देशभर में बाढ़ से 500 लोगों की मौत, बिहार, गुजरात और केरल में सबसे अधिक असर
क्या है खबर?
देशभर में बाढ़ के प्रकोप में आकर अब तक 500 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कम से कम 100 लोग लापता हैं।
पिछले एक हफ्ते में ही केरल में 94, कर्नाटक में 54, महाराष्ट्र में 48 और ओडिशा में 8 लोगों के मरने की खबर है।
इससे पहले जुलाई और अगस्त के पहले हफ्ते के बीच बाढ़ के प्रकोप में आकर बिहार में 123, गुजरात में 98 और असम में 71 लोगों की मौत हुई थी।
आशंका
और बढ़ सकता है मौत का आंकड़ा
आधिकारिक सरकारी आंकड़ों में बाढ़ की भयावहता की ये तस्वीर सामने आई है।
सैकड़ों लोगों के अभी भी लापता होने के कारण प्रशासन को आशंका है कि मौत का आंकड़ा और बढ़ सकता है।
इस बीच राहत की खबर ये है कि ज्यादातर राज्यों में बाढ़ का स्तर घट रहा है।
लेकिन इस बीच भारतीय मौसम विभाग ने कुछ जगहों पर अगले 5 दिनों में भारी बारिश की चेतावनी दी है, जिससे स्थिति और खराब हो सकती है।
खतरा
केरल पर बना हुआ है खतरा
अभी केरल में बाढ़ से सबसे ज्यादा खतरा बना हुआ है।
राज्य के 14 जिले बाढ़ से प्रभावित हैं और कई जिलों में रेड अलर्ट है।
बारिश के कारण भूस्खलन ने स्थिति को और विकट कर दिया है और इससे बचाव कार्यों में रुकावट पैदा हो रही है।
करीब 2.2 लाख लोगों को बाहर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।
मौसम विभाग ने आगे भी भारी बारिश होने की भविष्यवाणी की है, जिससे स्थिति और खराब हो सकती है।
केरल बाढ़
मदद के लिए मोदी को फोन कर चुके हैं राहुल गांधी
केरल में बाढ़ का सबसे ज्यादा प्रभाव मलप्पुरम जिले में हुआ है जहां अब तक 31 लोगों की मौत हो चुकी है।
वहीं कोझिकोड में 17 और वायनाड में 12 लोगों की मौत बाढ़ के कारण हुई है।
वायनाड से कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को फोन करके बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए मदद की मांग भी की थी।
वह हालात का जायदा लेने के लिए इलाके के दो दिवसीय दौर पर भी आए थे।
कर्नाटक बाढ़
कर्नाटक में 4 लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया
केरल के पड़ोसी राज्य कर्नाटक में भी बाढ़ का असर कुछ कम नहीं है।
राज्य में अभी तक 4 लाख लोगों को बचाकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा चुका है।
इस बीच मौसम विभाग ने राज्य के सभी तटीय जिलों में भारी बारिश की भविष्यवाणी की है।
गृह मंत्री अमित शाह राज्य के बाढ़ प्रभावित इलाकों को हवाई दौरा कर चुके हैं।
वहीं, मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने राहत कार्यों के लिए केंद्र सरकार से 10,000 करोड़ रुपये मांगे हैं।
अन्य राज्य
अन्य राज्यों में सुधर रही परिस्थिति
इसके अलावा महाराष्ट्र, गुजरात, असम और बिहार में भी बाढ़ से जनजीवन और संपत्ति का भारी नुकसान हुआ है।
इनमें बिहार सबसे ज्यादा प्रभावित हुआ और राज्य में बाढ़ से कुल 123 लोगों की मौत हुई।
ओडिशा, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में भी बाढ़ से नुकसान की खबरें हैं।
लेकिन अब इन सभी राज्यों में परिस्थितियां सुधर रही हैं और मुख्य चिंता का विषय केरल और कर्नाटक की स्थिति है।