Page Loader
बिहार: प्याज का हार पहनकर विधानसभा पहुंचे विधायक, महंगी कीमत का किया विरोध

बिहार: प्याज का हार पहनकर विधानसभा पहुंचे विधायक, महंगी कीमत का किया विरोध

Nov 27, 2019
05:17 pm

क्या है खबर?

प्याज की आसमान छूती कीमतों ने आम लोगों के खाने का जायका बिगाड़ दिया है। देश के कई हिस्सों में कीमतें 100 रुपये प्रति किलोग्राम पहुंच गई है। बिहार के एक विधायक ने कीमतों का विरोध करने का नया तरीका अपनाया। राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के विधायक शिवचंद्र राम बुधवार को प्याज से बना हार पहनकर विधानसभा पहुंचे। वो इसके जरिए प्याज की बढ़ती कीमतों की तरफ सरकार का ध्यान दिलाना चाहते थे।

बयान

नीतीश सरकार पर बोला हमला

मीडियाकर्मियों से बात करते हुए राम नीतीश सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि महंगी कीमत के कारण प्याज लोगों के खाने से गायब हो गया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और कृषि मंत्री प्रेम कुमार बड़े-बड़े वादें करते हैं, लेकिन लोगों को राहत देने के लिए कुछ नहीं किया जा रहा। उन्होंने कहा, 'हार पहनकर विधानसभा जाएंगे तभी मुख्यमंत्री जी देखेंगे और हम बताएंगे कि किस तरह प्याज की बढ़ी कीमत से आम लोगों को परेशानी हो रही है।"

प्याज की कीमत

पटना में 80 रुपये प्रति किलो पहुंची प्याज की कीमत

बिहार की राजधानी पटना में इन दिनों 80 रुपये प्रति किलोग्राम के भाव से प्याज बिक रहा है। दाम बढ़ने की वजह से इसकी मांग भी प्रभावित हुई है। दुकानदारों का कहना है कि पहले वो रोजाना 40-50 किलोग्राम प्याज बेच देते थे, लेकिन दाम बढ़ने के कारण अब 10 किलोग्राम प्याज बेचना भी मुश्किल हो रहा है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में भी प्याज की कीमतों में कमी आने के आसार नजर नहीं आ रहे हैं।

कारण

बेमौसम बारिश से खराब हुई प्याज की फसल

व्यापारियों ने बताया कि नवंबर में हुई बेमौसम बरसात के कारण प्याज की फसलों को भारी नुकसान हुआ है। इसके चलते प्याज के दामों में इजाफा देखने को मिला है। आने वाले दिनों में दाम और ऊपर जा सकते हैं। प्याज के बड़े उत्पादक माने जाने वाले नासिक, अहमदनगर और पुणे में बेमौसम बारिश हुई है, जिससे प्याज की फसल को नुकसान पहुंचा है। फिलहाल अलग-अलग राज्यों में 60-90 प्रति किलो के हिसाब से प्याज बिक रहे हैं।

जानकारी

इन हिस्सों में होता है प्याज का सर्वाधिक उत्पादन

देश में कुल प्याज के उत्पादन का 90 फीसदी हिस्सा महाराष्ट्र, कर्नाटक, गुजरात, मध्य प्रदेश, राजस्थान, बिहार, उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल में होता है। इमने से अधिकतर राज्यों में हुई भारी बारिश की वजह से प्याज की पैदावार पर बुरा असर पड़ा है।