LOADING...
जियो फोन यूजर्स को जल्द मिलेगी आरोग्य सेतु ऐप, नए वर्जन पर काम जारी

जियो फोन यूजर्स को जल्द मिलेगी आरोग्य सेतु ऐप, नए वर्जन पर काम जारी

May 07, 2020
12:37 pm

क्या है खबर?

भारत सरकार द्वारा लॉन्च की गई कोरोना वायरस (COVID-19) ट्रेकिंग ऐप को नौ करोड़ बार डाउनलोड कर लिया गया है। अब इस संख्या में जल्द ही तेजी से और इजाफा होने वाला है। दरअसल, सरकार आरोग्य सेतु के एक अलग वर्जन पर काम कर रही है, जिसके बाद यह रिलायंस जियो फोन पर भी काम करेगी। बता दें, हाल ही में स्वास्थ्य मंत्रालय ने IVRS के जरिये फीचर फोन के लिए भी यह ऐप उपलब्ध कराने की घोषणा की थी।

जानकारी

जियो फोन के लिए वर्जन पर हो रहा काम

हिंदुस्तान टाइम्स से बात करते हुए MyGov इंडिया के CEO अभिषेक सिंह ने कहा कि KaiOS ऑपरेटिंग सिस्टम के लिए आरोग्य सेतु का वर्जन बनाने पर काम चल रहा है। रिलायंस जियो फोन में इस ऑपरेटिंग सिस्टम का इस्तेमाल होता है।

बयान

लगभग 11 करोड़ लोगों के पास है जियो फोन

सिंह ने कहा, "हम जानते हैं कि भारत में 45-50 करोड़ स्मार्टफोन है और बड़ी संख्या में लोग फीचर फोन इस्तेमाल करते हैं। वहीं लगभग 11 करोड़ लोगों के पास जियो फोन हैं। इसलिए हम जियो फोन के लिए आरोग्य सेतु का अलग वर्जन तैयार कर रहे हैं। यह वर्जन आने के बाद 11 करोड़ और लोगों के पास यह ऐप पहुंच सकती है।" फीचर फोन के लिए यह ऐप IVRS (इंटरेक्टिव वॉइस रिस्पॉन्स सिस्टम) के जरिये उपलब्ध होगी।

Advertisement

IVRS

बिना स्मार्टफोन ऐसे लें आरोग्य सेतु की सेवाओं का फायदा

जानकारी के लिए बता दें कि आप बिना स्मार्टफोन भी आरोग्य सेतु की सेवाओं का फायदा उठा सकते हैं। इसके लिए आपको 1921 नंबर पर मिस कॉल करनी होगी। इसके बाद आपके पास फोन आएगा और आपकी सेहत से जुड़ी जानकारी ली जाएगी। यह जानकारी आरोग्य सेतु के डाटाबेस में डाली जाएगी। डाटाबेस में प्रोसेस होने के बाद आपको आगे की जानकारी दी जाएगी। इस जानकारी के आधार पर आप अगले कदम उठा सकते हैं।

Advertisement

जानकारी

जल्द रोल आउट होगा नया वर्जन

हालांकि, सिंह ने यह जानकारी नहीं दी कि इस वर्जन का निर्माण किस चरण में पहुंचा है और कब तक लोग इसका फायदा उठा पाएंगे। बताया जा रहा है कि सरकार जल्द से जल्द इसे रोल आउट करने के कोशिश में है।

अनिवार्यता

सभी सरकारी और प्राइवेट कर्मचारियों के लिए आरोग्य ऐप रखना जरूरी

कोरोना वायरस प्रकोप को देखते हुए सरकार ने सभी सरकारी और प्राइवेट कर्मचारियों के लिए आरोग्य सेतु ऐप को अनिवार्य कर दिया है। इसी तरह सेना ने भी पिछले महीने अपने सभी जवानों को यह ऐप डाउनलोड करने का आदेश दिया है। सिक्किम के साथ-साथ कई और राज्य सरकारों ने भी राज्य में बाहर से आने वाले हर व्यक्ति पर आरोग्य सेतु ऐप डाउनलोड करने की अनिवार्यता लागू की थी। इस ऐप से संक्रमण पर नजर रखी जा सकती है।

जानकारी

नोएडा में ऐप नहीं रखने पर हो सकती है सजा

नोएडा पुलिस ने आदेश जारी कर इलाके के सभी निवासियों के लिए यह ऐप डाउनलोड करना जरूरी कर दिया है। जांच में अगर किसी व्यक्ति के स्मार्टफोन में यह ऐप नहीं पाई जाती है तो यह दंडनीय अपराध माना जाएगा।

फैसला

नए स्मार्टफोन में पहले से आएगी आरोग्य सेतु

सरकार जल्द ही नए स्मार्टफोन के लिए आरोग्य सेतु को अनिवार्य कर सकती है। ऐसा होने के बाद किसी भी नए स्मार्टफोन को सेटअप कर इस्तेमाल करने से पहले यूजर को आरोग्य सेतु ऐप में रजिस्टर करना जरूरी हो जाएगी। कहा जा रहा है लॉकडाउन हटने के बाद बेचे जाने वाले सभी स्मार्टफोन में ऐसा करना अनिवार्य होगा। यानी स्मार्टफोन में पहले ही यह ऐप इंस्टॉल्ड होगी और इसकी रजिस्ट्रेशन प्रोसेस स्किप नहीं होगी।

तरीका

क्या है आरोग्य सेतु ऐप और कैसे करें इस्तेमाल?

आरोग्य सेतु को इस प्रकार से डिजाइन किया गया है कि यह यूजर को बता देती है कि वह किसी कोरोना वायरस संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आया है नहीं। इसकी ट्रेकिंग ब्लूटूथ और लोकेशन जनरेटेड ग्राफ के जरिये की जाती है। इसके जरिये ही यह आपके संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आने या न आने की जानकारी देती है। ऐप और इसके इस्तेमाल के तरीके के बारे में विस्तार से जानने के लिए आप यहां टैप कर सकते हैं।

Advertisement