह दिखाया जाता है। यह अवतार चेहरे के हाव-भाव और दूसरी हरकतें रियल-टाइम में दिखाता है।