Page Loader
NASA और SpaceX ने पूरी की मानवयुक्त मिशन लॉन्च करने की तैयारी, यहां जाने सबकुछ

NASA और SpaceX ने पूरी की मानवयुक्त मिशन लॉन्च करने की तैयारी, यहां जाने सबकुछ

May 27, 2020
10:33 am

क्या है खबर?

अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा (NASA) ने अपने मानवयुक्त SpaceX रॉकेट को अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) में भेजने की पूरी तैयारी कर ली है। इस रॉकेट में NASA के अंतरिक्ष यात्री बॉब बेहेनकेन और डग हर्ले सवार होंगे। यह अमेरिका द्वारा पूर्व में भेजे गए अंतरिक्ष यात्रियों की तरह ही एक मिशन होगा, लेकिन इसे एक ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है। इसके जरिये वह अंतरिक्ष की दुनिया में एक कदम और आगे बढ़ जाएगा।

शुरुआत

साल 2011 के बाद अमेरिका की धरती से होगी पहली मानवयुक्त उड़ान

NASA ने साल 1969 में पहली बार चंद्रमा पर इंसान को उतारा था। हालांकि, साल 2011 में शटल कार्यक्रम के रिटायर्ड हो जाने के बाद उसकी अंतरिक्ष में इंसान को भेजने की क्षमता खत्म हो गई थी। उसके बाद NASA ने अब एलन मस्क के SpaceX के साथ साझेदारी कर मानव को फिर से अंतरिक्ष में भेजने की ओर कदम बढ़ाया है। इस मिशन से अमेरिका नौ साल बाद फिर से अपनी खोई हुई क्षमता हासिल कर लेगा।

जानकारी

NASA स्पेसफ्लाइट के लिए अब तक रूस को कर रहा था भुगतान

NASA इन नौ वर्षों में अपने अंतरिक्ष यात्रियों को सोयुज अंतरिक्ष यान से अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन में भेजने के लिए रूस को लाखों डॉलर का भुगतान कर रहा था। SpaceX की लॉन्चिंग के बाद अमेरिका को बड़ा फायदा होने की उम्मीद है।

खासियत

SpaceX के जरिये होगी पहली मानवयुक्त उड़ान

NASA के यह मिशन इसलिए भी खास है कि SpaceX के जरिये यह पहली मानवयुक्त उड़ान होगी। स्पेसफेयरिंग कंपनी SpaceX की स्थापना 18 साल पहले मस्क ने की थी। इस कंपनी ने अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन को कई रॉकेट अपडेट और कार्गो मिशन दिए हैं और अब यह अंतरिक्ष यात्रियों को अंतरिक्ष स्टेशन पर ले जाने और उन्हें सुरक्षित रूप से घर वापस लाने के लिए तैयार है। ऐसे में इसकी सफलता NASA और कंपनी के लिए अहम होगी।

मिशन

SpaceX मिशन के तहत यह होगा कार्य

मिशन के दूसरे चरण में आधिकारिक तौर पर अंतरिक्ष यात्री बीहकेन और हर्ले को SpaceX के क्रू ड्रैगन अंतरिक्ष यान में लॉन्च किया गया है। NASA द्वारा वित्तपोषित यान SpaceX के फॉल्कन 9 रॉकेट के ऊपर शिफ्ट किया गया है, जो कैनेडी स्पेस सेंटर के कॉम्प्लेक्स 39 A से रवाना होकर क्रू की 19 घंटे की लंबी यात्रा की शुरुआत करेगा। यह धरती से 400 किलोमीटर ऊपर 27,000 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से अंतरिक्ष स्टेशन की परिक्रमा करेगा।

विवरण

कक्षा में पहुंचते ही यान को नियंत्रित करेंगे अंतरिक्ष यात्री

क्रू ड्रैगन के पृथ्वी की कक्षा को छोड़ने में मदद करने के लिए पहले चरण में फॉल्कन 9 का अलग होने से पहले 2.5 मिनट के लिए आग जलाएगा, जबकि दूसरा छह और मिनटों तक आग जारी रखेगा और फिर अलग हो जाएगा। उसके बाद यान अंतरिक्ष की कक्षा में पहुंच जाएगा। बाद में यान का नियंत्रण अंतरिक्ष यात्रियों के हाथ में होगा और वह फायर थ्रस्टर्स का परीक्षण करेंगे। हालांकि इसे ऑटोमेटिक सिस्टम भी लगा रहेगा।

कार्य

अंतरिक्ष यात्री शुरू कर सकेंगे अनुसंधान कार्य

अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन में पहुंचने के बाद अंतरिक्ष यात्री अभियान 63 चालक दल में शामिल होंगे और अंतरिक्ष में अनुसंधान और अन्य कार्यों का संचालन शुरू करेंगे। उनके रहने की अवधि निर्धारित नहीं है, लेकिन इसके 110 दिनों से कम वहां रहने की उम्मीद है। इसका कारण यह है कि इस उड़ान परीक्षण के लिए इस्तेमाल किया जा रहा क्रू ड्रैगन केवल इतने समय तक ही अतंरिक्ष स्टेशन की कक्षा में रहने में सक्षम है।

योजना

बड़े अंतरिक्ष अभियानों के लिए खुलेगा रास्ता

यदि सभी कार्य योजना के अनुसार होते हैं और अंतरिक्ष यात्री अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन में जाकर सुरक्षित रूप से वापस आ जाते हैं तो यह मिशन अमेरिका में मानव अंतरिक्ष यान क्षमताओं को फिर जीवित करने के कार्य को तेज गति देगा। इसकी सफलता NASA को SpaceX के परिचालन, लंबी अवधि के मिशन को संचालित करने की ताकत देगी। इसके अलावा उसके लिए चंद्रमा और मंगल ग्रह के बड़े अंतरिक्ष अभियानों के लिए रास्ता खुल जाएगा।