Page Loader
शुभांशु शुक्ला ने अंतरराष्ट्रीय स्पेस स्टेशन पर इन 7 भारतीय प्रयोगों को दिया अंजाम
शुभांशु शुक्ला ने इन 7 भारतीय प्रयोगों को दिया अंजाम (तस्वीर: नासा)

शुभांशु शुक्ला ने अंतरराष्ट्रीय स्पेस स्टेशन पर इन 7 भारतीय प्रयोगों को दिया अंजाम

Jul 15, 2025
03:36 pm

क्या है खबर?

भारतीय अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला 18 दिनों की यात्रा के बाद अंतरराष्ट्रीय स्पेस स्टेशन (ISS) से आज (15 जुलाई) पृथ्वी पर वापस लौट आए हैं। एक्सिओम-4 मिशन के तहत 25 जून को वह 3 अन्य अंतरिक्ष यात्रियों के साथ ISS पर गए थे। इस मिशन के दौरान उन्होंने 60 से अधिक वैज्ञानिक प्रयोगों में हिस्सा लिया, जिसमें 7 प्रयोग भारतीय वैज्ञानिकों द्वारा ही तैयार किए गए थे। यह मिशन भारत के मानव अंतरिक्ष कार्यक्रम के लिए ऐतिहासिक कदम साबित हुआ।

प्रयोग

शुक्ला ने इन भारतीय प्रयोगों को दिया अंजाम

शुक्ला ने जिन भारतीय प्रयोगों को ISS पर किया, उनमें से एक प्रयोग सलाद के बीजों को अंतरिक्ष में अंकुरित करने का था, जिसे IIT और धारवाड़ कृषि विश्वविद्यालय ने तैयार किया था। दूसरा प्रयोग मांसपेशियों के पुनर्जनन पर चयापचय पूरकों के असर को समझने के लिए किया गया, जिसे DBT के स्टेम सेल विज्ञान संस्थान ने डिज़ाइन किया था। तीसरे प्रयोग में ICGEB और NIPGR ने सूक्ष्म शैवाल पर विकिरण और सूक्ष्मगुरुत्व के असर का अध्ययन किया।

अन्य प्रयोग

टार्डिग्रेड, सायनोबैक्टीरिया और बीजों पर अनुसंधान 

IISc ने एक खास सूक्ष्मजीव पैरामैक्रोबायोटस टार्डिग्रेड पर भी शोध किया गया, जो विकिरण और निर्वात में भी जीवित रह सकता है। पांचवें प्रयोग में इलेक्ट्रॉनिक डिस्प्ले के साथ मानव अंतःक्रिया का विश्लेषण किया गया। ICGEB ने एक और प्रयोग में सायनोबैक्टीरिया की विकास प्रक्रिया को समझा, जिसमें यूरिया और नाइट्रेट का तुलनात्मक असर देखा गया। एक अन्य प्रयोग में IIST और केरल कृषि विश्वविद्यालय ने बीजों की वृद्धि और उपज पर सूक्ष्मगुरुत्व का असर मापा।