उत्तर प्रदेश: 11 जिलों में पहले चरण का मतदान कल, 9 मंत्रियों की किस्मत दांव पर
क्या है खबर?
उत्तर प्रदेश में आठवीं विधानसभा के गठन के लिए गुरुवार को होने वाले पहले चरण के मतदान की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है।
इस चरण में पश्चिमी उत्तर प्रदेश और ब्रज क्षेत्र के 11 जिलों की 58 विधानसभा सीटों पर सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान होगा।
इसके लिए सभी पोलिंग पार्टियां आवंटित बूथों के लिए रवाना हो गई हैं। इस चरण में उत्तर प्रदेश सरकार के नौ मंत्रियों की किस्मत भी दांव पर रहेगी।
मतदान
2.27 करोड़ मतदाता करेंगे मताधिकार का उपयोग
अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ब्रह्मदेव राम तिवारी ने बताया कि 11 जिलों की 58 सीटों पर 2,27,83,739 मतदाता मताधिकार का उपयोग करेंगे। इनमें 1,23,31,251 पुरुष मतदाता, 1,04,51,053 महिला और 1,435 थर्ड जेंडर मतदाता हैं।
उन्होंने बताया कि चुनाव आयोग ने इन सीटों पर शांतिपूर्ण और भयमुक्त मतदान के लिए कुल 10,766 मतदान केंद्र और 25,849 मतदेय स्थल बनाए हैं। कोरोना महामारी के चलते किसी भी मतदान केंद्र पर 1,250 से अधिक मतदाता नहीं होंगे।
चुनाव
इन जिलों में होगा पहले चरण का मतदान
तिवारी ने बताया कि पहले चरण में शामली, बागपत, हापुड़ और गौतमबुद्ध नगर (नोएडा) जिले की तीन-तीन, गाजियाबाद और मथुरा की पांच-पांच, मुजफ्फरनगर की छह, मेरठ, बुलंदशहर और अलीगढ़ की सात-सात और आगरा की कुल नौ विधानसभा सीटों पर मतदान होगा।
उन्होंने बताया कि इन सीटों पर कुल कुल 623 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। सबसे ज्यादा 15-15 उम्मीदवार मुजफ्फरनगर और मथुरा सीटों पर हैं। सबसे कम पांच उम्मीदवार अलीगढ़ की इगलास सीट पर हैं।
जानकारी
152 प्रत्याशियों के खारिज हुए थे नामांकन- तिवारी
तिवारी ने बताया कि 58 विधानसभा सीटों पर शुरुआत में कुल 810 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया था, लेकिन जांच के बाद 152 उम्मीदवारों के नामांकन खारिज कर दिए गए। इसी तरह 35 उम्मीदवारों ने अपने नाम वापस ले लिए थे।
सीटें
इन विधानसभा सीटों पर होगा मतदान
तिवारी ने बताया पहले चरण में कैराना, थाना भवन, शामली, बुढ़ाना, चर्थवाल, पुरकाजी, मुजफ्फरनगर, खतौली, मीरापुर, सीवालखास, सरधना, हस्तिनापुर, किठोर, मेरठ कैण्ट, मेरठ दक्षिण, छपरौली, बड़ौत, बागपत, लोनी, मुरादनगर, साहिबाबाद, गाजियाबाद, मोदीनगर, धौलाना, हापुड़, गढ़मुक्तेश्वर, नोएडा, दादरी, जेवर, सिकन्दराबाद, बुलंदशहर, स्याना, अनूपशहर, डिबाई, शिकारपुर, खुर्जा में मतदान होगा।
इसी तरह खैर, बरौली, अतरौली, छर्रा, कोल, अलीगढ़, इग्लास, छाता, मांट, गोवर्धन, मथुरा, बलदेव, एत्मादपुर, आगरा कैण्ट, आगरा दक्षिण, आगरा उत्तर, आगरा ग्रामीण, फतेहपुर सीकरी, खैरागढ़, फतेहाबाद और बाह में मतदान होगा।
दांव
दांव पर है उत्तर प्रदेश सरकार के नौ मंत्रियों की किस्मत
पहले चरण के मतदान में उत्तर प्रदेश सरकार के नौ मंत्रियों की किस्मत दांव पर है।
इनमें चीनी उद्योग एवं गन्ना मंत्री सुरेश राणा, पशुधन मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी, ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा, व्यावसायिक शिक्षा मंत्री कपिल देव अग्रवाल, स्वास्थ्य राज्य मंत्री अतुल गर्ग, चिकित्सा शिक्षा राज्य मंत्री संदीप सिंह, समाज कल्याण राज्य मंत्री जीएस धर्मेश, वन राज्य मंत्री अनिल शर्मा और जलशक्ति मंत्री दिनेश खटीक शामिल हैं।
अन्य प्रमुख नामों में पूर्व राज्यपाल रहीं बेबी रानी मौर्य शामिल है।
जानकारी
2017 के पहले चरण के चुनाव में यह रही थी स्थिति
बता दें कि साल 2017 के विधानसभा चुनाव में पहले चरण के मतदान में भाजपा को बड़ी सफलता मिली थी। उस दौरान 58 सीटों में से भाजपा को 53, समाजवादी पार्टी और बसपा को दो-दो और राष्ट्रीय लोक दल ने एक सीट जीती थी।
सुरक्षा
चुनाव आयोग ने किए सुरक्षा के विशेष इंतजाम
तिवारी ने बताया कि पहले चरण के मतदान के दौरान राज्य में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अर्धसैनिक बलों की 412 कंपनियों के करीब 50,000 जवानों को विभिन्न स्थानों पर तैनात किया गया है।
उन्होंने बताया कि मुजफ्फरनगर, अलीगढ़ और मेरठ के अति संवेदनशील श्रेणी में होने के कारण वहां सबसे अधिक सुरक्षकर्मियों तैनात किए गए हैं। अकेले मथुरा में अर्धसैनिक बलों की दो दर्जन से अधिक कंपनियां तैनात की गई है। राज्य की सीमाएं पूरी तरह सील हैं।
ट्वीट
योगी आदित्यनाथ ने ट्वीट कर कही जीत सुनिश्चित होने की बात
पहले चरण के मतदान से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ एक फोटो ट्वीट करते हुए चुनाव में भाजपा की जीत सुनिश्चित होने की बात कही हैं।
उन्होंने ट्वीट में लिखा, 'पीड़ित, शोषित, दुखी बान्धवों के हमको हैं कष्ट मिटाने, डटे हुए हैं राष्ट्रधर्म पर सीना ताने। कदम निरंतर चलते जिनके, श्रम जिनका अविराम है। विजय सुनिश्चित होती उनकी, घोषित यह परिणाम है।' उनके इस ट्वीट के कई मायने निकाले जा रहे हैं।
कार्यक्रम
क्या है उत्तर प्रदेश का पूरा चुनाव कार्यक्रम?
चुनाव आयोग की ओर से घोषित किए गए कार्यक्रम के अनुसार उत्तर प्रदेश में सात चरणों में चुनाव होंगे।
इसके तहत 10 फरवरी, 14 फरवरी, 20 फरवरी, 23 फरवरी, 27 फरवरी, 3 मार्च और 7 मार्च को वोट डाले जाएंगे।
इसके बाद उत्तर प्रदेश और चार अन्य राज्यों की मतगणना 10 मार्च को होगी और उसी दिन परिणाम घोषित किए जाएंगे।
राज्य में भाजपा, कांग्रेस, सपा, बसपा समेत कई प्रमुख दल मैदान में हैं।