Page Loader
घर पर गाजर से सिर्फ हलवा ही नहीं, हलवा चीजकेक भी बनाएं; जानिए इसकी रेसिपी

घर पर गाजर से सिर्फ हलवा ही नहीं, हलवा चीजकेक भी बनाएं; जानिए इसकी रेसिपी

लेखन गौसिया
Dec 11, 2023
05:30 pm

क्या है खबर?

सर्दियों में हर घर में गाजर का हलवा बनना तो लाजमी है और हो भी क्यों न, यह बच्चों से लेकर बड़ों तक, हर किसी को बहुत पसंद आता है। आप इस बार गाजर के हलवे के साथ कुछ एक्सपेरिमेंट करके इसे यूनिक बना सकते हैं। आज हम आपको गाजर के हलवे को चीजकेक के साथ मिलाकर एक नए फ्यूजन मिठाई की स्टेप-बाय-स्टेप रेसिपी बताएंगे। इन सर्दियों में आपको इसे जरूर बनाना चाहिए।

सामग्रियां

गाजर का हलवा चीजकेक के लिए इन सामग्रियों की पड़ेगी जरूरत

गाजर के हलवे के लिए: आपको चाहिए 5 बड़ी चम्मच तेल या घी, 512 ग्राम कद्दूकस की हुई गाजर, आधा कप भीगी हुई किशमिश, 4-5 काजू और पिस्ता, 2 बड़ी चम्मच चीनी, 2 कप बादाम का आटा, 1.5 चम्मच पिसी हुई इलायची और 1 बड़ी चम्मच अलसी का पाउडर। चीजकेक के लिए: आपको चाहिए 1 कप भीगे हुए काजू, 500 मिलीलीटर गाय का दूध, आधा कप चीनी, आधी चम्मच वेनिला अर्क, 1 चम्मच नींबू का रस और आधी चम्मच नमक।

स्टेप-1

ऐसे बनाएं गाजर का हलवा

सबसे पहले एक पैन में तेल या घी गर्म करके उसमें नमक और कद्दूकस की हुई गाजर डालकर अच्छे से मिलाएं। इसे तब तक पकाएं, जब तक कि गाजर का रंग बदलने न लगे, फिर इसमें चीनी, इलायची, काजू और पिस्ता डालकर कुछ देर तक और पकाएं। इसके बाद इस मिश्रण में बादाम का आटा मिलाकर इसे ढककर पकाएं। आखिर में इसमें किशमिश और अलसी का आटा मिलाकर कुछ देर तक पकाने के बाद अलग रख दें।

स्टेप-2

ऐसे बनाएं चीजकेक 

चीजकेक के लिए 9 इंच के केक पैन में पार्चमेंट पेपर बिछाएं और फिर इसमें गाजर का हलवा डालकर अच्छे से फैला दें। अब एक ब्लेंडर में काजू, चीनी, वेनिला अर्क, दूध, नींबू का रस और नमक मिलाकर इसे ब्लेंड कर लें। थोड़ी-थोड़ी देर बाद ब्लेंडर चलाते रहें, जब तक इसका मिश्रण चिकना न हो जाए। इस बीच ब्लेंडर में चीनी भी मिला लें। आखिर में चीजकेक के इस मिश्रण को हलवे के ऊपर डालकर अच्छी तरह फैला दें।

स्टेप-3

ऐसे दें हलवा चीजकेक को अंतिम रूप

गाजर के हलवे के ऊपर चीजकेक के मिश्रण को डालने के बाद गार्निशिंग के लिए इसके ऊपर मेवे डाल दें। इसके बाद इस केक पैन को 2-3 घंटे के लिए फ्रीजर में रख दें ताकि यह अच्छे से सेट हो जाए और जम जाए। आखिर में सेट होने के बाद गाजर के हलवे से बने चीजकेक को फ्रीजर से निकालें और चाकू की मदद से इसे अपनी इच्छानुसार आकार में काट लें। गाजर के परांठे की रेसिपी को भी आजमाएं