Page Loader
नासा ने जारी की अक्टूबर महीने के स्टारगेजिंग इवेंट्स की सूची, जानिए क्या है खास
स्टारगेजर के लिए अक्टूबर एक व्यस्त महीना रहने वाला है (फोटो क्रेडिट: नासा)

नासा ने जारी की अक्टूबर महीने के स्टारगेजिंग इवेंट्स की सूची, जानिए क्या है खास

Oct 04, 2022
06:00 pm

क्या है खबर?

अगर आप अंतरिक्ष के प्रति रूझान रखते हैं तो अक्टूबर महीना आपको काफी ज्यादा व्यस्त रख सकता है। इस महीने अंतरिक्ष में कई ऐसी घटनाएं होंगी जो एक स्टारगेजर के लिए महत्वपूर्ण हो सकती हैं। नासा के मुताबिक, स्पेस में कई प्रमुख बदलाव होने वाले हैं, जैसे कि बृहस्पति और शनि पूरे महीने रात को आकाश में दिखाई देंगे तो मंगल अपनी दिशा बदलने वाला है। यह जानकारी नासा ने ट्वीट करते हुए दी है।

महत्व

अक्टूबर महीने में ग्रह बदलेंगे अपनी चाल

स्टारगेजिंग हमारे दैनिक जीवन के तनाव से दिमाग को मुक्त करने का एक शानदार तरीका है। शानदार नजारों के अलावा स्टारगेजिंग यह भी बताता है कि ब्रह्मांड की विशालता की तुलना में हम कितने छोटे हैं। इस जादुई बदलाव के लिए अक्टूबर एक अच्छा महीना है क्योंकि कई ग्रहों और तारों में बड़े परिवर्तन देखने को मिलेंगे। इसके लिए नासा ने एक लिस्ट भी बनाई है।

सबसे बड़े ग्रह

पूरे अक्टूबर में रात के दौरान आसमान में दिखेंगे बृहस्पति और शनि

बृहस्पति और शनि पूरे अक्टूबर में रात के दौरान आसमान में दिखाई देंगे। नासा के अनुसार, ये ग्रह शाम को दक्षिण-पूर्व में दिखाई देंगे। यह रात के समय तारों के साथ धीरे-धीरे पश्चिम की ओर बढ़ेंगे। यह दोनों ग्रह चमकीले तारे फोमलहौत के साथ एक त्रिकोण बनाएंगे। अंतरिक्ष एजेंसी के मुताबिक, इस तिकड़ी को देखते समय ध्यान दें कि ग्रह एक स्थिर प्रकाश के साथ कैसे चमकते हैं, जबकि तारा टिमटिमाता है।

मंगल

उलटी दिशा में चलेगा मंगल

नासा के मुताबिक, मंगल ग्रह पूरे साल पूर्व की ओर (सितारों के सापेक्ष) चलता रहा। अक्टूबर के अंत में मंगल इस दिशा में चलना बंद कर देगा और फिर विपरीत दिशा की ओर बढ़ने लगेगा। अगले तीन महीने नवंबर से जनवरी के अंत तक मंगल हर रात पश्चिम की ओर धीरे-धीरे बढ़ेगा। इसके बाद यह जनवरी के अंत में फिर से अपनी दिशा बदल देगा और पूर्व की ओर बढ़ने लगेगा।

उल्का बौछार

पूरे महीने दिखाई देगी ओरियनिड उल्का बौछार

इस महीने उल्का पिंड भी आकाश को सुशोभित करने में कसर नहीं छोडेंगे। नासा के मुताबिक, ओरियनिड उल्का बौछार पूरे अक्टूबर और नवंबर महीने में सक्रिय रहेगी। यह बौछारें 20 अक्टूबर की रात को अपने चरम पर होंगी। आमतौर पर जब यह बौछारें अपने चरम पर होती हैं तो यह प्रति घंटे 10 से 20 उल्काएं पैदा करती हैं। इसके अलावा इस साल चंद्रमा पूरी रातों में लगभग 20 फीसदी अधिक पूर्ण होगा।